विदिशा में नाबालिग से दरिंदगीः POCSO समेत कई धाराओं में केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार; पुलिस की अपील
विदिशा जिले में एक नाबालिग के दुष्कर्म मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. साथ ही पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. इसके अलावा, पुलिस अधीक्षक ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में नाबालिग मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है. इस घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई है. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इसके अलावा, आरोपी पर पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है.
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, सूचना मिलते ही महिला अधिकारी की मौजूदगी में बच्ची की काउंसलिंग कराई गई है. उसके बाद कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. इतना ही नहीं घटना को गंभीरता से देखते हुए जिले के लगभग सभी थाना प्रभारियों को भी पुलिस बल के साथ तैनात किया गया है.
आरोपी को किया गिरफ्तार
वहीं पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी का कहना है कि थाना कोतवाली के अंतर्गत एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना हुआ है. इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है. उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ BNS और पॉक्सो की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है. साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.
शांति बनाए रखने की अपील
इसके अलावा, पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने विदिशा के लोगों से अमन और शांति बना रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक पोस्ट सोशल मीडिया पर न डालें और न ही किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाएं. उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाने वालों और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ेंः पुणे से आई एयर होस्टेस का MP-महाराष्ट्र बॉर्डर पर मर्डर, लूट के लिए नकाबपोशों ने पीठ पर किए 4 वार! दोनों राज्यों में हड़कंप
हर पहलुओं की जांच की मांग
वहीं, पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष वैभव भारद्वाज ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है. उन्होंने बच्ची की बातचीत के आधार पर अन्य बच्चों के साथ भी ऐसी घटनाएं होने की आशंका जताते हुए सभी पहलुओं की जांच करने की बात कही है.
(रिपोर्टः दीपेश शाह, विदिशा)