आदिवासी नायकों के नाम पर बदलेंगे MP के कई स्थानों के नाम, बिरसा मुंडा जयंती पर सीएम ने किया 3 बड़े आयोजनों का ऐलान
सीएम मोहन यादव ने भोपाल स्थित बीजेपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बिरसा मुंडा जयंती पर जबलपुर, धार और खंडवा में बड़े आयोजन करने का ऐलान किया.
मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने भोपाल स्थित बीजेपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज को लेकर कई बातें बताई. उन्होंने कहा कि देश में सबसे ज्यादा आदिवासी आबादी वाले मध्य प्रदेश में रहती है. हमारा सौभाग्य है कि आदिवासी समाज की इतनी बड़ी आबादी हमारे प्रदेश में निवास करती है. इस राज्य में हमने अपने राजनीतिक नेतृत्व को भी विकसित किया है.
सीएम ने आगे कहा कि भारत सरकार में पीएम नरेंद्र मोदी के मंत्रिमंडल में हमारे प्रदेश के दो केंद्रीय मंत्री हैं. इनमें धार से सावित्री ठाकुर और बैतूल से आने वाले अध्यक्ष के क्षेत्र से जुड़े मंत्री शामिल हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र की तरह राज्य मंत्रिमंडल में भी हमने कुंवर विजय शाह, संपतिया उइके, नागर सिंह चौहान, राधा सिंह और निर्मला भूरिया को जिम्मेदारी दी है. उन्होंने कहा कि निर्मला भूरिया महिला एवं बाल विकास मंत्री है. हमारा राजनीतिक नेतृत्व जो कहता है, वह करके दिखाता है.
बीजेपी-कांग्रेस की सोच में अंतर
उन्होंने बीजेपी-कांग्रेस की सोच में अंतर भी बताया. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपनी प्रतिबद्धता, शासन की योजनाओं और संगठन के कामों के आधार पर समाज के बीच अपनी निष्ठा प्रदर्शित करती है. आगे कहा कि मुझे इस बात का संतोष है कि हमारी सरकार बनने के बाद हमने आदिवासी नायकों का सम्मान व्यक्त करने के लिए भी ठोस कदम उठाए हैं.
योगदान को सामने लाने का प्रयास
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि हमने सभी आदिवासी जननायकों की जयंती और बलिदान दिवस मनाने के साथ-साथ पूरे राज्य में उत्सव के रूप में उनके योगदान को सामने लाने का प्रयास किया है. देशभर में आदर्श नायक के रूप में भगवान बिरसा मुंडा जी को भी सम्मान दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा जी की जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है.
साथ ही सीएम ने यह भी कहा कि जब हमारे नायकों और आदिवासी जननायकों की बात हो, तो उनकी जयंती और बलिदान दिवस उनके विशिष्ट नामों के साथ मनाए जाएं. उन्होंने कहा कि हमारे लिए यह गौर करने वाली बात है कि हमारी संस्कृति किस एक विशेष कारण से संयुक्त राष्ट्र द्वारा कोई दिन घोषित किए जाने तक सीमित नहीं है. यह अधूरापन है, पूरा नहीं. इसीलिए हमारे यहां रामनवमी और कृष्ण जन्माष्टमी मनाई जाती है. उन्होंने कहा कि जिन्होंने महान कार्य किए, उनकी जयंती का आनंद हम सब लेते हैं. हम इसे किसी समाज विशेष से जोड़कर नहीं देखते हैं.
सीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना
उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा है. सीएम मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस जिस मानसिकता के साथ चलती है और जो लोग इस देश की संस्कृति से नहीं जुड़े हैं. उन्होंने यह विषय खड़ा किया था कि इस देश की धरती पर आदिवासी समाज को केवल आदिवासी दिवस के रूप में जाना जाए. यह उनका आकलन हो सकता है. इसीलिए प्रधानमंत्री ने कहा समाज के नायकों और उनके द्वारा किए गए कार्यों को पुनर्प्रतिष्ठित की आवश्यकता है. उनके योगदान की तरफ समाज का ध्यान आकर्षित कराना जरूरी है. हमारे पास ऐसे नायकों की कोई कमी नहीं है. हमारा समाज बहुत बड़ा है और उसका योगदान भी बहुत बड़ा है. हमारे राज्य में भी और राज्य के बाहर भी अनेक ऐसे नाम हैं, जिन्होंने देश के लिए गौरवशाली कार्य किए हैं.
सीएम मोहन यादव की बड़ी बातें
1. बिरसा मुंडा जयंती पर 14 नवंबर को जबलपुर, 15 को धार और 16 नवंबर को खंडवा में बड़े कार्यक्रम होंगे.
2. प्रदेश में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
3. संगठन 20 नवंबर तक प्रदेशभर में अलग-अलग कार्यक्रम करेगा.
4. प्रदेश के 90 जनजातीय विकासखंडों के स्कूलों और छात्रावासों में बिरसा मुंडा के योगदान पर कार्यक्रम होंगे.
5. कई स्थानों के नाम जनजातीय समाज के जननायकों के नाम पर रखे जाएंगे.
6. धार और अलीराजपुर के करीब 300 गांवों को नर्मदा जल परियोजना से सिंचाई का लाभ मिलेगा.
7. करीब 2,500 करोड़ रुपये की दो सिंचाई परियोजनाओं का मुख्यमंत्री ने जिक्र किया.