SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बच्चों की पढ़ाई... युवाओं की नौकरी का रास्ता आसान, बैतूल के 61 पारदी परिवारों को मिली नई पहचान

बैतूल जिले में पारदी समुदाय के 61 परिवारों के प्रमाण पत्र बनना उनके बेहतर भविष्य की दिशा में अहम कदम है. इससे सरकारी योजनाओं से लेकर अन्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा.

Written By Manish Kushawah
Published: Nov 15, 2026, 16:04 IST | Updated: Nov 15, 2026, 16:09 IST
Image Credit: ZEE NEWS
Join

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में लंबे समय से संघर्ष कर रहे पारदी समुदाय के परिवारों की जिंदगी अब बदलने लगी है. कभी स्थायी पहचान और बुनियादी सुविधाओं के लिए ये परिवार जूझ रहे थे. लेकिन अब उन्हीं परिवारों के सामने शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद जगी है. सरकारी प्रयासों से समुदाय के लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में काम किया जा रहा है. इसी कड़ी में परिवारों के जाति प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं.

मिली जानकारी के मुताबिक, बैतूल के सोनाघाटी स्थित शमशेर सिंह भोसले नगर में विस्थापित किए गए 96 पारदी परिवारों में से 61 परिवारों के अनुसूचित जनजाति वर्ग के जाति प्रमाण पत्र बन चुके हैं. वहीं बाकी परिवारों के प्रमाण पत्र तैयार करने की प्रक्रिया जारी है. लंबे समय से पहचान से जुड़ी औपचारिकताओं के कारण कई तरह की सुविधाओं से दूर रहे इन परिवारों के लिए यह पहल एक महत्वपूरण कदम मानी जा रही है.

सरकारी योजनाओं का मिलेगा लाभ

जाति प्रमाण पत्र मिलने से इन परिवारों के बच्चों को शिक्षा में आरक्षण, छात्रवृत्ति और छात्रावास जैसी सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा. वहीं युवाओं के लिए सरकारी नौकरियों में आरक्षण के अवसर भी खुलेंगे. इसके अलावा, पात्रता के मुताबिक वे सरकार की दूसरी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ भी ले सकेंगे. इससे समुदाय के बच्चों की पढ़ाई जारी रखने और युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर हासिल करने में मदद मिलने की उम्मीद है.

61 परिवारों में बदलाव की उम्मीद

वहीं आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि करीब एक साल पहले तक यहां रहने वाले पारदी समुदाय के परिवार बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे थे. अब 61 परिवारों के जाति प्रमाण पत्र बनने के बाद उनकी स्थिति में बदलाव की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि शासन के साथ मिलकर इन परिवारों को आवास और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किए जाएंगे, ताकि उन्हें बेहतर जीवन जीने का अवसर मिल सके.

स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा इतिहास

इस पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार ने कहा कि पारदी समुदाय का इतिहास स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा रहा है. समुदाय के परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार और प्रशासन मिलकर प्रयास कर रहे हैं. इस अभियान में जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ केंद्रीय वनवासी कल्याण आश्रम नई दिल्ली, भारतीय आदिम जाति सेवक संघ और भारतीय घुमंतू सेवक संघ समेत कई संगठन सहयोग कर रहे हैं.

बेहतर भविष्य की दिशा में कदम

बैतूल में पारदी समुदाय के परिवारों के लिए जाति प्रमाण पत्र मिलना महज एक सरकारी दस्तावेज हासिल करना नहीं है, बल्कि यह उनके बेहतर भविष्य की दिशा में अहम कदम है. इससे बच्चों को शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे. साथ ही युवाओं के लिए रोजगार रास्ते खुल सकेंगे. लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं और पहचान के लिए संघर्ष कर रहे इन परिवारों को अब उम्मीद है कि आने वाली पीढ़यों को बेहतर जीवन और आगे बढ़ने के ज्यादा अवसर मिलेंगे.

(रिपोर्टः रूपेश कुमार, बैतूल)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES