App

सत्ता मिली, नेता छूटे, मुश्किलें बढ़ीं... 14 साल बाद AAP के सामने कितनी बड़ी चुनौती? कोंडली विधायक से Exclusive बातचीत

अन्ना हजारे आंदोलन से आम आदमी पार्टी के गठन और सत्ता तक के 14 साल के सफर पर कोंडली विधायक कुलदीप कुमार से खास बातचीत. केजरीवाल का नेतृत्व, पार्टी की विचारधारा, नेताओं की बगावत, दिल्ली की हार और पंजाब के भविष्य पर उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी.

सत्ता मिली, नेता छूटे, मुश्किलें बढ़ीं... 14 साल बाद AAP के सामने कितनी बड़ी चुनौती? कोंडली विधायक से Exclusive बातचीत
Image Credit: अरविंद केजरीवाल के साथ कोंडली विधायक कुलदीप कुमार

किसी भी राजनीतिक पार्टी की कहानी सिर्फ चुनावी जीत और हार से नहीं लिखी जाती. उसके पीछे एक आंदोलन होता है, विचारधारा होती है, संघर्ष होता है और कुछ ऐसे चेहरे होते हैं, जो पार्टी बनने से पहले ही उस सफर का हिस्सा बन जाते हैं. 2011 में दिल्ली के रामलीला मैदान से उठा भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन देश की राजनीति में एक बड़े बदलाव की शुरुआत बना. इसी आंदोलन से निकली आम आदमी पार्टी ने 2012 में सियासत की दुनिया में कदम रखा. देखते ही देखते दिल्ली से पंजाब तक पार्टी ने अपनी राजनीतिक जमीन तैयार की. लेकिन 14 साल के इस सफर में पार्टी ने जितनी बड़ी कामयाबियां देखीं, उतने ही मुश्किल दौर और चुनौतियों का भी सामना किया.

अब आम आदमी पार्टी अपने 15वें साल में प्रवेश कर रही है. इस खास मौके पर हमने बात की कोंडली से विधायक और दिल्ली प्रदेश के उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार से. कुलदीप कुमार उन नेताओं में शामिल हैं, जिन्होंने अन्ना आंदोलन के दौर से अरविंद केजरीवाल का साथ दिया और पार्टी के शुरुआती संघर्ष से लेकर सत्ता के सफर तक को करीब से देखा है.

इस खास बातचीत में हमने उनसे जानने की कोशिश की कि आंदोलन से निकली पार्टी सत्ता तक कैसे पहुंची? क्या 14 साल बाद भी आम आदमी पार्टी अपनी मूल विचारधारा पर कायम है? दिल्ली की राजनीति से पंजाब की सत्ता तक पहुंचने के सफर में क्या बदला? किन फैसलों पर गर्व है और किन चुनौतियों ने पार्टी को सबसे ज्यादा मुश्किल में डाला? आइए, इस सवाल-जवाब के जरिए समझते हैं आम आदमी पार्टी के 14 साल का सफर, एक ऐसे नेता की नजर से, जिसने इस कहानी को बाहर से नहीं, बल्कि भीतर रहकर जिया है.

सवाल: जब 2012 में आम आदमी पार्टी बनी थी, तब क्या आपने कल्पना की थी कि यह पार्टी इतनी जल्दी सत्ता तक पहुंचेगी? क्या आज की AAP उस सपने जैसी है जिसकी आपने शुरुआत की थी?

जवाब: आम आदमी पार्टी जिस आंदोलन से निकली थी, उसका उद्देश्य व्यवस्था परिवर्तन था. हमारा सपना था कि देश में ऐसी व्यवस्था बने, जिसमें राजनीति का केंद्र शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दे हों और मुद्दों की राजनीति को प्राथमिकता दी जाए. इसी विजन को लेकर हम आगे बढ़े थे.

हालांकि, हमने कभी कल्पना नहीं की थी कि पार्टी इतनी जल्दी इस मुकाम तक पहुंच जाएगी. लेकिन आम आदमी पार्टी ने जिस तरह से काम किया और हमारे नेता अरविंद केजरीवाल जी ने जनता से किए वादों को जमीन पर उतारा, उससे लोगों का भरोसा हमारे साथ जुड़ता गया. दिल्ली की जनता ने पहली बार में ही हमें 28 सीटें देकर अपना समर्थन दिया. दूसरी बार तो 70 में से 67 सीटों पर जीत दिलाकर हमारे विजन पर अपनी मुहर लगा दी. यह उस सोच और कामकाज पर दिल्ली की जनता का भरोसा था, जिसे लेकर हम राजनीति में आगे बढ़े थे.

सवाल: अगर अन्ना आंदोलन के समय के अरविंद केजरीवाल और आज के अरविंद केजरीवाल को आमने-सामने बैठा दिया जाए, तो दोनों के बीच सबसे बड़ा वैचारिक अंतर क्या होगा?

जवाब: देखिए, यही बात अरविंद केजरीवाल जी को खास बनाती है कि उनकी वैचारिक सोच में कभी बदलाव नहीं आया. भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन के दौरान जिस दृढ़ निश्चय के साथ उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी, आम आदमी पार्टी आज भी उसी विचारधारा और संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है.

हम जिस मॉडल की परिकल्पना लेकर चले थे, वह ऐसा मॉडल था जहां हर व्यक्ति को समान शिक्षा का अधिकार मिले, सबको बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें और राजनीति का केंद्र जनता के बुनियादी मुद्दे हों. बिजली, पानी, शिक्षा और सड़क जैसे सवालों को प्राथमिकता दी जाए. अरविंद केजरीवाल जी का विजन आज भी वही है.

मुझे नहीं लगता कि दस साल पहले के अरविंद केजरीवाल जी और आज के अरविंद केजरीवाल जी की वैचारिक सोच में कोई अंतर आया है. उनकी मूल विचारधारा आज भी वही है. हां, यह जरूर है कि समय के साथ उनका अनुभव बढ़ा है और उनकी सोच और मजबूत हुई है. एक राजनीतिक पार्टी के रूप में और दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने लंबा समय दिया है. इस दौरान उनके अनुभव ने उस विचार को और मजबूती दी है कि देश में ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिसमें सरकारें जनता के प्रति जवाबदेह हों.

इसलिए मेरा मानना है कि अरविंद केजरीवाल जी की मूल वैचारिक प्रतिबद्धता आज भी वही है, जिसके साथ उन्होंने भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से अपनी यात्रा शुरू की थी.

सवाल: AAP की स्थापना के वक्त पार्टी में कई चेहरे थे, लेकिन आज उसकी पहचान मुख्य रूप से केजरीवाल से जुड़ी है. क्या पार्टी ने अपने दूसरे नेताओं को कभी बड़ा होने का मौका ही नहीं दिया?

जवाब: जब कोई राजनीतिक पार्टी बनती है तो उसमें लोग आते भी हैं और जाते भी हैं. जिन लोगों की विचारधारा पार्टी की विचारधारा से मेल खाती है, वे उसके साथ आगे बढ़ते हैं. वहीं, जिनकी सोच और विचारधारा मेल नहीं खाती, वे लंबे समय तक साथ नहीं चल पाते. कुछ लोग अपने निजी स्वार्थों के लिए राजनीति करते हैं और जहां उन्हें अपना स्वार्थ पूरा होता दिखाई देता है, वे वहां चले जाते हैं. यह राजनीतिक प्रक्रिया का हिस्सा है और ऐसा हर पार्टी में होता है.

लेकिन सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि अरविंद केजरीवाल जी पार्टी का एक लोकप्रिय चेहरा जरूर हैं. दिल्ली ही नहीं, देशभर में लोग उन्हें पसंद करते हैं और उनके काम को सराहते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि आम आदमी पार्टी में नेतृत्व का कोई दूसरा चेहरा नहीं है या पार्टी सिर्फ एक व्यक्ति के भरोसे चलती है.

आम आदमी पार्टी एक बड़े संगठन के रूप में काम करती है, जिसमें जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक सभी की भूमिका है. इन सभी लोगों के सामूहिक प्रयासों से ही पार्टी बनती है. यही आम आदमी पार्टी की खासियत भी है. मैं खुद एक सामान्य परिवार से आने वाला साधारण कार्यकर्ता हूं. पार्टी ने मुझे मौका दिया और आज मैं दो बार विधायक बनकर सदन में पहुंचा हूं.

सवाल: राघव चड्ढा समेत कई सांसदों का बीजेपी में जाना क्या सिर्फ राजनीतिक अवसरवाद का मामला है या AAP के भीतर भी कुछ ऐसा बदला है, जिसकी वजह से पुराने साथी साथ छोड़ रहे हैं?

जवाब: मैं इसे अवसरवाद नहीं कहूंगा, बल्कि डर का मामला कहूंगा. यह ईडी और सीबीआई का डर है. कहते हैं न, 'डर का मामला है दिलबर!' जब किसी व्यक्ति की आर्थिक और सामाजिक स्थिति मजबूत हो जाती है, उसका परिवार बड़ा हो जाता है और उसके पास खोने के लिए बहुत कुछ होता है, तो वह डरने लगता है. मुझे लगता है कि कुछ लोग इसी डर के आगे झुक गए. वे ईडी और सीबीआई से डर गए और जिन्होंने डरकर रास्ता बदल लिया, वे गद्दार कहलाए.

देखिए, जब देश की आजादी की लड़ाई शुरू हुई थी, उस समय भी अंग्रेजों ने लोगों को खूब डराया था. लेकिन जो लोग डटे रहे, संघर्ष करते रहे और आगे बढ़कर लड़े, वे स्वतंत्रता सेनानी कहलाए. वहीं, जिन्होंने डरकर घुटने टेक दिए, उन्हें गद्दार कहा गया. इसलिए मैं कहूंगा कि राजा चड्ढा गद्दार हैं. आज भी आम आदमी पार्टी के जो लोग इस मिशन के साथ आगे बढ़ रहे हैं, वे एक लड़ाई लड़ रहे हैं. पार्टी को बने करीब 14 साल होने जा रहे हैं और यह संघर्ष देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ है. साथ ही, उन ताकतों के खिलाफ भी है जो देश की संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही हैं.

सवाल: सवाल यह पैदा होता है कि जब वे आम आदमी पार्टी में थे, तब उन्होंने ऐसी कौन-सी गतिविधियां की थीं, जिनकी वजह से उन्हें ईडी और सीबीआई का डर सताने लगा?

जवाब: आपको सब पता है कि किस तरह शराब घोटाले के नाम पर एक कथित झूठा और फर्जी केस बनाया गया. इसी मामले में अरविंद केजरीवाल जी को छह महीने तक जेल में रहना पड़ा और मनीष सिसोदिया जी को 18 महीने जेल में बिताने पड़े.

आपको यह भी पता है कि ईडी के कानून और उसकी प्रक्रिया के तहत भी लंबे समय तक जेल में रहने की स्थिति बन सकती है. जब अरविंद केजरीवाल जी, मनीष सिसोदिया जी, सत्येंद्र जैन जी और संजय सिंह जी जैसे नेताओं को लंबे समय तक जेल में रहना पड़ा, तो स्वाभाविक है कि दूसरे नेताओं के मन में भी यह डर पैदा हुआ होगा कि कहीं अगला नंबर उनका न हो जाए.

हमारा मानना है कि यह पूरा मामला शुरू से ही फर्जी और झूठा था. आखिरकार अदालत ने भी मामले को ट्रायल के लायक नहीं माना और आरोपों को खारिज कर दिया. यह अरविंद केजरीवाल जी की ईमानदारी और आम आदमी पार्टी की राजनीतिक लड़ाई का प्रमाण है, लेकिन कुछ लोग जेल जाने के डर से पीछे हट गए. मैं कहता हूं कि अगर वे भी डटकर इस लड़ाई में खड़े रहते, तो आज आम आदमी पार्टी के साथ होते और पार्टी के नेता होते. लेकिन वे डर गए और इसी वजह से उन्होंने पार्टी का साथ छोड़ दिया.

सवाल: दिल्ली में हार के बाद AAP के सामने सबसे बड़ा सवाल अपनी खोई हुई जमीन वापस पाने का है. क्या पार्टी के पास दिल्ली और पंजाब से आगे भी कोई मजबूत राजनीतिक एजेंडा बचा है?

जवाब: नहीं, देखिए, दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने कभी अपनी जमीन खोई ही नहीं. जमीन तो धोखे और फ्रॉड के जरिए हमसे छीनी गई थी. लेकिन जिस धोखे से यह सब हुआ, उसकी सच्चाई अब जनता के सामने आ चुकी है. इसलिए इसे खोई हुई जमीन वापस पाने की बात कहना ही गलत होगा. वह जमीन हमारी थी, हमारी है और हमारी ही रहेगी.

दिल्ली के लोग आज भी अरविंद केजरीवाल जी और आम आदमी पार्टी से प्यार करते हैं. जिस छोटी-सी पार्टी के पास शुरुआत में अपना चुनाव चिह्न तक नहीं था, दिल्ली की जनता ने उसे कहां से कहां पहुंचा दिया. आम आदमी पार्टी दिल्ली के आम लोगों के दिलों से जुड़ी पार्टी है. यही वजह है कि आज भी दिल्ली में पार्टी की मजबूत पहचान और एक बड़ा वोट बैंक है.

आप सोचिए, भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बावजूद आम आदमी पार्टी के वोट शेयर में महज दो प्रतिशत का अंतर रहा. यह इस बात का संकेत है कि दिल्ली में आज भी आम आदमी पार्टी का जनाधार मजबूत है.

सवाल: अगर 2027 में पंजाब में AAP की सत्ता चली जाती है, तो क्या यह मान लें कि आम आदमी पार्टी ने अपने पाई हुई जमीन को खो दिया है.

जवाब: अब आप हमसे क्या उम्मीद करते हैं? आम आदमी पार्टी महज 13 साल पुरानी पार्टी है. क्या आप चाहते हैं कि इतनी छोटी-सी पार्टी एक बार में ही पूरे देश में अपनी जगह बना ले? आप भारतीय जनता पार्टी को देखिए, उसका गठन 1980 में हुआ था. कांग्रेस की स्थापना 1885 में हुई थी. इन पार्टियों को सत्ता तक पहुंचने और देशभर में अपना संगठन खड़ा करने में कितना लंबा समय लगा.

आम आदमी पार्टी तो देश की सबसे तेजी से आगे बढ़ने वाली राजनीतिक पार्टियों में से एक है. महज 13 साल के भीतर हमने देश के अलग-अलग हिस्सों में अपने चुनाव चिह्न और अरविंद केजरीवाल जी के नाम की पहचान पहुंचाई है.

और ऐसा नहीं है कि आम आदमी पार्टी की राजनीति सिर्फ दिल्ली तक सीमित है. दिल्ली में हम दो बार सरकार बना चुके हैं और आज पंजाब में हमारी सरकार है. गुजरात में पिछले चुनाव में हमें 15 प्रतिशत से ज्यादा वोट मिले थे. गोवा में भी हमने चुनाव लड़ा और वहां करीब 6 प्रतिशत वोट हासिल किए.

मैं पूरी जिम्मेदारी के साथ कह रहा हूं कि दिल्ली और पंजाब के साथ-साथ गुजरात और गोवा में भी आम आदमी पार्टी एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभर रही है. इसे किसी पार्टी की सफलता या असफलता के आकलन में जरूर ध्यान में रखना चाहिए.

सवाल: 15 साल बाद अगर AAP के सफर को तीन शब्दों में बताना हो, तो वे तीन शब्द क्या होंगे और किस उपलब्धि या गलती पर आपको सबसे ज्यादा गर्व या अफसोस है.

जवाब: आम आदमी पार्टी की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि हम अपनी विचारधारा से कभी पीछे नहीं हटे. हम पूरी मजबूती के साथ अपने सिद्धांतों पर डटे रहे. हमारी मूल विचारधारा भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन से निकली थी. हमने हमेशा भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई और काम की राजनीति को प्राथमिकता दी. हमने अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया.

दूसरी बड़ी बात यह है कि हमने अरविंद केजरीवाल जी के नेतृत्व और अपने राजनीतिक संकल्प से भी समझौता नहीं किया. हमें जेल जाना पड़ा, हम गए. हमारे चार बड़े नेता जेल में रहे, लेकिन हम अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटे. भारतीय जनता पार्टी की ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों के दबाव और कथित तानाशाही के आगे आम आदमी पार्टी झुकी नहीं.

और तीसरी सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि तमाम चुनौतियों और संघर्षों के बावजूद आम आदमी पार्टी आज भी मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है. हमारा संगठन लगातार विस्तार कर रहा है और हमें पूरा विश्वास है कि आने वाले समय में आम आदमी पार्टी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनकर उभरेगी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tahir Kamran

Tahir Kamran

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो