मध्य प्रदेश के इंदौर में एक और नई पहल की शुरुआत की गई है. अन्नपूर्णा रोड स्थित चाणक्यपुरी चौराहे के गायत्री पेट्रोल पंप पर सेल्फ सर्विस की शुरुआत की गई है. बताया जा रहा है कि यह देश का पहला ऐसा पेट्रोल पंर है. जहां पर ग्राहकों के लिए इस तरह की सुविधा शुरू की गई है. खास बात यह है कि यहां ग्राहक खुद मशीन को ऑपरेट करके पेट्रोल भर सकते हैं.
पेट्रोल-डीजल की निगरानी के लिए पंप पर जिम्मेदार कर्मचारियों की मौजूदगी में ग्राहक अपने हाथों से पेट्रोल-डीजल भर सकते हैं. इस पूरी प्रक्रिया में सुरक्षा और सावधानियों का खास ध्यान रखा जाता है. सबसे पहले सेल्फ सर्विस के तहत पेट्रोल भरवाने पहुंचे ग्राहक को मौजूद मैनेजर, पंप संचालक या जिम्मेदार कर्मचारी की ओर से मशीन चलाने की जानकारी देने के साथ ही पेट्रोल भरने का सही तरीका समझाया जाता है. इसके बाद जिम्मेदार कर्मचारी की मौजूदगी में ही ग्राहक को स्वयं पेट्रोल भरने की अनुमति दी जाती है.
ग्राउंड पर ZEE मीडिया टीमइस नई व्यवस्था को करीब से जानने और समझने के लिए ZEE मीडिया की टीम ग्राउंड पर पहुंची. जहां पर उन्होंने पेट्रोल पंप मैनेजर और ग्राहकों दोनों से अलग-अलग बातचीत की. इस नई सुविधा के बारे में विस्तार से जानकारी ली. इतना ही नहीं, उन्होंने खुद भी मशीन चलाने की प्रक्रिया को समझा. साथ ही जिम्मेदार कर्मचारी की मौजूदगी में अपने हाथों से गाड़ी में पेट्रोल भरकर नई सुविधा का अनुभव किया.
इसके बारे में पेट्रोल पंप प्रबंधन का कहना है कि सेल्फ सर्विस शुरू करने का मकसद सिर्फ ग्राहकों को एक नया अनुभव देना है. उनकी सुविधा बढ़ाना और उनके भरोसे को और मजबूत करना है. इस व्यवस्था के तहत ग्राहक मशीन को ऑपरेट करने की जानकारी लेते हैं, जरूरी सावधानियों को समझते हैं. फिर अपने हाथों से गाड़ी में पेट्रोल भरते हैं.
पेट्रोल पंप प्रबंधन की निगरानी में संचालित हो रही इस पहल को लेकर ग्राहकों में भी उत्सुकता देखने को मिल रही है. लोग इस नई व्यवस्था को समझ रहे हैं. खुद पेट्रोल भरने के अनुभव को लेकर अपनी राय भी साझा कर रहे हैं. ऐसे ही एक ग्राहक अपनी कार में सेल्फ सर्विस का इस्तेमाल करते दिखे. उनसे बात की, तो उन्होंने बताया कि यह एक अच्छा अनुभव है. उन्हें संतुष्टि है कि वे खुद पेट्रोल भर रहे हैं और इस तरह उन्हें भरोसा रहता है कि पेट्रोल सही मात्रा में भरा जा रहा है.
गौरतलब है कि इंदौर हमेशा से अपने नवाचारों के लिए जाना जाता है. अब पेट्रोल पंप पर शुरू हुई एक सेल्फ सर्विस सुविधा भी इसी दिशा में एक नई पहल है. यहां ग्राहक खुद अपने हाथों से गाड़ी में पेट्रोल भर सकते हैं. हालांकि, इसके लिए जिम्मेदार कर्मचारियों की मौजूदगी और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन जरूरी है. वहीं पेट्रोल पंप प्रबंधन का दावा है कि इस तरह की सुविधा प्रदेशभर में पहली बार शुरू की गई है.