SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बंगाल की खाड़ी में उठे तूफान का MP में असर: 9 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी, 40KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन और चक्रवाती तूफान के असर से मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है और मौसम केंद्र ने 20 नवंबर को 9 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है.

Edited By Sumit Rai
Published: Nov 17, 2026, 09:39 IST | Updated: Nov 17, 2026, 09:43 IST
Image Credit: कटनी का करौंदी अब भी राज्य में सबसे ठंडा
Join

बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का सीधा असर अब मध्य प्रदेश के मौसम पर दिखाई देने वाला है और डीप डिप्रेशन की वजह से एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है.  भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 नवंबर को मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय डीप डिप्रेशन के प्रचंड चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है. इसके आगे बढ़ने के साथ ही 20 नवंबर को मध्य प्रदेश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा और करीब 9 जिलों में आंधी-बारिश का दौर शुरू हो सकता है.

मौसम केंद्र ने 20 नवंबर को उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा जिलों में बारिश की चेतवावनी जारी की है. इसके साथ ही इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. बारिश और तेज हवाओं की वजह से इन जिलों में तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे सर्दी बढ़ेगी.

भोपाल में अभी से छाने लगे हैं बादल

इस सिस्टम के प्रभाव से राजधानी भोपाल समेत राज्य के कई अन्य हिस्सों में अभी से बादल छाने लगे हैं, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव और ठंडक बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं. सोमवार को भोपाल में धुंध का असर देखने को मिला, जिससे विजिबिलिटी कम हो गई. मौसम ने शाम को करीब 4 बजे करवट बदली और बादल छा गए.

ये भी पढ़ें- 'अकवान' की आहट से दक्षिण में हलचल, जल्द होगा चक्रवाती तूफान का लैंडफॉल; संकट में ये बड़े राज्य

कटनी का करौंदी अब भी राज्य में सबसे ठंडा

कटनी का करौंदी अब भी राज्य में सबसे ठंडा जगह बना हुआ है और बीती रात करौंदी में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा अमरकंटक (11.8 डिग्री), कल्याणपुर (12.1 डिग्री), दमोह (12.4 डिग्री) और छिंदवाड़ा (13 डिग्री) में भी ठंड का प्रकोप शुरू हो गया है. इसके अलावा भोपाल-इंदौर में तापमान 13.2 डिग्री, नौगांव में 13.5 डिग्री, मलाजखंड में 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. एमपी इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में इस बार ठंड का असर कम देखने को मिल रहा है और बीती रात न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.

पचमढ़ी में इस बार क्यों नहीं पड़ रही ठंड?

मौसम विभाग के अनुसार, पचमढ़ी मध्य प्रदेश का एकमात्र हिल स्टेशन है और इस समय भोपाल-इंदौर जैसे मैदानी इलाकों की तुलना में यह गर्म है. इसके अलावा राज्य के कई कई मैदानी इलाकों पचमढ़ी से ज्यादा ठंड दर्ज की जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातों और कम दबाव के क्षेत्रों के कारण हवाओं का रुख बार-बार बदल रहा है. इससे उत्तरी और ठंडी हवाओं का असर पचमढ़ी जैसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में उस तरह से नहीं टिक पा रहा है, जिससे कड़ाके की ठंड पड़ती है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES