अवैध खनन, कफ सिरप, शराब कांड… कटनी में जीतू पटवारी ने कई मुद्दों पर सरकार को घेरा, मंत्री जगदीश देवड़ा पर लगाए गंभीर आरोप
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. साथ ही, उन्होंने कटनी को खनन माफियाओं का शहर बताते हुए विजयराघवगढ़ विधायक को लेकर भी बयान दिया है. आइए जानते हैं, उन्होंने क्या कहा?
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी कटनी दौरे पर पहुंचे. जहां उन्होंने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार, वोट चोरी और अवैध खनन को लेकर जमकर निशाना साधा. जीतू पटवारी ने कटनी को खनन माफियाओं का शहर बताते हुए विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक पर भी गंभीर आरोप लगाए. साथ ही, जहरीली शराब, कफ सिरप से बच्चों की मौत और नगरीय निकायों में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे पर प्रदेश सरकार में उप मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा पर कई मुद्दों पर घेरा है. इसके अलावा, जीतू पटवारी ने एक दावा किया है.
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि, "देश में वोट चोरी के खिलाफ जनजागृति अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में आगामी 1 तारीख को राहुल गांधी के नेतृत्व में दिल्ली में महारैली आयोजित किए जाने की बात भी कही." उन्होंने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. कटनी में अवैध खनन का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने शहर को खनन माफियाओं का गढ़ बताया.
बीजेपी सरकार पर उठाए सवाल
उन्होंने विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक पर सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाए. जीतू पटवारी ने कफ सिरप से बच्चों की मौतों, बालाघाट में आदिवासी बच्चों की मौतों और जहरीली शराब से हुई मौतों का मुद्दा उठाते हुए भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया. उन्होंने इन घटनाओं को लेकर सरकार की जवाबदेही पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि प्रदेश में लोगों की जान जाने के बावजूद सरकार प्रभावी कदम उठाने में नाकाम रही है.
जीतू पटवारी का गंभीर आरोप
जहरीली शराब के मामले को लेकर उप मुख्यमंत्री और आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने मंत्री पर निशाना साधते हुए कई बड़े-बड़े आरोप लगाए हैं. जीतू पटवारी ने कहा कि शराब दुकान दिलाने के नाम पर मंत्री के पीए को एक करोड़ रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया था और बाद में उसे निलंबित किया गया. जीतू पटवारी ने प्रदेश के नगरीय निकायों और नगर निगमों में सरकारी सामान की खरीदी में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया.
ये भी पढेंः 'मैं कभी हिंदुत्व का समर्थक नहीं रहा', दिग्विजय सिंह का सनातन पर बयान, वोट चोरी पर भी बोले
जीतू पटवारी ने किया ये दावा
उन्होंने दावा किया कि एसीएस स्तर की जांच में 365 अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई, जबकि केवल 7 अधिकारियों को निलंबित किया गया. पटवारी ने सवाल उठाया कि बाकी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई. उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को लेकर रिकॉर्ड बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की जनता को इन मामलों का जवाब मिलना चाहिए.
(रिपोर्टः नितिन चावरे, कटनी)