SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

543 से 850 सीटें... संसद का बदलेगा सियासी नक्शा! किस राज्य की बढ़ेगी ताकत, किसकी घटेगी हिस्सेदारी? 21 सवालों में समझिए परिसीमन की ABCD

परिसीमन से लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर 850 तक हो सकती हैं. जानिए जनगणना, उत्तर-दक्षिण विवाद, महिला आरक्षण, राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी और आपके निर्वाचन क्षेत्र पर इसका संभावित असर.

Written By Tahir Kamran
Published: Nov 27, 2026, 00:12 IST | Updated: Nov 27, 2026, 00:40 IST
Image Credit: Ai की मदद से बनाई गई तस्वीर
Join

देश की सियासत में इन दिनों एक ऐसी प्रक्रिया चर्चा का विषय बनी हुई है, जो आने वाले वर्षों में देश की सियासत का पूरा गणित बदल सकती है. इसका नाम है परिसीमन यानी Delimitation. यह वह प्रक्रिया है, जिसका असर सिर्फ राजनीतिक दलों या सिर्फ नेताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आम जनता के राजनीतिक सीमाएं भी बदल जाएंगी. इस प्रक्रिया के बाद आपका सांसद बदल सकता है और संसद में आपके राज्य की राजनीतिक हिस्सेदारी भी प्रभावित हो सकती है. क्योंकि इसमें लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 तक करने का प्रावधान है.

बात सिर्फ लोकसभा की सीटों पर खत्म नहीं होती. सवाल यह भी है कि अगर सीटें बढ़ीं तो किस राज्य की राजनीतिक ताकत बढ़ेगी और किसकी हिस्सेदारी में कटौती हो सकती है? इस खबर में हम परिसीमन से जुड़े आपके तमाम सवालों को जवाब देंगे. हम बताएंगे कि परिसीमन क्या है? इसकी जरूरत क्यों पड़ती है? भारत में अब तक कितनी बार परिसीमन हुआ है? उत्तर और दक्षिण भारत के बीच इसको लेकर विवाद क्यों है? और सबसे बड़ा सवाल, क्या परिसीमन के बाद संसद में राज्यों की ताकत का संतुलन बदल जाएगा?

सवाल: परिसीमन क्या है और इसकी जरूरत क्यों पड़ती है?

जवाब: परिसीमन वह प्रक्रिया है, जिसके तहत लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सरहदें तय होती हैं. यानी यह तय करना कि कौन सा गांव, शहर या इलाका किस चुनाव क्षेत्र में आएगा और किस क्षेत्र से कितने प्रतिनिधि चुने जाएंगे. आपका क्षेत्र अभी जिस विधानसभा या लोकसभा में आता है, जरूरी नहीं है कि परिसीमन के बाद भी उसी क्षेत्र में बना रहे. इस दौरान सभी क्षेत्रों को आबादी के लिहाज से फिर से बांटा जाता है.

सवाल: परिसीमन कौन करता है?

जवाब: परिसीमन के अलग से एक आयोग यानी कमीशन का गठन किया जाता है. इस आयोग का नेतृत्व सुप्रीम कोर्ट के किसी रिटायर्ड जज करते हैं. इसके अलावा इस आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त, उनके प्रतिनिधि और राज्यों के चुनाव आयुक्त भी शामिल होते हैं.

सवाल: सरकार परिसीमन के जरिए क्या बदलना चाहती है?

जवाब: परिसीमन बिल के जरिए लोकसभा में अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाना चाहती है. साथ ही राज्यों को प्रतिनिधित्व को फिर से तय करना चाहती है.

सवाल: लोकसभा की सीटें कितनी बढ़ सकती हैं?

जवाब: अप्रैल 2026 में पेश संविधान (131वां संशोधन) विधेयक में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव था. यह मौजूदा 543 सीटों से काफी ज्यादा है, लेकिन 850 सीटों का प्रस्ताव कानून नहीं बना है.

सवाल: क्या परिसीमन का असर राज्यसभा की सीटों पर भी पड़ेगा?

जवाब: लोकसभा और विधानसभा के परिसीमन से राज्यसभा की सीटों का बंटवारा अपने आप नहीं बदलता. राज्यसभा में राज्यों को मिलने वाली सीटें अलग संवैधानिक व्यवस्था के तहत तय होती हैं.

सवाल: परिसीमन किस जनगणना के आधार पर होगा?

जवाब: अगर वर्तमान संवैधानिक व्यवस्था को देखें, तो 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े के आधार पर परिसीमन का रास्ता खुलेगा. हालांकि, अप्रैल 2026 में सरकार ने जो प्रस्ताव पेश किया था, उसमें 2011 में हुई जनगणना के आधार पर परिसीमन की बात थी.

सवाल: महिला आरक्षण का परिसीमन से क्या संबंध है?

जवाब: 2023 में संसद ने महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देने का कानून बनाया था, लेकिन इसे लागू करने की प्रक्रिया जनगणना और परिसीमन से जुड़ी हुई है. यानी परिसीमन पूरा होने के बाद ही महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता खुलेगा.

सवाल: उत्तर और दक्षिण भारत के बीच विवाद क्यों है?

जवाब: परिसीमन को लेकर उत्तर और दक्षिण में विवाद की असली वजह आबादी है. उत्तर भारत के कई राज्यों की आबादी तेजी से बढ़ी है, जबकि दक्षिण भारत के राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर काम किया है. अब डर यह है कि अगर सीटों का बंटवारा आबादी के हिसाब से हुआ तो उत्तर भारत को ज्यादा सीटें मिल सकती हैं और दक्षिण भारत की संसद में हिस्सेदारी कम हो सकती है.

सवाल: क्या परिसीमन के बाद हर राज्य की सीटें बढ़ेंगी?

जवाब: यह जरूरी नहीं है कि परिसीमन के बाद हर राज्य की सीटों में इजाफा ही हो. यह इस बात पर निर्भर करेगा कि सीटों के बंटवारे का कौन सा फॉर्मूला अपनाया जाता है. कुछ राज्यों की सीटें ज्यादा बढ़ सकती हैं, कुछ की कम और कुछ राज्यों की कुल हिस्सेदारी कम भी हो सकती है.

सवाल: अप्रैल 2026 में पेश परिसीमन बिल का क्या हुआ?

जवाब: सरकार ने अप्रैल 2026 में संविधान संशोधन बिल पेश किया था, लेकिन लोकसभा में इसे जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला. इसलिए यह बिल पास नहीं हो सका. अब केंद्र सरकार इसको फिर से ला सकती है.

सवाल: भारत में अब तक कितनी बार परिसीमन आयोग बना है?

जवाब: आजादी के बाद से अब तक देश में चार बार परिसीमन आयोग बनाया गया है. पहला 1952 में, दूसरा 1963 में, तीसरा 1973 में और चौथा 2002 में बनाया गया था.

सवाल: आखिरी बार भारत में परिसीमन कब हुआ था?

जवाब: भारत में आखिरी बार बड़ा परिसीमन 2002 में बने आयोग ने किया था. यह परिसीमन 2001 में हुई जनगणना के आधार पर किया गया था. इस आयोग के आदेश साल 2008 से देशभर में लागू हुए थे. इस परिसीमन के दौरान विधानसभा क्षेत्रों में बदलाव हुआ था. हालांकि, लोकसभा सीटों में कोई बदलाव नहीं हुआ था.

सवाल: 1971 की जनगणना के आधार पर सीटों का बंटवारा कब तक स्थिर रखा गया है?

