)
टमाटर की बंपर आवक के कारण छिंदवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों में किसानों को कम दाम मिल रहे हैं. इससे तुड़ाई और परिवहन की लागत निकालना भी मुश्किल हो रहा है. हालिया मंडी आंकड़ों के अनुसार, छिंदवाड़ा गुरैया सब्जी मंडी में टमाटर का थोक भाव लगभग 3 रुपये से 6 रुपये किलो तक मिल रहा है. वहीं, कैरेट की बात की जाए तो टमाटर की क्वालिटी गुणवत्ता के हिसाब से 100 रुपये से सिर्फ 150 रुपये कैरेट का भाव मिल रहा है.
गुरैया से आए किसान नरेश चौकसे ने बताया कि उन्होंने 1 से 2 एकड़ में टमाटर की फसल लगाई थी, लेकिन अब उसकी लागत निकल पाना मुश्किल नजर आ रहा है. पहले टमाटर 10 से 12 रुपये थोक में और चिल्लर में 30 रुपये से 40 रुपये तक बिक रहा था. अब एक दम से दामों में गिरावट से नुकसान होता नजर आ रहा है.
वहीं, आसपास से आए किसानों के चेहरों पर भी मायूसी नजर आई. उनका कहना है कि आवक में तेजी और ऊपर के बाजार में कम होते दामों से टमाटर की स्थिति खराब होती नजर आ रही है. ऐसा ही रहा तो आगे टमाटर के दाम और गिरेंगे और कौड़ियों के दाम बेचने पर किसान मजबूर हो जाएंगे.
वहीं, मटर की बात की जाए तो समय से पहले ही मटर के दाम गिर गए हैं. इससे किसानों को काफी नुकसान होने की आशंका है, जिस समय मटर के दाम मंडी में 70 रुपये से 80 रुपये होने चाहिए थे, उस समय मंडी में मटर 25 से 30 रुपये बिक रहा है. ऐसे में किसानों को नुकसान होता नजर आ रहा है.
मक्के की भी जिले बंपर आवक हो रही है. कुसमैली मंडी में रोज 70 हजार से 80 हजार क्विंटल मक्का पहुंच रहा है. छिंदवाड़ा कॉर्न सिटी से मध्यप्रदेश से लेकर पूरे देश में प्रचलित है. मक्का पहली बार 3 हजार रुपया क्विंटल बिक रहा है, लेकिन मंडी में अव्यवस्थाएं इतनी हैं कि किसान रोड पर मक्का रखकर बेचने को मजबूर हो रहा है.