पन्ना में खौफनाक वारदातः पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर जंगल में भागा पति, पेड़ से लटका मिला शव
पन्ना जिले में एक घरेलू कलह के चलते हंसता खेलता परिवार उजड़ गया है. पहले युवक ने पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किया. उसके बाद मरा समझकर जंगल में जाकर फांसी लगा ली. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. जहां घरेलू कलह के चलते एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया. यहां बृजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़गड़ी हजारा गांव में सचेंद्र आदिवासी उम्र लगभग 31 साल ने पहले अपनी पत्नी सुनीता आदिवासी उम्र लगभग 30 साल की गर्दन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किया और फिर उसे मरा हुआ समझकर जंगल में जाकर फांसी लगा ली.
पड़ोसियों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, तीन बेटियों के होने के बाद अक्सर विवाद होता था. उन्होंने बताया कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था, पति नशे का आदी भी था. मंगलवार के दिन तीन बेटियों की मां सुनीता आदिवासी खेत में धान काटने के लिए जा रही थी.
गुस्से में कुल्हाड़ी से हमला
इसी दौरान उसका पति वहां पहुंचा और दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर पति ने सुनीता की गर्दन के पिछले हिस्से पर कुल्हाड़ी से जोरदार वार कर दिया. हमले के बाद सुनीता लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी. पत्नी को मृत समझकर घबराया सचिन कुल्हाड़ी लेकर जंगल की ओर भाग निकला.
अस्पताल में भर्ती कराया
इधर, घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल सुनीता को तत्काल जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब आरोपी पति की तलाश शुरू की, तो जंगल में कुछ दूरी पर एक पेड़ पर सचिन का शव फांसी के फंदे से लटका मिला. पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ेंः पति-पत्नी और वो... इश्क में रोड़ा बन रहे पति को मौत के घाट उतारा, प्रेमी की मदद से दूसरे जिले में दफनाई लाश
मामले की जांच चल रही
वहीं बृजपुर थाना प्रभारी सोनम शर्मा का कहना है कि जानकारी मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को गंभीर रूप से घायल कर दिया है. मौके पर पहुंचकर घायल महिला को जिला अस्पताल, पन्ना में भर्ती कराया. आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उसकी तलाश शुरू की गई. तलाश के दौरान जानकारी मिली कि उक्त व्यक्ति हजारा गांव में ही एक पेड़ पर लटका हुआ है. मौके पर पहुंचकर तत्काल मर्ग कायम किया गया. मामले की जांच की जा रही है.
(रिपोर्टः पीयूष शुक्ला, पन्ना)