SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बिरसा मुंडा जयंती पर एमपी को बड़ी सौगात, सीएम मोहन ने किया डही सिंचाई प्रोजेक्ट का लोकार्पण, पीएम मोदी भी जुड़े

बिरसा मुंडा की 151 वीं जयंती के मौके पर धार जिले के डही में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव और राज्यपाल मंगुभाई पटेल मौजूद रहे. वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़ थे.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 15, 2026, 17:33 IST | Updated: Nov 15, 2026, 17:43 IST
Image Credit: ZEE NEWS
Join

जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के मौके पर मध्यप्रदेश को ऐतिहासिक सौगात मिली है. राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 15 नवंबर को धार जिले के डही में 'डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट' का लोकार्पण किया है. इस परियोजना की लागत 1,353.18 करोड़ बताई जा रही है. इस परियोजना से धार जिले के 84 और आलीराजपुर जिले के 42 गांवों को सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी मिलेगा. इससे लाखों किसानों को लाभ मिलेगा.

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल मंगुभाई पटेल और सीएम मोहन यादव ने विभिन्न विभागों के स्टॉल और जनजातीय वर्ग के उत्थान से जुड़े कार्यों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया. उन्होंने अलग-अलग जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ भी वितरित किए. साथ ही, जनजातीय विकास और उत्थान के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण भाव से कार्य करने वाली बहनों को भी सम्मानित किया. इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी वर्चुअली शामिल हुए. इसके अलावा, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, कुंवर विजय शाह सहित कई जन-प्रतिनिधि मौजूद थे.

प्रधानमंत्री मोदी ने किया संबोधित

इस दौरान पीएम मोदी ने वर्चुअल संबोधन में कहा कि देश में जनजातीय नायकों की समृद्ध विरासत रही है. राधोजी भांगरे, भागोजी नाइक और वीर बाबूराव सेडमा जैसे वीरों की वीर गाथाएं हमारी धरती से जुड़ी हैं. राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर सभी जनजातीय नायकों को नमन करता हूं. उन्होंने आगे कहा कि देश में 15 नवंबर 2021 सेो जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत हुई है. आज यह एक राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है. उन्होंने कहा कि पिछले साल भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर देशभर में 2 लाख से ज्यादा कार्यक्रम हुए हैं. उन्होंने बताया कि एक समय भारत में कार्यक्रम और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण से शुरू होते थे. लेकिन आज हम आपको राष्ट्रीय गौरव और विरासत को केंद्र में रखकर काम कर रहे हैं. उन्होंने इसे एक बड़े राष्ट्रीय परिवर्तन का प्रतीक बताया है.

बलिदानियों से मिली राष्ट्र को प्रेरणा

प्रधानमंत्री ने कहा कि आजादी के आंदोलन में छोटा नागपुर का कोल आंदोलन, संथाल क्रांति के माध्यम से जनजातीय समुदाय ने हमेशा आवाज उठाई. क्रांतिसूर्य टंट्या भील, रानी गाइदेलियो जैसे अनेक वीर-वीरांगनाओं ने अपने बलिदान से राष्ट्र को प्रेरणा दी. अल्लू सीताराम राजू और रानी दुर्गावती जैसे महान व्यक्तित्वों ने आदिवासी आंदोलन को ऊर्जा दी. इन सबके बीच भगवान बिरसा मुंडा का युवा अवस्था में आंदोलन करोड़ों भारतीयों के लिए प्रेरणा है.

उन्होंने आग कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों में आज जनजातीय क्षेत्रों जुड़ी 170 से अधिक परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से अधिक का भूमि-पूजन किया गया है. इनमें जनजातीय संग्रहालय, शिक्षा से जुड़े विकास कार्य भी शामिल हैं. आज देशभर में 30 हजार करोड़ रुपए की परियोजनाओं की सौगात मिली है.

अथक प्रयासों से खत्म कई बीमारियां

पीएम मोदी ने कहा कि देश के 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर निकले हैं. नक्सलवाद और माओवादी आतंक से मुक्ति भी बड़ी सफलता है. यह दोनों उपलब्धियां हमारे जनजातीय समाज को प्रभावित करती हैं. इन उपलब्धियों के लिए समाज के सामूहिक प्रयास सबसे अहम हैं. पिछले कुछ सालों में केंद्र सरकार ने जनजातीय कल्याण के लिए योजनाएं बनाईं. इतनी बड़ी संख्या में लोगों का गरीबी से बाहर निकला, हमारे संकल्प से सिद्धि का प्रतीक है. आज भारत कर सकता है, हर भारतीय कर सकता है, ये विश्वास पैदा हुआ है. देश में सकारात्मक बदलावों की श्रृंखला बन चुकी है.

