मध्य प्रदेश के इंदौर में MIG पुलिस थाना क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां मासूम बच्चियों के साथ क्रूरता की सारी हदें पार कर दी गईं. MR-9 चौराहे के पास शहनाई रेजीडेंसी में रहने वाली एक रिटायर्ड स्कूल शिक्षिका ने दशहरा के शुभ अवसर पर सात बच्चियों को अपने घर कन्या भोज के लिए बुलाया था. भोजन और पूजा-पाठ के दौरान घर में रखा 500 रुपये का एक लिफाफा गायब हो गया. इससे नाराज होकर रिटायर्ड शिक्षिका ने बच्चियों पर चोरी का गंभीर आरोप लगा दिया. आरोप है कि उसने गुस्से में आकर सातों बच्चियों के साथ जमकर मारपीट की और फिर उन्हें एक कमरे में बंद करके बाहर से ताला लगा दिया. मासूम लड़कियां घंटों तक उस कमरे में फंसी रहीं.
घटना की जानकारी मिलने पर बच्चियों के परिजन तुरंत MIG पुलिस थाने पहुंचे और न्याय की मांग करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई. परिजनों के आक्रोश और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत आरोपी रिटायर्ड शिक्षिका के खिलाफ मारपीट और अवैध रूप से बंधक बनाने से जुड़ी विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, यह घटना इंदौर के MIG थाना क्षेत्र में BRTS MR-9 चौराहे की है. दशहरा के मौके पर एक रिटायर्ड स्कूल शिक्षिका ने कन्या भोज के लिए कई छोटी बच्चियों को अपने घर शहनाई रेजीडेंसी बुलाया था. इस दौरान 500 रुपये रखा एक लिफाफा कहीं गायब हो गया. इसके बाद गुस्से में आकर उस रिटायर्ड शिक्षिका ने सातों बच्चियों की बुरी तरह पिटाई की और उन्हें कई घंटों तक एक कमरे में बंद कर दिया. घटना का पता चलने पर, बच्चियों के परिजन MIG थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
इस बीच, इंदौर में क्रेसेंट वॉटर पार्क के सामने स्थित ठाकुर परिवार के घर के परिसर में एक तेंदुआ घुस आया है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, तेंदुआ घायल है, जिससे उसके और अधिक आक्रामक होने का खतरा बढ़ गया है. रिहायशी इलाके में अचानक जंगली जानवर के आ जाने से स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई है. वन विभाग और पुलिस प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और बचाव अभियान चला रही हैं. अधिकारियों ने आस-पास रहने वाले लोगों को घर के अंदर ही रहने और सुरक्षित रहने के सख्त निर्देश दिए हैं.