जिस समूह को हटाया गया, उसी ने बनाया बच्चों का खाना, शहडोल में मिड-डे मील खाने के बाद 15 बीमार
शहडोल के सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद 15 बच्चों की तबीयत बिगड़ गी. उन्हें ब्यौहारी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है. जहां डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है. फिलहाल बच्चों की तबीयत ठीक बताई जा रही है. वहीं कलेक्टर ने बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
शहडोल जिले के ब्यौहारी विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय बदरचुआ में मध्यान्ह भोजन करने के बाद 15-16 बच्चों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है. घटना के बाद सभी बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ब्यौहारी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया गया. फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
मामले को कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने गंभीरता से लेते हुए बीईओ ब्यौहारी और बीआरसी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं. जांच में सामने आया कि जिला पंचायत द्वारा स्वाती स्व-सहायता समूह को पहले ही मध्यान्ह भोजन के कार्य से पृथक कर नए समूह को जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन इसके बावजूद पुराने समूह द्वारा ही भोजन बनाया जा रहा था. अब संबंधित समूह को भोजन कार्य से हटाने के निर्देश दिए गए हैं. वहीं, भोजन के नमूने जांच के लिए खाद्य विभाग को भेजे गए हैं. बड़ा सवाल यह है कि आदेश के बावजूद पुराने समूह से भोजन क्यों बनवाया जा रहा था और बच्चों की सेहत से खिलवाड़ के लिए जिम्मेदार कौन है?
15 बच्चों के पेट में दर्द
तहसीलदार गैलेक्सी नागपुर ने बताया कि बंदरछुआ गांव के 15 बच्चे पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंचे थे. बच्चों ने बताया कि खाना खाने के बाद उनके पेट में दर्द शुरू हुआ. इसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां तुरंत उपचार शुरू किया गया. वर्तमान में सभी बच्चे स्वस्थ हैं.
ये भी पढ़ेंः छतरपुर स्कूल में बड़ी लापरवाहीः बच्चों की थाली में मिली मरी छिपकली, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप, जांच के आदेश
परिजनों ने क्या बताया ?
वहीं परिजनों का कहना है कि चक्का के पास स्थित बंदरछुआ गांव के स्कूल में मध्यान्ह भोजन करने के बाद लगभग 15 स्कूली बच्चों को अचानक पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. महेंद्र सिंह नामक ग्रामीण ने बताया कि जब वे स्कूल पहुंचे तो उन्होंने बच्चों को दर्द से रोते हुए देखा. कुछ बच्चों ने खाना खाने के बाद पेट में दर्द शुरू होने की बात बताई. हालांकि, समय पर अस्पताल पहुंचाने और तुरंत उपचार शुरू होने के कारण सभी बच्चे फिलहाल स्वस्थ हैं.
(रिपोर्टः पुष्पेंद्र चतुर्वेदी, शहडोल)