उन्होंने कहा कि देश के अति पिछड़े इलाकों के विकास के लिए हमारी सरकार ने विशेष ध्यान दिया है. पीएम जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए केंद्र सरकार ने 1 लाख करोड़ रुपए का बजट रखा है. वंचितों को वरीयता हमारी प्राथमिकता रही है. देश के गरीब परिवारों के लिए 4 करोड़ से अधिक आवास बनाएं. देश के 18 हजार गांवों तक बिजली पहुंचाई, जहां आजादी के बाद भी बिजली नहीं पहुंची थी.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के जरिए 5 लाख रुपए तक के मुफ्त इलाज की सुविधा दी. देशभर में 1 लाख 75 हजार से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर बनाए गए. इनसे जनजातीय परिवारों को बेहतर इलाज मिल रहा है. स्वच्छ शौचालय और स्वास्थ्य केंद्रों की संख्या बढ़ाने से कई बीमारियां खत्म हुईं.

गरीबों ने गरीबी को किया परास्त

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुद्रा योजना के अंतर्गत बिना गारंटी के लोन दिया गया. गरीब, जनजातीय समाज के भाई-बहनों को भी ऐसी अनेक योजनाओं का लाभ मिला. इससे उनके अंदर आत्मविश्वास पैदा हुआ. विकास की यात्रा में पिछड़े बड़े वर्ग को हमारी सरकार ने मुख्य धारा से जोड़ने का कार्य किया. देश के 100 से अधिक आकांक्षी जिले और 500 से अधिक आकांक्षी विकासखंडों में विकास, सुविधाएं, नागरिक अधिकारों की रक्षा का विशेष अभियान संचालित किया.

उन्होंने कहा कि अब पीएम कृषि धन धान्य योजना के अंतर्गत खेती में पिछड़े 100 जिलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. गरीब परिवारों और जनजातीय समाज को आगे बढ़ाने के नए अवसर मिले हैं. सबका साथ और सबका विकास के मंत्र ने देश के गरीबों को नया विश्वास दिया और करोड़ों गरीबों ने गरीबी को परास्त कर दिखाया.

आज सारे त्योहारों का मजा आया

इस मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि आज होली-दीपावली सहित सारे त्योहारों का मजा आ गया. अभी बटन दबाते ही मां नर्मदा स्वयं आशीर्वाद देने आ गईं. रहीम दास ने कहा, 'रहिमन पानी राखिये, बिन पानी सब सून. पानी गए न ऊबरे, मोती, मानुष, चून' जल के बिना खेती अधूरी है. इसके बिना गांवों से पलायन होता है, कष्ट होता है.

सीएम मोहन यादव ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सभी जिलों को लाभ मिला. मैं गारंटी से कह सकता हूं कि धार-झाबुआ-आलीराजपुर को प्रधानमंत्री मोदी का ज्यादा स्नेह मिला है. आज तो कमाल हो गया. आज 1300 करोड़ से ज्यादा की परियोजना का लोकार्पण हुआ है. अभी सरदारपुर में 4000 करोड़ की पाइपलाइन के लोकार्पण को भी 15 दिन नहीं हुए हैं.

आदिवासी कल्याण के लिए प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल अपना जन्मदिन भी धार में ही मनाया था. हम पीएम मित्रा पार्क के लिए उनका धन्यवाद करते हैं. निमाड़-मालवा के 6 लाख कपास उत्पादक किसानों को इस पार्क से फायदा होगा. धार में 3 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा. सीएम ने कहा कि आज मां नर्मदा के आशीर्वाद से 1 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होगी.

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नर्मदा यहां से 7 किमी दूर है, जबकि सिंचाई 58 किमी दूर तक होगी. यह वाकई अद्भुत समय है. हमारी सरकार आदिवासी नायकों के लिए काम कर रही है, वो अद्भुत है. उन्होंने कहा कि हमने सरकार बनते ही टंट्या मामा के नाम पर खरगोन में विश्वविद्यालय बनाया. भगौरिया को राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनवाया। यह हमारी सरकार की प्रतिबद्धता है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES