SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

भोपाल में खुलेआम बिक रही 7 दिन में गोरा करने का दावा करने वाली खतरनाक 'पाकिस्तानी क्रीम'! Zee मीडिया के खुलासे पर एक्शन में सरकार

सात दिन में गोरा करने का दावा करने वाली पाकिस्तानी क्रीम 'गोरी' भोपाल के बाजारों में बेची जा रही है. दुकानदार क्रीम को सुरक्षित बताते हुए इसके नुकसान से इनकार कर रहे हैं, लेकिन डॉक्टर ने इसे खतरनाक बताया है.

Written By Pramod Sharma
Published: Nov 11, 2026, 02:59 PM IST | Updated: Nov 11, 2026, 03:31 PM IST
Image Credit: सवाल है की पाकिस्तानी क्रीम इंडियन मार्केट में पहुंच कैसे रही है?
Join

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गोरेपन का दावा करने वाली पाकिस्तानी कॉस्मेटिक क्रीम का अवैध और खतरनाक कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है. इसको लेकर Zee मीडिया ने बड़ा खुलासा किया, जिसके बाद मध्य प्रदेश सरकार एक्शन में आ गई है और मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि पाकिस्तान क्रीम पर तत्काल पाबंदी लगाई जाएगी. हैरानी की बात यह है कि महज 7 दिन में रंग गोरा करने का दावा करने वाली कथित पाकिस्तानी क्रीम 'गोरी' बाजार में पुलिस चौकियों के इर्द-गिर्द स्थित दुकानों पर भी खुलेआम बिक रही है.

पाकिस्तानी क्रीम 'गोरी' को लेकर डॉक्टर ने चेतावनी दी है और बताया कि इस तरह की अमानक क्रीमों में अत्यधिक मात्रा में स्टेरॉयड, हाइड्रोक्विनोन और मरकरी (पारा) मिला होता है, जो त्वचा की प्राकृतिक चमक और कोशिकाओं को पूरी तरह नष्ट कर देता है. इसके नियमित इस्तेमाल से न सिर्फ त्वचा स्थायी रूप से खराब हो जाती है, बल्कि स्वास्थ्य पर भी गंभीर और घातक दुष्प्रभाव पड़ने का खतरा रहता है. इस खुलासे के बाद अब खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी बड़े सवाल खड़े हो गए हैं कि आखिर बिना लाइसेंस और बैन के यह खतरनाक उत्पाद देश के बाजारों तक कैसे पहुंच रहे हैं.

इंडिया से की जा रही देश के दुश्मनों की आर्थिक मदद?

सात दिन में गोरा करने का दावा करने वाली कथित पाकिस्तानी क्रीम 'गोरी' भोपाल के बाजारों में खुलेआम बेची जा रही है. इससे साफ हो गया है कि पाकिस्तान का कारोबार भोपाल में फैला हुआ है और देश दुश्मनों की आर्थिक मदद इंडिया से की जा रही है. ज़ी मीडिया संवाददाता प्रमोद शर्मा ने भोपाल मार्केट से इस क्रीम को खरीदा. खुफिया कैमरे में क्रीम बेचने वाले दुकानदार भी कैद हुए हैं. दुकानदार क्रीम को सुरक्षित बताते हुए इसके नुकसान से इनकार कर रहे हैं, लेकिन बड़ा सवाल है की पाकिस्तानी क्रीम इंडिया मार्केट में पहुंच कैसे रही है? हैरानी की बात यह है कि जिस दुकान से क्रीम खरीदी गई, वहां पुलिस जवान की तैनाती के बावजूद कथित पाकिस्तानी उत्पाद धड़ल्ले से बिकता नजर आया.

क्या जानबूझकर पहुंचाया जा रहा देश के दुश्मनों को आर्थिक फायदा?

दुकानदार कैमरे पर कह रहे हैं कि ये पाकिस्तानी क्रीम है, तो क्या जानबूझकर देश के दुश्मनों को आर्थिक फायदा पहुंचाया जा रहा है? आखिर इसकी सप्लाई चेन कहां से चल रही है और महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों तक यह कैसे पहुंच रही है? जिस दुकान पर पाकिस्तानी क्रीम बेची जा रही है, उसके बाहर पुलिस वाले खड़े हैं. इसके बावजूद दुकानदार को कोई डर नही है.

