App

5 प्लॉट का झांसा... 3.16 करोड़ की ठगी, 12 साल पुरानी दोस्ती ने इंदौर के दूध कारोबारी को ऐसे लगाया चूना

मध्य प्रदेश के इंदौर में जमीन के सौदा के नाम पर दूध कारोबारी से करोड़ों की ठगी हुई है. बताया जा रहा है कि आरोपियों ने 5 प्लॉट और 37 हजार वर्गफीट से ज्यादा जमीन दिलाने का झांसा दिया था. फिलहाल, क्राइम ब्रांच ने चार आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की है.

5 प्लॉट का झांसा... 3.16 करोड़ की ठगी, 12 साल पुरानी दोस्ती ने इंदौर के दूध कारोबारी को ऐसे लगाया चूना
Image Credit: ZEE CREATIVE

इंदौर में जमीन से जुड़े कारोबार के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 12 साल पुरानी पहचान और भरोसे का फायदा उठाकर एक दूध कारोबारी से 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये हड़प लिए गए. आरोपियों ने पहले कम कीमत में पांच प्लॉट दिलाने का झांसा दिया और फिर महू में हजारों वर्गफीट जमीन का बड़ा सौदा दिखाकर करोड़ों रुपये वसूल लिए. लेकिन जब रजिस्ट्री और कब्जे की बारी आई तो आरोपियों ने हाथ खड़े कर दिए. क्राइम ब्रांच की जांच के बाद चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है.

दरअसल, जूनी इंदौर के रूपराम नगर निवासी सतीश गुर्जर दूध का व्यवसाय करते हैं. उनकी दुकान पर करीब 12 साल से संजय कर्दम दूध लेने आता था. इसी पुरानी पहचान का फायदा उठाते हुए संजय ने सतीश की मुलाकात अपने साथियों हरगुन आहूजा और संतोष सचदेवा से कराई.

कितने में तय हुआ था यह सौदा

साल 2022 में आरोपियों ने खुद को यंग एंड ग्रो कंपनी का प्रोपराइटर बताते हुए करीब 60 लाख रुपये में पांच प्लॉट दिलाने का सौदा किया. सतीश ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से भुगतान भी कर दिया, लेकिन न प्लॉट मिले और न रजिस्ट्री हुई. इसके बाद आरोपियों ने महू के ग्राम सोनवाय स्थित रीगेन रीजेंसी में 37 हजार वर्गफीट से अधिक जमीन का नया सौदा दिखाया. इसमें सतीश के साथी मुकेश को भी शामिल किया गया. जमीन का सौदा 5 करोड़ 63 लाख 17 हजार रुपये में तय हुआ.

शुरुआत में 1 करोड़ 6 लाख लिए

आरोप है कि शुरुआत में 1 करोड़ 6 लाख रुपये नकद लिए गए. उसके बाद कॉलोनी विकास, सरकारी अनुमतियों और न्यायालयीन प्रक्रियाओं के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई. इस तरह आरोपियों ने कुल 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये ले लिए, लेकिन जब सतीश रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाने लगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे. शक होने पर जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां कृषि डेवलपर्स का बोर्ड लगा मिला.

ये भी पढ़ेंः कटनी जमीन रजिस्ट्री केस: CSP नेहा पच्चीसिया की FIR रद्द कराने की याचिका खारिज, 11 पॉइंट में समझें पूरा मामला

इन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

जांच में पता चला कि जिस जमीन का सौदा कराया गया था, वह किसी अन्य व्यक्ति रितेश बंसल की है. इतना ही नहीं, आरोपी परेश छेड़ा की पहचान से जुड़े आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज भी कथित तौर पर अलग-अलग और फर्जी पाए गए. ठगी का अहसास होने के बाद फरियादी ने आरोपियों को कोर्ट के माध्यम से नोटिस भिजवाए और क्राइम ब्रांच में शिकायत की. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि जांच के बाद क्राइम ब्रांच ने संजय कर्दम, हरगुन आहूजा, संतोष सचदेवा और परेश छेड़ा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. फिलहाल, पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ पूरे लेन-देन और जमीन के दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है.

(रिपोर्टः यत्नेश सेन, इंदौर)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Manish Kushawah

Manish Kushawah

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More