SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बालाघाट विवादः रट्टा गांव में क्यों मचा बवाल? सरपंच से मारपीट के बाद दो पक्ष भिड़े, 10-12 घायल

बालाघाट के रट्टा गांव में दूध के विवाद के बाद काफी तनाव बढ़ गया. सरपंच और उपसरपंच से मारपीट के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें 10 से 12 लोग घायल भी हो गए.

Written By Manish Kushawah
Published: Sep 27, 2026, 05:51 PM IST | Updated: Sep 27, 2026, 05:53 PM IST
Image Credit: Zee Media
Join

बालाघाट के रट्टा गांव में अवैध रेत और गिट्टी उत्खनन के आरोपों को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर देखने को मिला है. गांव में एक व्यक्ति से मारपीट के बाद मामला उस वक्त और बिगड़ गया, जब विरोध करने पहुंचे सरपंच और उपसरपंच के साथ भी मारपीट की गई.

मिली जानकारी के मुताबिक, इस मारपीट के बाद ग्रामीणों का आक्रोश भड़क उठा. इसी बीच दो पक्ष आमने सामने आ गए. जमकर लाठी-डंडे चले और तोड़फोड़ भी हुई. मारपीट में 10 से 12 ग्रामीणों के घायल होने की जानकारी है. फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है.

ग्रामीणों में थी नाराजगी
बताया जा रहा है कि गांव में रामचरण दमाहे और उनके परिवार को लेकर ग्रामीणों में लंबे समय से नाराजगी है. ग्रामीणों का आरोप है कि दमाहे परिवार रेत और गिट्टी के कथित अवैध उत्खनन के साथ ही अवैध शराब और दूसरी अनैतिक गतिविधियों में भी संलिप्त है.

ग्रामीणों ने क्या बताया ?
ग्रामीणों का कहना है कि इन गतिविधियों का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट और विवाद किया जाता है. इसी पुराने विवाद के बीच आज दूध का व्यापार करने वाले एक ग्रामीण मुकेश मसकोले के साथ दमाहे परिवार के द्वारा जमकर मारपीट की गई.

ग्रामीणों ने की तोड़फोड़
मामला बढ़ने पर गांव के सरपंच और उपसरपंच विरोध करने पहुंचे, जहां उनके साथ भी जमकर मारपीट की गई. सरपंच और ग्रामीणों के साथ मारपीट की खबर फैलते ही गांव में आक्रोश भड़क गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण दमाहे परिवार के घर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले. गुस्साए ग्रामीणों ने तोड़फोड़ भी की.

10-12 लोग गंभीर घायल
इस हिंसक झड़प में 10 से 12 ग्रामीणों के घायल होने की खबर सामने आई है. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस अब सामने आए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की बात कह रही है.

लोगों के खिलाफ कार्रवाई
सरपंच रवि कुमरे ने बताया कि गांव में अवैध अतिक्रमण और उत्खनन रोकने के लिए पंचायत ने राजस्व और माइनिंग विभाग के साथ मिलकर पिछले एक साल से मुहिम चला रखी है. उन्होंने कहा कि रोमन दमाहे, जियालाल दमाहे, रामचरण दमाहे और ओंकार दमाहे द्वारा अवैध रूप से गिट्टी का उत्खनन किया जा रहा था. पंचायत के माध्यम से विभागीय कार्रवाई भी कराई गई. सरपंच के मुताबिक, पिछले साल माइनिंग विभाग ने अवैध उत्खनन कर निकाली गई करीब 100 ट्रिप गिट्टी जब्त की थी और राजस्व विभाग ने भी संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी.

पुलिस कार्रवाई कर रही
वहीं, सीएसपी मयंक तिवारी ने बताया कि थाना भरवेली के ग्राम रट्टा में डायल-100 के जरिए मारपीट की सूचना मिली थी. सूचना पर पुलिस और थाना प्रभारी तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि दूध बेचने के विवाद से शुरू हुआ मामला बाद में बढ़ गया और कुछ ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए. इस दौरान थोड़ी-बहुत तोड़फोड़ भी हुई. फिलहाल किसी के हताहत होने या गंभीर नुकसान की सूचना नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है. पुलिस घटना स्थल पर ही वैधानिक कार्रवाई कर रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मनीष कुशवाह डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल मीडिया में 5 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (MP-CG) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति, क्राइम, कृषि व्यवस्था और ग्रामीण (हाइपरलोकल) सरोकारों से जुड़ी खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन (NIMC) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद मनीष ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने News18 Hindi (Local18), इंडिया न्यूज़ और जनता टीवी जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ प्लानिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देते हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.मनीष कुशवाह से आप Manish2.Kumar@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES