उज्जैन में ऑपरेशन 'प्रहार' का बड़ा एक्शन, 33 किलो से ज्यादा डोडा चूरा-गांजा जब्त, 5 तस्कर गिरफ्तार
उज्जैन में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने भैरवगढ़, तराना और माकड़ौन में कार्रवाई कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने कुल 33 किलो 358 ग्राम डोडा चूरा और गांजा बरामद किया है.
उज्जैन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने ऑपरेशन 'प्रहार' के तहत बड़ी कार्रवाई की है. जिले के 3 थाना क्षेत्रों भैरवगढ़, तराना और माकड़ौन में पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनके कब्जे से कुल 33 किलो 358 ग्राम डोडा चूरा और गांजा बरामद किया गया है. कार्रवाई के दौरान एक शाइन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. जब्त सामग्री और वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 71 हजार रुपये बताई गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक, सबसे बड़ी कार्रवाई भैरवगढ़ थाना पुलिस की तरफ से की गई है. पुलिस को सूचना मिली थी कि केडी पैलेस के पास एक युवक और युवती चूरा लेकर आने वाले हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया. तलाशी में उनके पास से तीन पैकेट में रखा 30 किलो 285 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ. पुलिस ने रानू सिंधी उम्र 24 वर्ष और सिमरन पंजाबी उम्र 20 साल को गिरफ्तार किया है. जब डोडा चूरा की कीमत करीब 67 हजार रुपए बताई गई है. इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज जांच की मांग की जा रही है.
तराना में मोटरसाइकिल से ले जा रहे थे गांजा
वहीं, तराना थाना पुलिस ने ग्राम कनार्दी रोड पर पटेल लोधी कृषि फार्म के पास कार्रवाई की. पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति शाइन मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहे हैं. पुलिस ने घेराबंदी कर महेश दुबे उम्र 35 वर्ष और निर्भय सिंह गुर्जर उम्र 42 वर्ष को पकड़ा. तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे झोले से तीन पैकेट में 2 किलो 563 ग्राम गांजा मिला. पुलिस ने गांजे के साथ मोटरसाइकिल भी जब्त की है. इस मामले में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है.
माकड़ौन में 510 ग्राम गांजा जब्त
इसी तरह माकड़ौन थाना पुलिस ने तनोड़िया रोड स्थित चिरड़ी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए कालूराम होली उम्र 46 वर्ष को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसके कब्जे से 510 ग्राम गांजा बरामद किया है. जब्त गांजे की कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है.
एडिशनल एसपी आलोक शर्मा का कहना है कि तीनों थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उज्जैन पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खरीद-फरोख्त करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें. सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
ये भी पढ़ेंः जिस गांव से पूर्व सीएम ने उठाई शराबबंदी की आवाज, वहीं गली-गली बिक रही शराब, महिलाओं का फूटा गुस्सा