जवाब: 1976 में सरकार ने संविधान में बदलाव करके लोकसभा में राज्यों की सीटों का बंटवारा 1971 की जनगणना के आधार पर स्थिर कर दिया गया था. बाद में इसे बढ़ाकर यह तय किया गया कि 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना के आंकड़े सामने आने के बाद तक के लिए स्थिर कर दिया गया था. यही वजह है कि राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे में अब तक 1971 के आंकड़े ही आधार बने हुए हैं.

सवाल: क्या परिसीमन के लिए संसद की मंजूरी जरूरी है?

जवाब: हां, परिसीमन आयोग बनाने और उसे अधिकार देने के लिए संसद कानून बनाती है. अगर संविधान में बदलाव करना जरूरी हो, तो उसके लिए संसद में एक खास बहुमत चाहिए होता है.

सवाल: क्या परिसीमन आयोग के फैसले को चैलेंज किया जा सकता है?

जवाब: नहीं, परिसीमन आयोग के आदेशों को अदालत में चैलेंज नहीं किया जा सकता. संविधान की धारा 329(a) में यह प्रावधान है. हालांकि, ऐसा भी नहीं है कि हर तरह के संवैधानिक विवाद पर अदालत का रास्ता पूरी तरह बंद नहीं हो जाता. कुछ विशेष परिस्थितियों में अदालत में भी चैलेंज किया जा सकता है.

उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और राजस्थान को कितना फायदा हो सकता है?

जवाब: हां, अगर परिसीमन का आधार आबादी तय की जाती है, तो फिर इन राज्यों को निश्चित तौर पर फायदा मिलेगा. हालांकि, इस बारे में अभी कुछ भी कहना मुश्किल है, इसके लिए अंतिम फॉर्मूला और परिसीमन आयोग का फैसला जरूरी होगा.

सवाल: तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश को क्या नुकसान हो सकता है?

जवाब: इन राज्यों की समस्या आबादी है, क्योंकि इन राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण पर अच्छा काम किया है. ऐसे में अगर परिसीमन आबादी को आधार बनाकर किया जाता है.

सवाल: अगर लोकसभा में 850 सीटें हो गईं तो बहुमत का आंकड़ा कितना होगा?

जवाब: अगर लोकसभा की सभी 850 सीटें भरी हुई हैं तो बहुमत के लिए कम से कम 426 सांसदों का समर्थन चाहिए होगा. अभी 543 सीटों वाली लोकसभा में बहुमत का आंकड़ा 272 है.

सवाल: क्या ज्यादा सीटें मिलने से किसी राज्य को केंद्र से ज्यादा पैसा मिलेगा?

जवाब: किसी राज्य के पास ज्यादा सांसद होने से ज्यादा पैसा मिलने को सीधे तौर पर हां नहीं कहा जा सकता. लेकिन केंद्र से मिलने वाला पैसा केवल लोकसभा सीटों की संख्या के आधार पर तय नहीं होता. इसमें वित्त आयोग और दूसरी सरकारी योजनाओं के नियम भी लागू होते हैं.

सवाल: क्या महिला आरक्षण लागू होने पर हर राज्य में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए होंगी?

महिला आरक्षण कानून के तहत लोकसभा और विधानसभा में करीब एक-तिहाई सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी, लेकिन यह आरक्षण परिसीमन के बाद लागू होगा. किन सीटों को महिलाओं के लिए आरक्षित किया जाएगा, यह तय करने के लिए अलग प्रक्रिया होगी.

सवाल: क्या 2029 का लोकसभा चुनाव नए परिसीमन के आधार पर हो सकता है?

जवाब: यह इस बात पर निर्भर करेगा कि जनगणना के आंकड़े कब तक आते हैं और परिसीमन की प्रक्रिया कब पूरी होती है. अप्रैल 2026 में सरकार ने 2029 के चुनाव से पहले बदलाव की तैयारी के तहत प्रस्ताव पेश किया था, लेकिन विधेयक पास नहीं हो सका. इसलिए नए परिसीमन के आधार पर 2029 का चुनाव होना अभी तय नहीं है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES