MP में 15 जिलों में बारिश का अलर्ट, ग्वालियर-चंबल में लुढ़का पारा, जानें अपने शहर का हाल
मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में तापमान 2.8 डिग्री तक गिर गया है. मौसम विभाग ने आज नीमच, मंदसौर, श्योपुर और शिवपुरी सहित 15 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है.
मध्य प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और पिछले 72 घंटों से कई इलाकों में लगातार बारिश हो रही है. ग्वालियर-चंबल संभाग के जिलों में इस बारिश के कारण दिन के तापमान में 2.8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है. हालांकि राज्य से मानसून 3 अक्टूबर को ही विदा हो चुका था, लेकिन एक नए मौसमी सिस्टम और सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) के बनने के कारण राज्य के कई हिस्सों में अचानक बारिश हो रही है.
आज 15 जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज (रविवार) को 15 प्रमुख जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें नीमच, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सिवनी और बालाघाट शामिल हैं. इस दौरान तापमान में गिरावट आने की भी संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी. पिछले दो दिनों में इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभागों के कई शहरों में भी बारिश दर्ज की गई है.
20 अक्टूबर के बाद तापमान में गिरावट
मौसम विभाग और विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम का यह मिजाज 18-19 अक्टूबर तक बने रहने की संभावना है. इसके बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है और 20 अक्टूबर से रात के तापमान में गिरावट आने के कारण ठंड काफी बढ़ जाएगी. बारिश के आंकड़ों को देखें तो पूर्वी क्षेत्र के ज्यादातर जिलों में उम्मीद के मुताबिक बारिश हुई है, जबकि पश्चिमी क्षेत्र के कई जिलों में औसत से 9% से 51% तक कम बारिश दर्ज की गई है. अक्टूबर के महीने में मौसम का यह अलग-अलग रूप पिछले 10 सालों में देखे गए रुझानों के अनुरूप ही है.
यह भी पढ़ें: यूपी में बदलेगा मौसम या खिली रहेगी धूप? रात में बढ़ेगी ठंडक, जानें लखनऊ समेत प्रदेश का हाल
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम की बदलती स्थितियों को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है. विशेष रूप से यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे बारिश और आंधी के बीच सफर करते समय सावधानी बरतें. वहीं, किसानों को अपनी काटी गई फसल को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए गए हैं. अब सबकी नजरें 20 अक्टूबर के बाद तापमान में होने वाली गिरावट पर टिकी हैं, जो इस बेमौसम बारिश के बाद मध्य प्रदेश में ठंड का असली अहसास कराएगी.