नर्मदापुरम में सोलर कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस पलटी, डंपर ने मारी जोरदार टक्कर; 14 घायल और 4 की हालत गंभीर
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में मोहासा औद्योगिक क्षेत्र के पास तेज रफ्तार डंपर ने सोलर एनर्जी कंपनी की कर्मचारियों से भरी बस को टक्कर मार दी, जिससे बस पलट गई और 14 कर्मचारी घायल हो गए. इस हादसे में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है.
नर्मदापुरम जिले के माखन नगर स्थित मोहासा औद्योगिक क्षेत्र के पास सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार और अनियंत्रित डंपर ने कर्मचारियों से भरी बस को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बस सड़क पर पलट गई. हादसे के वक्त बस में करीब 40 कर्मचारी सवार थे, जो नर्मदापुरम से नाइट ड्यूटी के लिए मुहासा औद्योगिक क्षेत्र जा रहे थे. हादसे में 14 कर्मचारी घायल हुए हैं, जिन्हें एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से नर्मदापुरम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इनमें से चार कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया जा रहा है.
सोलर एनर्जी कंपनी की कर्मचारियों से भरी बस को डंपर ने मारी टक्कर
दरअसल, सोमवार शाम करीब 6:30 बजे ग्रु सोलर एनर्जी कंपनी की बस कर्मचारियों को लेकर नर्मदापुरम से मोहासा औद्योगिक क्षेत्र की ओर जा रही थी. इसी दौरान मोहासा के समीप चौराहे पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने कर्मचारियों से भरी बस को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद बस में सवार कर्मचारियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई.
बस में करीब 40 कर्मचारी सवार, 14 कर्मचारी घायल
बस में करीब 40 कर्मचारी सवार थे, जिनमें से 14 कर्मचारी घायल हो गए. घायलों के हाथ, पैर, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं. सभी घायलों को तत्काल नर्मदापुरम के निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, चार कर्मचारियों की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया जा रहा है.
हादसे की सूचना मिलते ही तहसीलदार सुनील शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली. वहीं, जब इस पूरे मामले को लेकर ग्रु सोलर एनर्जी कंपनी के अधिकारियों से उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो अधिकारी कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से बचते नजर आए. फिलहाल हादसे के बाद कर्मचारियों की सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.
(नर्मदापुरम से अभीषेक गौड़ की रिपोर्ट)