बाबा बागेश्वर की मुंबई कथा में ऐसा क्या हुआ कि भावुक हो गए धीरेंद्र शास्त्री? ₹51 हजार से जुड़ा है किस्सा
मुंबई में धार्मिक यात्रा के दौरान उन्होंने एक कथा की. इस कथा को 26/11 के मुंबई हमले में अमर शहीदों को समर्पित कर दी. उन्होंने शहीदों के सभी परिवारों को 51 हजार रुपए देकर सम्मानित किया. इस दौरान एक बहुत ही भावुक पल भी देखने को मिला.
मुंबई में 26/11 के आतंकी हमले में शहीद वीर जवानों के शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए बागेश्वर सरकार ने अपनी तीन दिवसीय श्री हनुमान कथा शहीदों को समर्पित की है. कथा के पहले दिन बाबा बागेश्वर ने शहीद परिवारों को सम्मानित किया और प्रत्येक परिवार को 51 हजार रुपये की चेक भेंट की.
दरअसल, पंजाब के पठानकोट में हनुमान कथा पूरी करने के बाद पं. धीरेंद्र शास्त्री इन दिनों महाराष्ट्र की धार्मिक यात्रा कर रहे हैं. इसी क्रम में मुंबई में ये कथा 26 नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति और उनके परिवारों के सम्मान को समर्पित की गई है.
शहीद परिवारों से मिले
कथा के पहले दिन बाबा बागेश्वर ने शहीद परिवारों के सदस्यों से मुलाकात की. उन्हें आशीर्वाद दिया और संतों के साथ उन्हें सम्मानित किया. हर परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 51 हजार रुपये की चेक भेंट की गई. इस दौरान सभी के साथ राष्ट्रगान गाया गया और वीर शहीदों के सम्मान में 2 मिनट का मौन रखा गया.
कार्यक्रम का भावुक पल
कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब देखने को मिला, जब शहीद परिवार की सदस्य सुनीता पाटिल ने एक अनुकरणीय पहल करते हुए सम्मान स्वरूप प्राप्त 51 हजार रुपये की राशि बागेश्वर धाम में आयोजित होने वाले 365 कन्याओं के सामूहिक विवाह के लिए भेंट कर दी.
धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा?
वहीं पंडित धीरेंद्र शास्त्री का कहना है कि शहीद परिवारों को सम्मान देने के साथ उनके स्वामिमान और जरूरतों का ध्यान रखना भी बेहत जरूरी है. उन्होंने रूपेश सावरकर और उनके पति गजानन सावरकर की सराहना की. उन्होंने कहा कि उनका यह प्रयास बहुत सराहनीय है. उन्होंने आगे कहा कि उनके पूर्वज भी ऐसे कार्यों पर गर्व महसूस कर रहे होंगे.
6 मार्च को विवाह कार्यक्रम
इसके अलावा, धीरंद्र शास्त्री ने एक महिला का जिक्र करते हुए कहा कि सम्मान राशि मिलने पर उन्होंने उसे अपने पास रखने के बजाय 6 मार्च को होने वाले 365 कन्याओं के विवाह कार्यक्रम के लिए दान करने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि महिला के इस भाव ने उन्हें इतना भावुक कर दिया कि उनके पास कहने के लिए शब्द नहीं बचे हैं.
भक्तिमय माहौल बन गया
बता दें कि इस मौके पर मंच पर पद्मश्री सुरेश पारटीकर और भजन सम्राट अनूप जलोटा की उपस्थिति रहीं. दोनों कलाकारों ने अपने भजनों की मधुर प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया. कार्यक्रम में मुंबई और महाराष्ट्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, पूज्य संत-महात्मा, बद्रीनाथ वाले महंत जी, पूज्य राजूदास जी महाराज सहित अनेक संत एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे.
(रिपोर्टः हरीश गुप्ता, छतरपुर)