App

MP में मंत्रिमंडल विस्तार जल्द: कोर ग्रुप की बैठक में मंत्रियों के परफॉर्मेंस पर मंथन, बदले जा सकते हैं प्रभार के जिले

मध्य प्रदेश में प्रभारी मंत्रियों के जिलों में बदलाव हो सकता है. केंद्रीय मंत्रिमंडल में विस्तार के बाद एमपी में भी मंत्रिमंडल विस्तार किया जा सकता है. मंत्रियों की परफार्मेंस पर मंथन कोर ग्रुप की बैठक में हो चुका है.

MP में मंत्रिमंडल विस्तार जल्द: कोर ग्रुप की बैठक में मंत्रियों के परफॉर्मेंस पर मंथन, बदले जा सकते हैं प्रभार के जिले
Image Credit: मंत्रियों की परफार्मेंस पर मंथन कोर ग्रुप की बैठक में हो चुका है

मध्य प्रदेश में मोहन यादव कैबिनेट में बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है और जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है. इसके साथ ही प्रभारी मंत्रियों के जिलों में फेरबदल हो सकता है. संभावना जताई जा रही है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है. बताया जा रहा है कि सत्ता और संगठन के मापदंड पर खरे नहीं उतरने वाले मंत्रियों पर गाज गिर सकती है और मंत्रियों के प्रभार के जिले बदले जा सकते हैं.

कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री निवास में कोर कमेटी की बैठक हुई थी, जिसमें प्रदेश के प्रभारी विप्लव कुमार देव, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी मौजूद थे. यह बैठक सत्ता और संगठन के बीच समन्वय बिठाने को लेकर बुलाई गई थी, लेकिन इस बैठक के अंदर की बात निकल कर सामने आई है कि आने वाले समय में प्रभारी मंत्रियों के जिलों में बदलाव किया जा सकता है.

कोर कमेटी की बैठक के बाद दूसरी बैठक

बीजेपी कोर कमेटी की बैठक के बाद सीएम मोहन यादव, प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी ने अलग से बैठक की. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कई बार बैठकें कर चुके हैं और कई दिल्ली दौरा भी कर चुके हैं. सीएम मोहन यादव केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर चुके हैं अब यह माना जा रहा है कि मध्य प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार देखने को मिल सकता है. इसमें सबसे जरूरी बात यह है कि कई सारे प्रभारी मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों को बदला जा सकता है.

बैठक में किन मुद्दों पर हुई चर्चा?

कोर कमेटी की बैठक में सरकार और संगठन के बीच तालमेल बनाकर सहकारिता के एजेंडे को मजबूत करने पर रणनीतिक चर्चा की गई. साथ ही सहकारिता के जरिए पार्टी की विचारधारा को जमीन (आम लोगों) तक पहुंचाने पर जोर दिया गया. बैठक में आने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई. इसके अलावा सहकारिता के क्षेत्र में सरकार की जनहितैषी योजनाओं को समाज के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए रोडमैप तैयार करने पर बातचीत हुई.

इस बैठक में राज्य सरकार के मंत्री विश्वास सारंग, लखन पटेल, सांसद शिवमंगल सिंह तोमर, अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव, पूर्व सांसद कैलाश सोनी, विधायक रमाकांत भार्गव, नेशनल लेबर कोऑपरेटिव फेडरेशन के संचालक विवेक चतुर्वेदी और सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक किशन सिंह भटोल मौजूद रहे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sumit Rai

Sumit Rai

न्यूज़ मीडिया में 13 सालों से अधिक के अनुभव के साथ सुमित राय एक डिजिटल पत्रकार हैं. वर्तमान में सुमित राय Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम के लीड की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, क्राइम और हाइपरलोकल मुद्दों के सटीक और गहरे विश्लेषण पर उनकी मजबूत पकड़ है.भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से जर्नलिज्म में मास्टर डिग्री पूरी करने के बाद सुमित ने मीडिया जगत में अपनी पहचान बनाई. अपने करियर के दौरान उन्होंने राजस्थान पत्रिका, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, एनडीटीवी और लोकमत हिंदी जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है. ग्राउंड रिपोर्टिंग के साथ-साथ जटिल राजनीतिक और सामाजिक घटनाक्रमों पर आसान भाषा में 'एक्सप्लेनर' और 'ओपिनियन' लिखना उनकी मुख्य पहचान है. वे न्यूज़ डेस्क मैनेजमेंट और क्वालिटी एश्योरेंस के उच्च मानकों को बनाए रखते हैं, ताकि पाठकों तक प्रामाणिक, निष्पक्ष और तथ्य-आधारित खबरें ही पहुंचे.सुमित राय से संपर्क करने के लिए आप उन्हें sumit2.kumar@zeemedia.com पर ईमेल कर सकते हैं. इसके अलावा, आप एक्स (ट्विटर), फेसबुक और लिंक्डइन पर उनके हैंडल @imSumitKRai के जरिए उनसे सीधे जुड़ सकते हैं.
Read More