दुकानदारों के पास पाकिस्तानी क्रीम का थोक स्टॉक है और धड़ल्ले से बेच रहे हैं. हमने अशरफी यूनानी दवाखाना से पाकिस्तानी क्रीम गोरी 430 रुपये में खरीदी. दुकानदार ने दावा किया कि इस क्रीम के कोई साइड इफेक्ट नहीं है. दूसरी दुकान सिलेक्शन सेंटर के पास से क्रीम खरीदी, जिसके पास खतरनाक क्रीम का भरपूर स्टॉक है. दुकानदार ने कहा कि जितना लेना हो मिलेगा, हमें कोई डर नहीं है. इसके बाद यह सवाल उठने लगा है कि कि खाद्य एवं औषधि प्रशासन और पुलिस इस कथित सप्लाई नेटवर्क में शामिल है या नागपुर जैसी घटना का इंतजार कर रहे है?

ये भी पढ़ें- भोपाल में धड़ल्ले से बिक रही भारत में बैन पाकिस्तानी क्रीम, ZEE NEWS की पड़ताल में दुकानदार ने बताई चौंकाने वाली बात

नागपुर में 18 महिलाओं को गंभीर किडनी की समस्या

इस साल के शुरुआत में नागपुर में कुछ महिलाओं में किडनी डिसऑर्डर की समस्या सामने आई थी, जिसके पीछे पाकिस्तान में बनी 'गोरी ब्यूटी क्रीम' के इस्तेमाल की बात कही गई थी. बताया गया कि इस पाकिस्तानी स्किन-व्हाइटनिंग क्रीम के इस्तेमाल से कम से कम 18 महिलाओं और लड़कियों को गंभीर किडनी की समस्या हो गई थी. इसके बाद महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) और लैब जांच में सामने आया कि इस पाकिस्तानी क्रीम में तय सीमा से 752 गुना ज्यादा Mercury और खतरनाक मात्रा में लेड पाया गया. इसके बाद महाराष्ट्र FDA ने इस पाकिस्तानी क्रीम के स्टॉक, बिक्री और वितरण पर पूरे राज्य में प्रतिबंध लगा दिया.

पाकिस्तानी क्रीम कितनी खतरनाक? डॉक्टर ने दी चेतावनी

हमने इस क्रीम को लेकर भोपाल के गांधी मेडिकल कॉलेज एवं हमीदिया हॉस्पिटल के वरिष्ठ चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन पंड्या से बात की. डॉ. नितिन ने कहा कि गोरा दिखने की चाह में लोग हानिकारक क्रीम लगा रहे हैं. मार्केट में मेड इन पाकिस्तान क्रीम बहुत प्रचलन में है और आसानी से बेची जा रही है, जो स्किन के नेचुरल वाइटल्स को खत्म करती है. इसमें स्टेरॉयड और मरकरी की मात्रा अत्यधिक है. यह स्किन के लिए बेहद हानिकारक है और इस पर तत्काल पाबंदी लगाकर बेचने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए.

डॉ. नितिन पंड्या ने बताया, 'हमारे यहां गोरी स्किन को लेकर एक ऑब्सेशन है. इस ऑब्सेशन के कारण युवा और बड़े लोग भी लगातार इस कोशिश में रहते हैं कि ऐसी कोई क्रीम मिल जाए, जिससे स्किन का कलर या स्किन के टोन लाइट हो जाएं. इस समय मार्केट में मेड इन पाकिस्तान लिखी हुई एक गोरी क्रीम काफी प्रचलित है, जो बहुत ही सरलता से किसी भी किराना की दुकान, प्रोविजन स्टोर और मेडिकल स्टोर पर उपलब्ध है. इसमें नागपुर से कई सारी ऐसी रिपोर्ट आई हैं, जिसमें हाई क्वांटिटी ऑफ मरकरी मिला है. इस कारण कई सारे केसेस आए हैं, जिनमें किडनी फेल्योर देखा गया है और कई महिलाओं की मृत्यु भी हो गई है. इसके बाद भी गोरी क्रीम लगातार मेडिकल स्टोर्स पर अभी भी मिल जाती है.'

