SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ब्रिटेन का शाही परिवार और बंगाल टाइगर... लुका-छिपी के खेल ने 'बाघ' के नाम में जोड़ दिया 'रॉयल' खिताब

शेर को पछाड़कर 'बंगाल टाइगर' के राष्ट्रीय पशु बनने का किस्सा जितना दिलचस्प है, उससे कहीं ज्यादा रोमांचक कहानी उसके 'रॉयल' खिताब को लेकर है. हालांकि, इस शाही सम्मान की 'बंगाल टाइगर' ने काफी बड़ी कीमत चुकाई है.

Written By K. Raj Mishra
Published: Nov 18, 2026, 07:01 IST | Updated: Nov 18, 2026, 08:04 IST
Image Credit: 'बंगाल टाइगर' को कैसे मिला 'रॉयल' खिताब? (AI तस्वीर)
Join

'किस्से-कहानियों' में भले ही शेर को जंगल का राजा कहा जाता हो, लेकिन भारत में जंगल का सुल्तान 'बाघ' है. साल 1972 में आज ही के दिन यानी 18 नवंबर 1972 को 'रॉयल बंगाल टाइगर' यानी 'बाघ' को भारत का राष्ट्रीय पशु घोषित किया गया था. इससे पहले शेर को यह रुतबा हासिल था. शेर को पछाड़कर 'बंगाल टाइगर' के राष्ट्रीय पशु बनने का किस्सा जितना दिलचस्प है, उससे कहीं ज्यादा रोमांचक कहानी उसके 'रॉयल' खिताब को लेकर है. वन्यजीव लेखक सर जोसेफ फेयरर (Sir Joseph Fayrer) ने अपनी किताब 'द रॉयल बंगाल टाइगर: उसका जीवन और मृत्यु' (The Royal Tiger of Bengal: His Life and Death) में एक 'बंगाल टाइगर' की जीवनशैली, उनके शिकार करने के तरीकों, क्षेत्र तय करने की आदतों और पानी में तैरने की उनकी अद्भुत क्षमता का विस्तार से वर्णन किया है. इस किताब में 'मानव-बाघ संघर्ष' का भी जिक्र है. 1875 में लिखी गई इस किताब में बाघों के शिकार पर चिंता जताई गई थी. सर जोसेफ फेयरर ने उस वक्त ही भारत में बाघों के संरक्षित किए जाने का सुक्षाव दे दिया था.

'बंगाल टाइगर' को कैसे मिला 'रॉयल' खिताब?

फेयरर ने अपनी किताब में पूरे भारत में बाघों की मौजूदगी का वर्णन किया है. अब सवाल यह है कि सिर्फ 'बंगाल टाइगर' को ही 'रॉयल' का खिताब क्यों मिला? वन्यजीव फोटोग्राफर इंद्रजीत घोरपड़े ने अंग्रेजी अखबार 'Indian Express' से बातचीत में इस सवाल का जवाब दिया था. घोरपड़े के अनुसार, 'बंगाल टाइगर' को 'रॉयल' खिताब मिलने के पीछे ऐतिहासिक और भौगोलिक संबंध है. उन्होंने बताया कि 'रॉयल' शब्द किसी वैज्ञानिक वर्गीकरण का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह ब्रिटिश औपनिवेशिक दौर से प्रचलित एक उपाधि है. उन्होंने बताया कि अंग्रेजों ने भारत में सबसे पहले कलकत्ता (कोलकाता) को राजधानी बनाया था. ब्रिटिश शासन का प्रशासनिक मुख्यालय भी कलकत्ता में था. उन्होंने कहा कि उस वक्त ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्य या ईस्ट इंडिया कंपनी के बड़े अफसर कोलकाता ही आया करते थे और यहां जंगली जानवरों का शिकार किया करते थे.

शाही सम्मान की खौफनाक कीमत चुकाई

घोरपड़े के अनुसार, बंगाल में ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्य प्रिंस ऑफ वेल्स (ड्यूक ऑफ विंडसर) जब भी भारत आते थे, तो उनके लिए बंगाल में शिकार के लिए विशेष प्रबंध किए जाते थे, जिनमें बाघों का शिकार मुख्य होता था. शाही परिवार के सदस्यों द्वारा बंगाल टाइगर के शिकार किए जाने से ब्रिटिश अखबारों में उनकी तस्वीरें मृत बाघ के साथ छपती थीं और हेडलाइन में 'रॉयल' शब्द का जिक्र होता था. इतना ही नहीं ईस्ट इंडिया कंपनी के बड़े अधिकारियों की ओर से भी बड़े पैमाने पर 'बंगाल टाइगर' का शिकार किया गया था. वे बाघों की खाल और उनके सिर को शाही परिवार को तोहफे के रूप में भेजते थे. इसी कारण से बंगाल के बाघ को 'द रॉयल बंगाल टाइगर' के नाम से पुकारा जाने लगा.

बाघ का शिकार क्यों रहा मुख्य आकर्षण

सर जोसेफ फेयरर की किताब के अनुसार, बाघ को देखकर अंग्रेज अधिकारी काफी प्रभावित होते थे. उनके मुताबिक, भारतीय बाघ के सामने शेर कहीं नहीं टिकते हैं. एक बब्बर शेर भले ही देखने में आकर्षित करता हो, लेकिन बाघ को देखना रोमांचक होता है. दोनों बड़ी बिल्लियों के रहन-सहन और शिकार करने के तरीकों में बड़ा अंतर है. शेर जहां झुंड में रहते हैं, वहीं बाघ अकेले ही रहता है. शेरों को भले ही जंगल का सबसे शक्तिशाली शिकारी माना जाता हो, लेकिन बाघ एक खतरनाक शिकारी है. शेर की तुलना में बाघ ज्यादा बड़ा होता है और अधिक ताकतवर होता है. हालांकि, समूह की शक्ति शेरों को ज्यादा कामयाब शिकारी बनाता है.

ये भी पढ़ें- कभी जंगल का राजा शेर था भारत का राष्ट्रीय पशु, फिर बाघ को क्यों मिली ये उपाधि; जानिए दिलचस्प किस्सा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES