SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नीमच को 272 करोड़ की सौगात: CM मोहन यादव ने 111 विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन, औद्योगिक हब बनाने का भी ऐलान

गोपाष्टमी के मौके पर सीएम मोहन यादव ने नीमच के मनासा में 271.99 करोड़ रुपए के 111 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इनमें सड़क, पुल, छात्रावास, गौशाला, क्रिटिकल केयर अस्पताल और ग्रामीण सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 17, 2026, 20:47 IST | Updated: Nov 17, 2026, 20:51 IST
Image Credit: ZEE NEWS
Join

गोपाष्टमी पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 17 नवंबर को नीमच को बड़ी सौगात दी है. उन्होंने मनासा के मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में 271.99 करोड़ रुपए की लागत के 111 विकास, निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया. इससे पहले मनासा में सीएम का भव्य रोड शो हुआ. रोड शो के दौरान जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विभिन्न समाजों ने पुष्प वर्षा कर सीएम का जोरदार स्वागत किया. इस दौरान सड़क के दोनों तरफ जनसैलाब भी देखने को मिला है. वहीं मुख्यमंत्री ने भी हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन स्वीकार किया और आभार व्यक्त किया.

इस मौके पर सीएम मोहन यादव ने कहा कि नीमच-मंदसौर जिले को इंडस्ट्रियल पार्क की सौगात मिल रही है. यह क्षेत्र देश का बड़ा औद्योगिक हब बनेगा. चीता परियोजना से नीमच-मंदसौर क्षेत्र देश के प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगा. ग्रीनको कंपनी के प्रोजेक्ट से 1920 मेगावाट बिजली पैदा होगी. बिजली के मामले में प्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अल्प वर्षा को देखते हुए राजस्व पुस्तक परिपत्र भाग 6-4 के तहत किसानों को हर संभव मदद करने के निर्देश अधिकारियों को दिए.

विकास कार्यों से क्या-क्या फायदा होगा?

सीएम मोहन यादव ने कहा कि गांव-गांव तक पक्की सड़क, बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए राज्य सरकार संकल्पित है. इसी क्रम में नीमच जिले के मनासा, जावद, नीमच और मल्हारगढ़ क्षेत्र में विकास कार्यों की यह बड़ी सौगात दी जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, किसानों को सिंचाई सुविधा मिलेगी. विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा, स्वास्थ्य सुविधाएं सुदृढ़ होंगी और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत अधोसंरचना मजबूत होगी.

दुकानों और छात्रावास का होगा निर्माण

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की घोषणा के बाद लोक निर्माण विभाग के 124.87 करोड़ लागत के 13 सड़क निर्माण एवं मजबूतीकरण कार्य किए जाएंगे. नगर पालिका नीमच के 1.10 करोड़ लागत के चांदीपुरा एप्रोच से श्याम बुद्धिन दरगाह तक सीसी रोड निर्माण कार्य किया जाएगा. लोक निर्माण विभाग (भवन) नीमच के 21.82 करोड़ लागत के 8 कार्य किए जाएंगे. इनमें शासकीय महात्मा गांधी महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में फर्नीचर, एसी, वॉल पैनल, ग्रीन हाउस, साउंड सिस्टम एवं इलेक्ट्रिक इत्यादि लगाए जाएंगे.

उन्होंने आगे बताया कि सब-जेल जावद में G+1 के ड्यूप ब्लॉक आवास गृह निर्माण किया जाएगा. नीमच में 50 सीटर अनुसूचित जाति सीनियर कन्या छात्रावास क्र. 03 का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा, श्री भादवामाता मंदिर जिला नीमच में शेड निर्माण, पार्किंग निर्माण, श्री भादवामाता मंदिर जिला नीमच में 70 दुकानों का निर्माण, सामनवती जिला नीमच में नेताजी सुभाषचंद्र बोस 50 सीटर बालिका छात्रावास निर्माण तथा जिला नीमच में भादवामाता मंदिर के शिखर का निर्माण कार्य किया जाएगा.

उच्च स्तरीय पुल और मिशन पंचायत के होंगे काम

जल संसाधन विभाग के 9 करोड़ लागत की 2 लघु सिंचाई परियोजनाओं पर काम किया जाएगा. लोक निर्माण विभाग (सेतु) के 4.95 करोड़ लागत के मनासा में सीतामऊ रोड के नाले पर उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कार्य किया जाएगा. पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के 32.89 करोड़ लागत के 6 कार्य किए जाएंगे.

इनमें मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना अंतर्गत नवीन गौशाला निर्माण, विभिन्न शासकीय महाविद्यालयों एवं विद्यालयों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशाला निर्माण तथा नीमच जिले अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र नीमच, जावद, मनासा में कुल 19 आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य किए जाएंगे. मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के 42.24 करोड़ लागत के 30 ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य किए जाएंगे.

नगर परिषद मनासा के 5.71 करोड़ लागत के आरएलबी चौराहा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण कार्य किए जाएंगे. स्विमिंग पूल बनाया जाएगा. शिक्षा विभाग के 5.80 करोड़ लागत के 4 कार्य किए जाएंगे. इनमें शासकीय कन्या उमावि जीरन, शासकीय उमावि सरवानिया महाराज एवं शासकीय उमावि देवरी खवासा में फिजिक्स-केमेस्ट्री-बायोलॉजी लैब तथा शिक्षा विभाग अंतर्गत मिशन पंचायत के कार्य सम्मिलित हैं.

क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल सहित ग्राम पंचायतों के होंगे काम

जिला स्वास्थ्य विभाग के प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन (पीएम-एबीएचआईएम) अंतर्गत 17.04 करोड़ लागत के 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक (सीसीएचबी) जिला चिकित्सालय, के निर्माण कार्य तथा जनपद पंचायत मनासा के 6.57 करोड़ लागत के 43 कार्य किए जाएंगे.

इनमें विभिन्न ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन, सीसी रोड, सीसी नाली, सार्वजनिक शौचालय, सामुदायिक भवन, कम्युनिटी हॉल-डोम, अमृत सरोवर 2.0 अंतर्गत ग्राम पंचायत डोडर ब्लाक, बारबडीया, मंजिरिया, चिकली ब्लाक एवं फूलपुरा के 5 काम और आंगनबाड़ी भवन निर्माण अंतर्गत कुन्दवासा, भदवा, भदवास-रतन पुरा, महागढ़, केजाड़ा एवं भाटखेड़ीबुजुर्ग के 6 कार्य सम्मिलित हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES