मैहर में लोन की किस्त ने उजाड़ा परिवारः भाभी ने एजेंट को बताया देवर का पता, छोटे भाई के कुल्हाड़ी हमले में बड़े भाई की मौत
मैहर जिले में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है. मामूली से विवाद विवाद के चलते खूनी वारदात हुई. इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दो घायल बताए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मध्य प्रदेश के मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के हिनौती गांव में 22 अक्टूबर को हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात में बड़े भाई की इलाज के दौरान मौत हो गई है. महज एक मामूली सी बात पर छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर अपने ही भाई, भाभी और भतीजे को लहूलुहान कर दिया था.
रीवा के संजय गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान बड़े भाई ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है.
क्या है पूरा मामला ?
दरअसल, यह खूनी वारदात को एक बेहद मामूली विवाद के बाद अंजाम दिया गया है. मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी रामकिनकर सोंधिया के नाम पर कोई लोन था, जिसकी किस्त वसूलने के लिए एक फाइनेंस कंपनी का एजेंट उसके घर आया था.
घर के बाहर खड़ी उसकी भाभी सिया सोंधिया ने एजेंट को आरोपी रामकिनकर का पता बता दिया. इसके बाद उसे बुलाने के लिए कह दिया. एजेंट के सामने अपना पता बताए जाने से रामकिनकर इस कदर आगबबूला हो गया कि उसने घर के अंदर से कुल्हाड़ी निकाल ली और अपनी भाभी पर जानलेवा हमला कर दिया.
कुल्हाड़ी से किया हमला
भाभी सिया सोंधिया की चीख-पुकार सुनकर जब उन्हें बचाने के लिए रामायण सोंधिया और भतीजा अंकित सोंधिया दौड़े, तो सिर पर खून सवार आरोपी रामकिनकर ने उन पर भी कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. इस जानलेवा हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और तड़पने लगे. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
इधर घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों और अन्य परिजनों ने लहूलुहान हालत में तीनों घायलों को तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया.
रामायण सोंधिया की मौत
अस्पताल में इलाज के दौरान बड़े भाई रामायण सोंधिया की जहा मौत हो गई. लेकिन दो अन्य घायलों की हालत फिलहाल सामान्य और खतरे से बाहर बताई जा रही है.
रामायण सोंधिया की मौत के बाद अस्पताल चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस बीच, मृतक के परिजनों ने रामनगर थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
ये भी पढ़ेंः छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में कोहराम! 3 दिन में 2 नवजातों समेत 4 की मौत, स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
परिजनों में भारी आक्रोश
परिजनों का कहना है कि 22 अक्टूबर को घटना होने के बाद भी पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और समय रहते आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की. परिजनों में पुलिस की इस सुस्ती को लेकर भारी आक्रोश है.
फिलहाल, पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कानूनी वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और फरार आरोपी रामकिनकर की तलाश की जा रही है.
(रिपोर्टः नजीम सौदागर, मैहर)