25 लाख के लालच में रिश्तों का कत्ल! पहले पिता को मारकर बोरे में भरा, अगले दिन बहन का घोंटा गला! इंदौर में दोहरे हत्याकांड से सनसनी
इंदौर में 25 लाख रुपए और संपत्ति के विवाद में बेटे पर पिता और बहन की हत्या का आरोप है. पुलिस के मुताबिक, हर्ष ने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पहले पिता राजू यादव की हत्या की, फिर बहन हर्षिता का गला घोंट दिया. हर्ष फरार है, जबकि उसका साथी हिरासत में है.
Indore Double Murder Case: मध्य प्रदेश के इंदौर में एक ऐसा दोहरा हत्याकांड सामने आया है, जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया. यहां 25 लाख रुपए और संपत्ति के विवाद में एक बेटे पर अपने ही पिता और सगी बहन की हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी हर्ष ने अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर पहले पिता की हत्या की और फिर अगले दिन बहन को भी मार डाला. पुलिस ने आरोपी के साथी को हिरासत में लिया है, जबकि हर्ष फरार है.
पहले पिता की हत्या, फिर बहन का घोंटा गला
पुलिस जांच के मुताबिक, 18 नवंबर को राजू यादव की हत्या कर उनके शव को बोरे में बंद करके ठिकाने लगाया गया. उनका शव हातोद थाना क्षेत्र के जम्बूड़ी हप्सी इलाके में नाले के पास मिला. शव का एक हाथ भी कटा हुआ था. इसके अगले दिन यानी 19 नवंबर को एरोड्रम थाना क्षेत्र के कालानी नगर स्थित किराए के फ्लैट में 22 वर्षीय हर्षिता यादव की हत्या कर दी गई. हर्षिता का शव कमरे में मिला. उसके गले में दुपट्टा कसा हुआ था.
25 लाख और संपत्ति के दस्तावेजों को लेकर विवाद
शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार में पैसों और संपत्ति के दस्तावेजों को लेकर विवाद चल रहा था. आरोप है कि हर्ष अपने पिता से इसी बात को लेकर नाराज था. पुलिस के मुताबिक, हर्ष ने अपने साथी अमन के साथ मिलकर पिता और बहन की हत्या की साजिश रची. हत्याकांड के पीछे 25 लाख रुपए और संपत्ति का लालच होने की बात सामने आई है.
CCTV फुटेज से जुड़ी हत्याकांड की कड़ियां
हर्षिता का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. इस दौरान पिता राजू यादव की तलाश में दूसरे शव का भी पता चला. सीसीटीवी फुटेज और पुलिस की पड़ताल में आरोपी के साथी की भूमिका सामने आई. इसके बाद पुलिस ने अमन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. वहीं, मुख्य आरोपी हर्ष अभी फरार है. पुलिस की टीमें उसकी तलाश कर रही हैं. दोहरे हत्याकांड से जुड़े बाकी पहलुओं की भी जांच जारी है.