सीजन में पहली बार 11 डिग्री से नीचे लुढ़का पारा! कटनी में ठंड ने तोड़े रिकॉर्ड, अगले 3-4 दिन और गिरेगा तापमान
MP के कई जिलों के तापमान में तेजी से गिरावट आई है और सीजन में पहली बार पारा 11 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है. आने वाले समय में सर्द हवाएं चलेंगी और ठिठुरन बढ़ेगी.
दिवाली के बाद मध्य प्रदेश में नवंबर के दूसरे हफ्ते में ही गुलाबी ठंड ने असर दिखाना शुरू कर दिया है और कई जिलों में रात का तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है. इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के नीचे पहुंच गया है. प्रदेश में सबसे कम तापमान कटनी जिले के करौंदी में दर्ज किया गया, जहां 10.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है. इस तापमान ने इस सीजन में ठंड के शुरुआती सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. इसके साथ ही राजधानी भोपाल समेत जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभागों में भी रात की ठिठुरन अचानक बढ़ गई है.
मौसम केंद्र भोपाल ने बताया कि 10 नवंबर की रात से उत्तर-पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) एक्टिव हो रहा है. इसका असर मध्य प्रदेश में अगले 2 दिन बाद देखने को मिल सकता है. वर्तमान में पूर्वी हिस्से एक ट्रफ गुजर रही है, जिससे कहीं-कहीं हल्के बादल जरूर है, हालांकि बारिश होने के आसार नहीं है.
3-4 दिनों में 2 डिग्री तक गिरेगा तापमान
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आगामी 13 नवंबर तक प्रदेश में बारिश या आंधी की कोई संभावना नहीं है और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा. हालांकि, उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं के प्रभाव से अगले 3 से 4 दिनों के भीतर पारे में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की और गिरावट आ सकती है. जबलपुर, रीवा, सागर, शहडोल में ठंड ज्यादा बढ़ेगी. ग्वालियर-चंबल में सर्द हवाएं चलेंगी और ठिठुरन बढ़ेगी. फिलहाल, सुबह और शाम के वक्त हल्की ठिठुरन महसूस की जा रही है, जबकि दिन के समय धूप खिलने से हल्की गर्मी का अहसास बरकरार है.
कटनी में पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड
मध्य प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी से भी ज्यादा ठंड कटनी में पड़ रही है और अमरकंटक भी ज्यादा ठंडा है. पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है, जबकि कटनी के करौंदी में 10.4 डिग्री और अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा बीती रात कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री, दमोह में 12.5 डिग्री, रायसेन में 12.6 डिग्री, उमरिया में 13 डिग्री और जबलपुर में 13.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
कटनी के करौंदी में क्यों पड़ रही इतनी ठंड?
कटनी के करौंदी में सबसे कम तापमान दर्ज किए जाने के पीछे रात के समय पहाड़ों की ऊपरी चोटियों से आ रही तेज और ठंडी हवा है. मौसम विभाग के जानकारों का कहना है कि कटनी का करौंदी गांव विंध्याचल पर्वत श्रृंखला की पहाड़ियों के ढलान में बसा हुआ है और पहाड़ी के ऊपर से आ रही हवा रात के समय ठंडी और ज्यादा भारी हो जाती है. इस वजह से तापमान लगातार गिर रहा है.