SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पहले कल्पना, अब मीना... आखिर प्रसव के दौरान क्यों जा रही जच्चा-बच्चा की जान? परिजनों के गंभीर आरोप

छिंदवाड़ा अस्पताल में एक गर्भवती और उसके नवजात की मौत का मामला सामने आया है. परिजनों ने डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है.

Written By Manish Kushawah
Published: Oct 20, 2026, 05:11 PM IST | Updated: Oct 20, 2026, 05:26 PM IST
Image Credit: ZEE NEWS
Join

छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान 28 वर्षीय गर्भवती महिला मीना प्रजापति और उसके नवजात की मौत के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. घटना के बाद अस्पताल में देर रात से सुबह तक हंगामे की स्थिति बनी रही. आक्रोशित परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और सड़क पर चक्काजाम भी किया. बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए.

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मीना पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थी. उसकी हालत को लेकर परिजन चिंतित थे. उनका आरोप है कि मीना लगातार दर्द की शिकायत कर रही थी और उसने डॉक्टरों से सिजेरियन ऑपरेशन करने की गुहार भी लगाई. परिजनों का दावा है कि मीना ने डॉक्टरों के पैर तक छुए, लेकिन उसे तत्काल ऑपरेशन की सुविधा नहीं मिली. आरोप है कि डॉक्टर ने उनकी मांग पर ऑपरेशन करने से इनकार करते हुए कहा कि ऑपरेशन के बारे में उन्हें क्या समझ है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

परिजनों ने लगाए कई गंभीर आरोप

वहीं परिजनों का कहना है कि हालत बेहद नाजुक होने के बाद ऑपरेशन किया गया. इसके बाद डॉक्टर ने नवजात को नहीं बचा पाने की जानकारी दी. परिजनों ने आगे बताया कि करीब 10 मिनट बाद मीना की भी मौत हो गई. उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर हरीश और शीतल सहित अस्पताल के स्टाफ पर इलाज में देरी और लापरवाही के आरोप लगाए हैं. एनेस्थीसिया का पर्याप्त असर होने से पहले ऑपरेशन शुरू करने का आरोप भी लगाया गया है. इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

डॉक्टर और परिजनों के बीच विवाद

घटना के बाद परिजनों और डॉक्टर के बीच विवाद होने की जानकारी भी सामने आई है. अस्पताल में हुए घटनाक्रम को स्पष्ट करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन से निष्पक्ष जांच की मांग की है. उनका कहना है कि मामले की जांच अस्पताल के अपने कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए.

ये भी पढ़ेंः कल्पना मिश्रा मामलाः 43 बाद एक और डॉक्टर पर गिरी गाज, जानिए क्या है विवाद?

पुलिस ने दर्ज किया मर्ग, जांच जारी

कोतवाली थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने बताया कि मीना प्रजापति (28), पति विवेक प्रजापति, निवासी बारांगा खुर्द, देहात थाना क्षेत्र, प्रसव के लिए जिला अस्पताल आई थी और पिछले तीन दिनों से भर्ती थी. उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. महिला गर्भवती थी परिजनों ने डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

(रिपोर्टः अंकित वाइकर, छिंदवाड़ा)
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES