'श्रीराम का वीडियो मत देखो...', कहकर पत्नी पर तलवार से हमला, ग्वालियर की हैरान कर देने वाली घटना
ग्वालियर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. भगवान श्री राम का वीडियो देखने पर पति ने पत्नी पर तलवार से हमला कर दिया. घायल पत्नी का अस्पताल में इलाज चल रहा है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शरू कर दी है.
ग्वालियर जिले के हजारी थाना इलाके के बड़ागेट कांचमील में भगवान के नाम पर पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं. मोबाइल पर भगवान श्री राम का वीडियो देखने को लेकर हुए विवाद के बाद पति ने पत्नी पर मंदिर में रखी तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे परिजन जेएएच ट्रामा सेंटर लेकर गए. जहां पर उसका इलाज चल रहा है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
दरअसल, यह मामला 26 अक्टूबर दिन सोमवार रात 11.30 बजे की बताया जा रहा है. हजारी थाना इलाके के बड़ागेट कांचमिल के रहने वाली 36 साल की महिला फरियादिया रेवती उर्फ रीतू तोमर पर उसके पति ने तलवार से हमला कर दिया. रीतू तोमर ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बच्ची के साथ घर के कमरे में मोबाइल पर भगवान श्री राम के वीडियो देख रही थी.
श्री राम के वीडियो मत देखा करो
इसी दौरान रीतू तोमर का पति करनवीर उर्फ करू सिंह तोमर आया. उसने बोला कि श्री राम के वीडियो मत देखो, महाकाल के वीडियो देखा करो. इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. रीतू ने आरोप लगाया कि पति ने कहा कि तुझसे मैं तलाक लूंगा. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि करनवीर गुस्से में आकर मंदिर में रखी तलवार लेकर आ गया.
पत्नी पर तलवार से किया हमला
रीतू ने आगे बताया कि तलवार हाथ में लेकर चिल्लाते हुए बोला कि तुझे आज जान से मार दूंगा. इसके बाद उसने जान से मारने की नीयत से उसके सिर और हाथ पर तलवार से हमला कर दिया. हाथ पर तलवार लगने से कलाई में गहरी चोट आई. वह चीखती हुई घर के बाहर भागी तो आरोपी ने पीछे से गर्दन और घुटने पर भी हमला कर दिया, जिससे सिर, गर्दन और घुटने में गंभीर चोटें आईं.
ये भी पढ़ेंः 6 महीने लिव-इन, फिर खंडवा के मंदिर में शादी… कुछ देर बाद ऐसा क्या हुआ कि मंसूरी को ले गए परिजन?
पुलिस मामले की जांच में जुटी
इसके बाद रीतू खून से लथपथ किसी तरह पड़ोसी के घर में घुस गई और अंदर से गेट बंद कर लिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गई. शोरगुल सुनकर पड़ोसी और परिजनों ने उसे तुरंत जेएच अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया. वहीं सीएसपी नागेंद्र सिकरवार का कहना है कि पुलिस ने पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी पति करनवीर उर्फ करू तोमर के खिलाफ हत्या के प्रयास में मामला दर्ज कर लिया है. हालांकि, आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
(रिपोर्टः करतार सिंह राजपूत, ग्वालियर)