उत्तर से आ रही ठंडी हवाओं से बढ़ी ठिठुरन, कटनी का करौंदी सबसे ठंडा, भोपाल में शीतलहर का अलर्ट
मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड के कारण न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. करौंदी राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान 6.1 डिग्री दर्ज किया गया. जानिए आज मौसम कैसा रहेगा...
मध्य प्रदेश में सर्दी ने अपना असर तेज कर दिया है. उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण राज्य के कई जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है. इस सीजन में पहली बार तापमान 7 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है. सबसे कम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस करौंदी (कटनी जिला) में दर्ज किया गया, जबकि दमोह में तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा.
भोपाल में शीतलहर का अलर्ट
राजधानी भोपाल में लगातार चार दिनों से शीतलहर चल रही है और शनिवार (28 नवंबर) के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है. सुबह के समय शहर और उसके आसपास धुंध या हल्का कोहरा छा सकता है. न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. इसके अलावा दमोह, कटनी और शाजापुर में भी ठंडी हवाएं चलने की संभावना है.
कटनी का करौंदी सबसे ठंडा
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुल 32 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. कटनी जिले का करौंदी मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका रहा. वहां कल रात न्यूनतम तापमान गिरकर 6.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. अन्य जगहों पर दर्ज किए गए न्यूनतम तापमान इस प्रकार हैं: दमोह में 6.6 डिग्री, कल्याणपुर (शहडोल) और गिरवर (शाजापुर के पास) में 8.3 डिग्री, रीवा में 8.4 डिग्री, भोपाल में 8.6 डिग्री, नौगांव में 9.2 डिग्री, जबलपुर और रीवा दोनों जगहों पर 9.4 डिग्री सेल्सियस.
इसके अलावा खजुराहो और रायसेन में तापमान 10 डिग्री, ग्वालियर में 10.2 डिग्री, दतिया में 10.4 डिग्री, मंडला और सीधी में 10.6 डिग्री, सतना में 10.7 डिग्री, शिवपुरी, राजगढ़, गुना और छिंदवाड़ा में 11 डिग्री, श्योपुर में 11.2 डिग्री, इंदौर, मलाजखंड और टीकमगढ़ में 11.5 डिग्री, पचमढ़ी में 12.2 डिग्री और उज्जैन में 12.3 डिग्री दर्ज किया गया.
यह भी पढ़ें: यूपी में ठंड ने पकड़ी रफ्तार, सुबह-सुबह कोहरा करेगा परेशान, इटावा-कानपुर में 8.4°C पहुंचा पारा
क्यों बदल रहा मौसम
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड से आ रही ठंडी हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में तापमान अचानक गिर गया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक पूरे राज्य में मौसम ऐसे ही बने रहेगा. पिछले छह दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है और यह स्थिति अगले पांच दिनों तक और बनी रह सकती है. मौसम विभाग (IMD) ने यह भी बताया है कि रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट आ सकती है.