भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि रांची आना उनके लिए हमेशा खास होता है. उन्होंने कहा कि यह रांची आने का उनका दूसरा अवसर है. जब मैं पहली बार यहां आया था, तब भी मैंने कहा था कि रांची मेरा जन्मस्थान है और मुझे शिक्षा लेने का अवसर भी रांची में ही मिला. इसलिए रांची मेरे लिए दूसरे घर जैसा है.
उन्होंने कहा कि संगठन और कार्यक्रमों के सिलसिले में जब भी मुझे रांची आने का अवसर मिलता है, मैं यहां आने के लिए उत्सुक रहता हूं. प्रदेश अध्यक्ष ने जब प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आने का आदेश दिया, तो मेरे लिए यह सौभाग्य का क्षण था.
नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड में भाजपा संगठन जिस प्रकार लगातार संघर्ष कर रहा है और सड़कों पर उतरकर जनता के मुद्दों को उठा रहा है, उससे उन्हें काफी उत्साह है. उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता लगातार जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं. इसलिए उन्हें झारखंड को लेकर आने वाले समय में काफी उम्मीदें हैं.
उन्होंने कहा कि आज मैं झारखंड अपने भाइयों और अपने परिवार के बीच आया हूं. प्रदेश कार्यसमिति की बैठक कई वर्षों के बाद हो रही है. नई और पूरी तरह से फ्रेश टीम की घोषणा के बाद यह पहली कार्यसमिति की बैठक है. प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में इसकी पूरी तैयारी की गई है.
उन्होंने कहा कि संगठन के स्तर पर नियमित बैठकें होती रहती हैं, लेकिन प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का अपना एक विशेष महत्व होता है. मुझे उम्मीद है कि इस कार्यसमिति की बैठक के माध्यम से झारखंड में भाजपा के काम, संघर्ष और संगठन की भूमिका को लेकर स्पष्ट संदेश जाएगा.
उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार विकास, देश की सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है. वैश्विक स्तर पर अस्थिरता के बावजूद भारत को निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है.
उन्होंने कहा कि इसी संकल्प के साथ भाजपा झारखंड में भी सेवा के भाव से काम करेगी. आज भले ही हम विपक्ष में हैं, लेकिन हमारी दो प्राथमिकताएं हैं-पहली, जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष करना और दूसरी, केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ राज्य की जनता तक पहुंचाना. भाजपा के कार्यकर्ता इन दोनों मोर्चों पर लगातार काम कर रहे हैं.
रिपोर्ट: उज्ज्वल मिश्रा