मौत के बाद भी धड़कती रहेगी इंसानियत… बैतूल के 25 लोगों ने लिया देहदान का संकल्प, कहां से मिली प्रेरणा?
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में 25 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया है. इसको लेकर एमपी रेडक्रॉस सोसायटी की तरफ से सम्मान भी दिया गया है. साथ ही उन्हें देहदान पत्र प्रदान किया गया है.
मौत के बाद भी दूसरों की जिंदगी रोशन हो...इसी नेक सोच के साथ बैतूल जिले में 25 लोगों ने देहदान का संकल्प लेकर मानवता की मिसाल पेश की है. इन देहदानियों के इस फैसले से मृत्यु के बाद जरूरतमंद लोगों को अंग और शरीर के माध्यम से नई जिंदगी की उम्मीद मिलेगी.
दरअसल, बैतूल जिला पंचायत सभागृह में एक कार्यक्रम के दौरान 25 देहदानियों का सम्मान किया गया. इस दौरान उन्हें देहदान पत्र प्रदान भी किया गया है. मप्र रेडक्रॉस के महासचिव रामेंद्र सिंह ने सभी देहदानियों का सम्मान करते हुए इस पहल को समाज के लिए बड़ी प्रेरणा बताया.
देहदानियों का किया सम्मान
रामेंद्र सिंह का कहना है कि बैतूल जैसे छोटे शहर में इतनी बड़ी संख्या में लोगों का देहदान और अंगदान के लिए आगे आना बड़ी बात है. उन्होंने कहा कि दूसरों की जरूरतों को पूरा करने और उन्हें नया जीवन देने के लिए अपना शरीर समर्पित करने वाले देहदानियों का सम्मान किया गया है. उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद सभी देहदानियों और उनके परिजनों का रेडक्रॉस राज्य शाखा की ओर से आभार जताया.
क्यों लिया देहदान का फैसला?
वहीं देहदानदाता विनोद कुमार मंगलूरकर का कहना है कि उनके शरीर के अंग किसी जरूरतमंद के काम आएं और किसी परिवार की जिंदगी में खुशियां लौट सकें. उन्होंने आगे कहा कि इसी उद्देश्य से उन्होंने देहदान का फैसला लिया है. उनका मानना है कि रक्तदान उत्तम है, अंगदान अति उत्तम है और देहदान सर्वोत्तम है. इसी भावना के साथ उन्होंने अपना शरीर दान करने का संकल्प लिया है. साथ ही वे दूसरे लोगों को भी देहदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं, ताकि मृत्यु के बाद भी उनका शरीर मानवता की सेवा में काम आ सके.
विनोद कुमार से मिली प्रेरणा
एक और देहदानदाता शिवचरण हजारे ने बताया कि उन्हें देहदान के लिए प्रेरणा विनोद कुमार मंगलूरकर से मिली. उन्होंने कहा कि मंगलूरकर अपनी बाइक पर भी 'देहदानी' लिखवाकर लोगों को इस नेक पहल के लिए प्रेरित करते हैं. उनका मानना है कि मृत्यु के बाद शरीर नष्ट हो जाता है, लेकिन यदि उसके अंग किसी जरूरतमंद के काम आ सकें तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता. शिवचरण हजारे ने बताया कि इसी प्रेरणा से उन्होंने अपने साढ़ू भाई रमेश कुमार डिगरसे का देहदान करवाया.
(रिपोर्टः रूपेश कुमार, बैतूल)