चीन- PAK की टेंशन बढ़ाएगी भारत की 'नई' सड़क, दुश्मन चाहकर भी नहीं काट पाएगा लद्दाख की सप्लाई लाइन! PM करेंगे उद्घाटन
भारत ने लद्दाख में 12 महीने कनेक्टिविटी प्रदान करने वाली 'नई' रणनीतिक सड़क बना ली है. तनाव या युद्ध के हालात में भी दुश्मन इस सड़क को काट नहीं पाएगा. पीएम मोदी 15 अक्टूबर को इस सड़क को देश को समर्पित करेंगे.
पीएम नरेंद्र मोदी आज यानी 15 अक्टूबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिमाचल प्रदेश और लद्दाख को जोड़ने वाली रणनीतिक रूप से बेहद अहम निम्मू-पदम-दारचा रोड देश को समर्पित करेंगे. इस सड़क के बनने से लद्दाख क्षेत्र में चीन और पाकिस्तान के खिलाफ भारत की स्थिति और मजबूत होने जा रही है. जंग के हालात में दुश्मन चाहकर भी भारत की कनेक्टिविटी को काट नहीं सकेगा. इसकी वजह ये है कि ये सड़क सरहद से काफी दूर आंतरिक क्षेत्र में बनाई गई है. जिससे यह आर्टिलरी शेलिंग और दुश्मन की नजरों से काफी दूर रहेगी.
भारत ने लद्दाख में तैयार किया नया रणनीतिक मार्ग
लद्दाख क्षेत्र में चीन से बढ़ते खतरे को देखते हुए भारत ने लद्दाख तक पहुंचने के लिए एक नया सड़क मार्ग तैयार किया है. इस नए सड़क मार्ग की लंबाई करीब 298 किलोमीटर है. यह रणनीतिक सड़क लद्दाख के निम्मू को हिमाचल प्रदेश के दारचा से जोड़ेगी. इस निम्मू-पदम-दारचा रोड से न केवल सेना की आवाजाही और रसद आपूर्ति मजबूत होगी बल्कि लोगों को मनाली से लद्दाख में 12 महीने आवाजाही के लिए एक और वैकल्पिक मार्ग मिल जाएगा. यह सड़क चीन के मुकाबले भारत की सैन्य तैयारियों को और मजबूत कर देगी. आइए, 8 अहम सवालों के जरिए इसकी अहमियत समझते हैं-
1. क्या है निम्मू-पदम-दारचा रोड और यह किन इलाकों को आपस में जोड़ती है?
निम्मू-पदम-दारचा रोड (Nimmu-Padum-Darcha Road) को NPD के नाम से पुकारा जा रहा है. इस सड़क का निर्माण सीमा सड़क संगठन ने किया है. यह सड़क लद्दाख में कारगिल-लेह राजमार्ग पर पड़ने वाले निम्मू नामक जगह से शुरू होकर जांस्कर घाटी के पदम इलाके से होते हुए हिमाचल प्रदेश के लाहोल स्पीति जिले के दारचा इलाके से जोड़ती है. यह सड़क लेह-मनाली और श्रीनगर-लेह राजमार्ग के बाद लद्दाख को तीसरा मजबूत वैकल्पिक मार्ग प्रदान करेगी. इस सड़क की कुल लंबाई 298 किलोमीटर है.
2. यह सड़क चीन के खिलाफ भारत को किस तरह की रणनीतिक बढ़त दिलाती है?
यह सड़क बनने से भारत को चीन के खिलाफ अहम रणनीतिक बढ़त मिलने जा रही है. असल में लद्दाख को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने के लिए मनाली-लेह राजमार्ग और श्रीनगर-लेह राजमार्ग हैं. ये दोनों राजमार्ग पाकिस्तान और चीन से लगने वाली अंतरराष्ट्रीय सीमा के काफी नजदीक से होकर गुजरते हैं. जिससे जंग की स्थिति में उन पर हमले या कब्जे होने का डर हमेशा बना रहता था. ऐसे में रणनीतिक योजना के तहत इस सड़क को एलएसी और एलओसी से दूर लद्दाख के आंतरिक इलाके में बनाया गया है. जिससे युद्ध या तनाव की स्थिति में भारतीय सेना के पास एक सुरक्षित और वैकल्पिक लॉजिस्टिक लाइन हमेशा उपलब्ध रहेगी.
3. लद्दाख तक पहुंचने के लिए तीसरा सड़क मार्ग मिलने से भारतीय सेना को क्या फायदा होगा?
इस सड़क के बनने से भारतीय सेना को चीन के किसी भी दुस्साहस के खिलाफ एक्शन लेने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा. वह तेजी के साथ बॉर्डर पर मूव कर ड्रैगन के दांत खट्टे कर सकेगी. खासकर पैंगोंग त्सो, चुशूल या डेपसांग प्लेंस में भारतीय सेनाओं का रिएक्शन टाइम काफी कम हो जाएगा. यह सड़क अक्साई चिन को कब्जाए बैठे चीन पर हमेशा एक तीखी तलवार के रूप में लटकी रहेगी और उसे हमेशा दबाव में बनाए रखेगी.
4. सीमा पर तैनात सैनिकों तक हथियार, ईंधन और दूसरी जरूरी सामग्री पहुंचाने में यह सड़क कितनी मददगार होगी?
निम्मू-पदम-दारचा रोड (NPD Road) चीन की सीमा के काफी करीब बनाई गई है. इसके बनने से पूरा लद्दाख साल के 12 महीने देश के मुख्य हिस्से से जुड़ जाएगा. जंग की स्थिति में भारत इस सड़क के जरिए बहुत तेजी के साथ अपने सैनिक, टैंक, तोपखाने और दूसरे भारी हथियारों को बॉर्डर की ओर मूव कर सकेगा. इससे सड़क के बनने से भारत की सप्लाई लाइन भी सिक्योर होगी, जिससे हमारे सैनिक हर मौसम में दुश्मन के दांत खट्टे कर सकेंगे.
5. क्या निम्मू-पदम-दारचा रोड से मनाली-लेह और श्रीनगर-लेह मार्गों पर भारत की निर्भरता कम होगी?
हां, इस रोड के बनने से मनाली-लेह और श्रीनगर-लेह मार्गों पर भारत की निर्भरता कम हो जाएगी. नया मार्ग पहले के दोनों राजमार्गों की तुलना में ज्यादा सुरक्षित और दुश्मन की नजरों से दूर बनाया गया है. यह रोड पुराने राजमार्गों की तुलना में भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम जांस्कर घाटी से होकर निकाला गया है. इसके चलते जंग के हालात में भी यह काफी सुरक्षित रहेगा. इस नए मार्ग पर कई सुरंगों का भी निर्माण किया जा रहा है, जिससे साल के 12 महीने इस मार्ग से आवाजाही सुनिश्चित हो सकेगी. सर्दियों के दिनों में भारतीय सेना इस मार्ग के जरिए लद्दाख और हिमाचल की फॉरवर्ड पोस्टों पर अपने हथियार, सैनिक और रसद की आपूर्ति कर सकेगी.
6. शिंकुन ला सुरंग क्या है और इस सड़क को सालभर चालू रखने में इसकी क्या भूमिका होगी?
इस NMD रोड को 12 महीने ऑपरेट करने के लिए कई सुरंग बनाई जा रही हैं. इन्हीं में से एक सुरंग शिंकुन ला टनल है. BRO की ओर से यह सुरंग 16,580 फीट पर शिंकुन ला दर्रे के नीचे बनाई जा रही है. इस सुरंग को बनाए जाने की बड़ी वजह ये है कि सर्दियों के मौसम में भारी बर्फबारी और माइनस तापमान की वजह से जांस्कर और लद्दाख का संपर्क देश के बाकी हिस्सों से कई महीनों के लिए कट जाता है. लेकिन जब यह सुरंग चालू हो जाएगी तो बर्फबारी में रोड बंद होने की यह समस्या दूर हो जाएगी. इसके बाद न केवल पर्यटक बल्कि भारतीय सेना भी पूरे साल लद्दाख में अपने सैनिकों और हथियारों की आवाजाही करने में सक्षम हो जाएगी.
7. क्या इस सड़क से चीन के मुकाबले भारत की सैन्य तैयारी और आपात स्थिति में सैनिकों की आवाजाही मजबूत होगी?
हां, इस सड़क के बनने से चीन के मुकाबले भारत की सैन्य तैयारी और आपात स्थिति में सैनिकों की आवाजाही काफी मजबूत हो जाएगी. चीन अपने कब्जे वाले क्षेत्र में काफी पहले रणनीतिक सड़कों और रेल मार्ग का जाल बिछा चुका है. लेकिन भारत इस मामले में पीछे चल रहा था. निम्मू-पदम-दारचा रोड बनने से यह अंतर काफी हद तक कम हो जाएगा.
यह सड़क हिमाचल प्रदेश के दारचा से अंदरूनी घाटियों में होते हुए सीधे कारगिल तक पहुंच प्रदान कर देगी. जिससे किसी भी टकराव की स्थिति में भारत पहले से ज्यादा मजबूत तरीके से अपने सैनिकों और हथियारों को बॉर्डर की ओर मूव कर सकेगा.
इस सड़क को कई छोटी सड़कों के जरिए लद्दाख के प्रमुख सैन्य सेक्टरों और फॉरवर्ड पोस्ट से भी जोड़ा गया है. जिससे भारतीय सेना के पास हर समय एक सुरक्षित और विश्वसनीय लॉजिस्टिक लाइन उपलब्ध रहेगी. आपात स्थिति में यह सड़क सैनिकों, भारी हथियारों, टैंकों और रसद की त्वरित आवाजाही के लिए गेम-चेंजर साबित होगी.
8. इस नई सड़क से लद्दाख और जंस्कार घाटी के स्थानीय लोगों, पर्यटन और अर्थव्यवस्था को क्या फायदा मिलेगा?
NPD Road के बनने से सबसे ज्यादा फायदा लद्दाख की जांस्कर निर्माण से लद्दाख और विशेषकर दुर्गम जांस्कर घाटी में रहने वाले लोगों को होने जा रहा है. सर्दियों के महीनों में भारी बर्फबारी की वजह से यह इलाका लंबे समय तक के लिए देश के बाकी हिस्सों से पूरी तरह कट जाता था. इसके चलते वहां के लोगों को पढ़ाई, इलाज, नौकरी समेत दैनिक उपभोग की वस्तुओं की किल्लत से जूझना पड़ता था. अब इस सड़क के बनने से यह समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी, जिसे लोगों की जिंदगी आसान होगी.
इस सड़क के बनने से इलाके हिमाचल और लद्दाख में पर्यटन तेजी से बढ़ेगा. लोग यहां की खूबसूरती निहारने के साथ ही यहां की आत्मिक शांति को भी गहराई से महसूस कर सकेंगे. पर्यटकों के आने से यहां पर होटलों, होम स्टे, एडवेंचर टूरिज्म, ट्रांसपोर्ट का काम तेजी से बढ़ेगा. जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा और वे अपने इलाके से पलायन करने को मजबूर नहीं होंगे.