SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

होमवर्क नहीं किया तो 5वीं के छात्र को बेरहमी से पीटा, गाल-कान पर चोट के निशान, टीचर पर FIR

Bhopal News: बागसेवनिया इलाके में एक टीचर ने होमवर्क पूरा न करने पर 5वीं क्लास के एक स्टूडेंट की बेरहमी से पिटाई कर दी. बच्चे की हालत देखकर उसकी मां ने तुरंत बागसेवनिया पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.

Written By Ranjana Kahar
Published: Oct 08, 2026, 07:51 AM IST | Updated: Oct 08, 2026, 07:53 AM IST
Image Credit: होमवर्क नहीं किया तो 5वीं के छात्र को बेरहमी से पीटा
Join

राजधानी भोपाल के बागसेवनिया पुलिस स्टेशन इलाके से शिक्षा की गरिमा को शर्मसार करने वाली एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है.  यहां होमवर्क पूरा न होने जैसी मामूली बात पर एक कोचिंग टीचर ने इंसानियत की सारी हदें पार करते हुए 5वीं कक्षा के एक मासूम छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट की. बताया जा रहा है कि जब बच्चा कोचिंग से घर लौटा, तो उसके गाल और कान पर गंभीर चोट के निशान थे. बच्चे की हालत देखकर परिवार वाले हैरान रह गए. बिना देर किए बच्चे की मां बागसेवनिया पुलिस स्टेशन पहुंची और शिकायत दर्ज कराई. शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी टीचर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

होमवर्क नहीं किया तो 5वीं के छात्र को बेरहमी से पीटा
जानकारी के अनुसार, पीड़ित बच्चा बागसेवनिया में कृष्णा आर्केड के सामने स्थित एडिक्शन क्लासेस में ट्यूशन पढ़ने गया था. वहां के टीचर राहुल गौर ने बच्चे द्वारा होमवर्क न किए जाने पर आपा खो दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी. जब बच्चा रोते हुए घर लौटा, तो घरवालों ने उसके चेहरे और कानों पर थप्पड़ और घूंसों के गहरे लाल निशान देखे. बच्चे से घटना के बारे में सुनकर परिवार वाले गुस्से से भर गए.

टीचर पर FIR दर्ज
मासूम छात्र की मां तुरंत बच्चे को बागसेवनिया पुलिस स्टेशन ले गईं और आरोपी टीचर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. मां की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी कोचिंग टीचर राहुल गौर के खिलाफ मामला (FIR) दर्ज कर लिया है. इस घटना से स्थानीय लोगों और अभिभावकों में भारी आक्रोश है और इसने कोचिंग संस्थानों में बच्चों की शारीरिक और मानसिक सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

पहले भी आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
पहले भी कई बार शिक्षकों द्वारा छात्रों के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आई हैं. इससे पहले भोपाल के एक सरकारी स्कूल में एक साइंस टीचर पर मारपीट का आरोप लगने के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया. शिवपुरी जिले के कैलाश इलाके के उकवाल गांव में एक प्राइमरी स्कूल टीचर पर चौथी कक्षा के 8 साल के छात्र को छड़ी से पीटने का आरोप लगा था, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज किया. 

वहीं अब भोपाल की इस हालिया घटना ने कोचिंग संस्थानों में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षकों के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. शिक्षा का मकसद मार्गदर्शन और ज्ञान देना है, न कि डर और हिंसा का माहौल बनाना. आरोपी टीचर के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई से यह साफ संदेश जाता है कि बच्चों के साथ किसी भी तरह की शारीरिक या मानसिक प्रताड़ना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रंजना कहार एक डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया और डेस्क ऑपरेशंस के क्षेत्र में 4 सालों से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीतिक हलचलों, क्राइम और स्थानीय मुद्दों (हाइपरलोकल खबरों) की सटीक, निष्पक्ष व तथ्य-आधारित कवरेज में उनकी एक्सपर्टीज है.छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (बिलासपुर) से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद रंजना ने अपने करियर की शुरुआत ETV भारत से की थी. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने APN न्यूज़ के साथ भी काम किया है. कंटेंट एडिटिंग, न्यूज़ प्रोडक्शन और डेस्क मैनेजमेंट पर मजबूत पकड़ होने के कारण वे रीडर्स तक खबरें तेजी, गुणवत्ता और प्रामाणिकता के साथ पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.रंजना कहार से आप ranjana.kahar@india.com पर ईमेल के माध्यम से सीधे संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES