भारत-वेस्टइंडीज T20 मैच को लेकर रांची पुलिस अलर्ट: ADG ने संभाला सुरक्षा का जिम्मा, 9 अक्टूबर को होगा महामुकाबला
झारखंड की राजधानी रांची के जेएससीए स्टेडियम में मैच के दिन शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रहे और आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है. ADG मनोज कौशिक ने सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था का खुद जायजा लिया.
जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर, 2026 को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले दूसरे T20 मुकाबले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. मैच को सुरक्षित माहौल में कराने के लिए रांची पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड़ में है. 5 अक्टूबर, 2026 दिन सोमवार को ADG सह IG दक्षिणी छोटानागपुर मनोज कौशिक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया. इस दौरान एसएसपी राकेश रंजन समेत पुलिस के तमाम वरीय अधिकारियों ने स्टेडियम परिसर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पूरे स्टेडियम का चप्पा-चप्पा छाना. इस दौरान खिलाड़ियों के प्रवेश और निकास, दर्शकों की एंट्री, पार्किंग स्थल और वीआईपी मूवमेंट से जुड़े इंतजामों की बारीक समीक्षा की गई.
ट्रैफिक और क्राउड मैनेजमेंट पर खास जोर
एडीजी मनोज कौशिक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टेडियम के आसपास और मुख्य रास्तों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस फोर्स और ट्रैफिक जवानों की तैनाती की जाए. साथ ही किसी भी आपात स्थिति या मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए बैकअप प्लान तैयार रखने को कहा गया है.
पुलिस ने की सहयोग की अपील
रांची पुलिस ने क्रिकेट प्रेमियों और शहरवासियों से अपील की है कि वे मैच के दिन ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षा जांच में तैनात जवानों का सहयोग करें. प्रशासन का कहना है कि स्टेडियम में प्रवेश करते समय निर्धारित दिशानिर्देशों का ध्यान रखें, ताकि किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े.
एक शख्स ले सकता है केवल 2 टिकट
बता दें कि 5 अक्टूबर, 2026 दिन सोमवार सुबह 9 बजे से जेएससीए स्टेडियम में टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है. मैच के टिकट की कीमत 1,600 रुपए से लेकर 18,000 रुपए तक रखी गई है. काउंटर से टिकट लेते समय आपको आधार कार्ड साथ रखना होगा है. काउंटर से सिर्फ एक शख्स अधिकतम 2 टिकट ही खरीद सकता है.
टिकट के लिए बनाए गए कुल 6 काउंटर
वहीं, टिकट खरीदने के लिए दर्शकों की भीड़ को देखते हुए कुल 6 टिकट काउंटर बनाए गए हैं. 4 काउंटर आम लोगों के लिए हैं, तो 2 काउंटर महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए बनाए गए हैं.
रिपोर्ट: कामरान जलीली