)
झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित बोंकेया गांव में कर्मा पूजा के झूर विसर्जन के दौरान एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया. कर्मा पूजा के समापन पर 'झूर' विसर्जन करने के लिए केयल नदी में उतरे पांच युवक गहरे पानी में जाने के कारण डूब गए, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय ग्रामीणों और प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, नदी में डूबने वाले सभी पांचों युवक पतरिया गांव के रहने वाले थे. मृतकों की पहचान विशाल पासवान, अमित कुमार, नन्हू सिंह, आदर्श सिंह और हेमंत सिंह के रूप में की गई है.
बचाव कार्य और बरामदगी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया. इसके बाद पुलिस प्रशासन और गोताखोरों की टीम भी मौके पर पहुंच गई और सघन राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. मिली जानकारी के अनुसार, कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से चार युवकों के शवों को नदी से बाहर निकाल लिया गया है, जबकि पांचवें युवक हेमंत सिंह के शव की तलाश अभी भी जारी है. गोताखोर और पुलिस प्रशासन लगातार नदी में लगातार खोजबीन में लगे हुए हैं. उम्मीद है कि जल्द ही हेमंत सिंह के शव को भी बरामद कर लिया जाएगा.
नेताओं और प्रशासन की प्रतिक्रिया
वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर के स्थानीय विधायक आलोक कुमार चौरसिया तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया. इस मुश्किल समय में विधायक ने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव प्रशासनिक सहायता और उचित मुआवजा तुरंत प्रदान किया जाए. इस घटना के बाद से बोंकेया और पतरिया में परिवार समेत पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया है.
रिपोर्ट: श्रवण कुमार सोनी