उन्होंने आगे बताया, 'यह अपने आप में एक कठिन परिस्थिति है, क्योंकि गोरा दिखने की चाह में गोरी क्रीम लगा कर वाइटल ऑर्गन्स को डिस्ट्रॉय करना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है. इसके अलावा गोरी क्रीम के साथ और भी बहुत सारे क्रीम हैं, जिनके नाम कुछ इस तरह से ही है और युवाओं को आकर्षक लगते हैं. उन क्रीम में भी कोर्टिकोस्टेरॉइड्स या स्टेरॉयड मिले हुए होते हैं, साथ में हाइड्रोक्यूनोन होता है और स्किन को पील ऑफ करने के एजेंट होते हैं. ऐसे कॉम्बिनेशन खतरनाक होते हैं और उनसे स्किन में टेंपरेरी गोरापन आता है, लेकिन स्किन पतली हो जाती है. इसके इस्तेमाल से बाद में चेहरे पर बहुत सारे बाल आ जाते हैं. स्किन की कुदरती चीजों को झेलने की ताकत खत्म हो जाती है. धूप में स्किन लाल हो जाती है. ठंडा पानी भी लगता है, तो तकलीफ होती है. फिर व्यक्ति उनको छोड़ नहीं पाता, क्योंकि छोड़ने पर स्किन अत्यधिक काली हो जाती है. ऐसे लोग जब डॉक्टर के पास भी आते हैं, तो डॉक्टर को भी रिकवर करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है. इसलिए मुझे लगता है कि इस तरह के सभी अमानक क्रीमों पर वैधानिक कार्रवाई होनी चाहिए.'

एक्शन में MP सरकार, लगाएगी पाकिस्तानी क्रीम पर पाबंदी

ज़ी मीडिया के खुलासे के बाद मध्य प्रदेश सरकार एक्शन में आ गई है और कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि पाकिस्तान क्रीम मध्य प्रदेश में नहीं बिकने देंगे. उन्होंने कहा कि जानकारी में आया है कि पाकिस्तान में बनी क्रीम भोपाल में बेची जा रही है. इस पर तत्काल इस पर पाबंदी लगाई जाएगी और इसकी बिक्री करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी. महाराष्ट्र में यह क्रीम बैन है और एमपी में भी बैन की जाएगी. इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी क्रीम कैसे मध्य प्रदेश तक आ रही है और इसकी सप्लाई कौन कर रहा है, इसकी भी जांच की जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रमोद शर्मा ज़ी न्यूज़ में एसोसिएट एडिटर हैं और पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें एक दशक से अधिक का अनुभव है. अपनी बेबाक, तथ्यपरक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाने वाले प्रमोद शर्मा ने देश के कई संवेदनशील मुद्दों पर ऐसी खोजी रिपोर्टें की हैं, जिन्होंने व्यापक जनचर्चा के साथ-साथ लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है. उनकी चर्चित रिपोर्टों में बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति और उन पर होने वाले अत्याचार, पश्चिम बंगाल में हिंदुओं के कथित अर्धधर्मांतरण जैसे विषय प्रमुख रहे हैं.प्रमोद शर्मा ज़ी न्यूज़ के लोकप्रिय चुनावी शो 'चुनावी दूरबीन' के होस्ट भी हैं. इस कार्यक्रम के माध्यम से वे चुनावी राज्यों की राजनीतिक नब्ज़, ज़मीनी समीकरण, मतदाताओं का मूड और सत्ता की वास्तविक तस्वीर दर्शकों तक सरल और तथ्यात्मक अंदाज में पहुंचाते हैं. उन्होंने पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, बिहार, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ सहित देश के कई राज्यों में व्यापक ग्राउंड इन्वेस्टिगेशन किए हैं. उनकी कई खोजी रिपोर्टों ने प्रशासनिक व्यवस्था की कमियों को उजागर किया और संबंधित सरकारों व एजेंसियों को कार्रवाई के लिए प्रेरित किया.यदि आप प्रमोद शर्मा से सीधे जुड़ना चाहते हैं, तो उन्हें ईमेल कर सकते हैं: Pramod2.sharma@zeemedia.com. इसके अलावा इंस्टाग्राम (@Zee_Pramod) पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES