)
धनबाद बीजेपी सांसद ढुलू महतो और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच तीखी बयानबाजी रुकने का नाम नहीं ले रही है. दोनों जनप्रतिनिधि लगातार एक-दूसरे पर हमलावर हैं. डुमरी विधायक जयराम महतो ने धनबाद सांसद पर तंज कसते हुए कहा कि सांसद पहले राम के भक्त थे, अब जयराम के भक्त बन गए हैं. उन्होंने सांसद का मजाक भी उड़या और कहा कि ढुलू महतो तो 'ढोल महतो' हैं, उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता. उन्हें संसदीय कार्यप्रणाली तक की जानकारी नहीं है.
विधायक जयराम महतो ने आगे कहा कि बोकारो एयरपोर्ट के नाम पर सांसद ढुलू महतो ने पहले विरोध किया था और आज बिनोद बिहारी महतो के नाम पर जनभावनाओं से खेल रहे हैं. जयराम ने कहा कि वे नक्सली विचारधारा के खिलाफ हैं, लेकिन लोग नक्सली क्यों बने? यह जानने की जरूरत है. उन्होंने पूर्व सांसद सुनील महतो की हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी हत्या के पीछे कई लोग शामिल थे, क्योंकि वे केंद्रीय कोयला मंत्री बनने वाले थे और उसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी.
दूसरी ओर सांसद ढुलू महतो ने विधायक जयराम महतो पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि नया मुल्ला ज्यादा प्याज खाता है. जयराम महतो नक्सली विचारधारा पर चलने वाले व्यक्ति हैं. वे सुनील महतो की हत्या करने वाले उग्रवादियों के पक्ष में बात करते हैं.
सांसद ने आगे हमला बोलते हुए कहा कि जो इंसान साड़ी पहनकर भागा था, उसकी क्या बात करनी? वह माफियाओं से पैसा लेकर उनके ही खिलाफ बोलने का नाटक करता है. उसने अपना कोई भी वादा पूरा नहीं किया है.
बता दें कि धनबाद सांसद ढुलू महतो और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच राजनीतिक विवाद चल रहा है. हालांकि, अब दोनों नेताओं के बीच सियासी मामला निजी हमले के तौर पर बदला जा रहा है. दरअसल, इसकी शुरुआत तब हुई, जब साल 2026 के सितंबर महीने में झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के प्रमुख जयराम महतो ने धनबाद सांसद ढुलू महतो को खुली चुनौती दी थी. उन्होंने धनबाद या गिरिडीह से निर्दलीय चुनाव लड़ने की सीधी चुनौती दी थी. इसके बाद से दोनों नेताओं के बीच खूब बयानबाजी होने लगी.
रिपोर्ट: नितेश मिश्रा