SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

लातेहार में बदहाल सड़क बनी 'डेथ ट्रैप', गड्ढों में तब्दील मार्ग से 25 हजार से अधिक लोग परेशान

Latehar News: लातेहार जिला मुख्यालय के नवरंग चौक से डेमू होते हुए लोहरदगा जिले को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क बदहाल हो गई है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हैं और पिच पूरी तरह उखड़ चुकी है. बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से हादसे का खतरा और बढ़ जाता है.

Edited By Rupak Kumar
Published: Sep 03, 2026, 09:53 AM IST | Updated: Sep 03, 2026, 09:54 AM IST
Image Credit: लातेहार में बदहाल सड़क बनी 'डेथ ट्रैप', गड्ढों में तब्दील मार्ग से 25 हजार से अधिक लोग परेशान
Join

Latehar News: लातेहार जिला मुख्यालय के नवरंग चौक से सदर प्रखंड के डेमू पंचायत होते हुए लोहरदगा जिले को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क इन दिनों बदहाल हो गई है. कभी हजारों लोगों के सुगम आवागमन का प्रमुख जरिया रही यह सड़क अब हादसों को न्योता दे रही है. सड़क की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन चलाना तो दूर, पैदल चलना भी चुनौती से कम नहीं है. दो जिलों और तीन विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क अब लोगों के लिए 'डेथ ट्रैप' बनती जा रही है. यह सड़क लातेहार जिले के मनिका विधानसभा, लातेहार विधानसभा और लोहरदगा जिले के लोहरदगा विधानसभा क्षेत्र को जोड़ती है. इससे प्रतिदिन 25 हजार से अधिक लोगों का आवागमन होता है.

वर्तमान में सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और कई हिस्सों में पिच पूरी तरह उखड़ चुकी है. बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे वाहन चालकों के लिए यह अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है कि आगे सड़क है या गहरा गड्ढा. ऐसे में सबसे ज्यादा खतरा दोपहिया और छोटे वाहन चालकों को बना रहता है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, रोजाना हजारों लोग इसी सड़क से बाजार, अस्पताल, स्कूल, कॉलेज और अन्य जरूरी कामों के लिए आवाजाही करते हैं. सड़क की बदहाली के कारण लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क का निर्माण करीब पांच साल पहले कराया गया था, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब होने के कारण बनने के कुछ समय बाद ही सड़क की स्थिति बिगड़ने लगी.

स्थानीय निवासी उत्तम कुमार ने बताया कि सड़क की हालत इतनी खराब हो गई है कि यहां पैदल चलना भी मुश्किल है. आए दिन कोई न कोई दुर्घटना होती रहती है. गड्ढों में पानी भर जाने के कारण बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर लगता है. वहीं, परमेश्वर यादव ने बताया कि उन्हें दूध बेचने के लिए सुबह-शाम लातेहार जाना पड़ता है. सड़क की स्थिति को लेकर हमेशा दुर्घटना का डर बना रहता है. उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल और छोटी गाड़ियां अक्सर यहां दुर्घटना का शिकार हो जाती हैं. स्थानीय लोगों को सड़क के गड्ढों की जानकारी रहती है, लेकिन अनजान राहगीर अक्सर इन गड्ढों के कारण हादसे का शिकार हो जाते हैं.

सबसे गंभीर स्थिति तब बनती है, जब किसी मरीज को अस्पताल ले जाना पड़ता है. खराब सड़क के कारण एंबुलेंस और निजी वाहनों को भी काफी परेशानी होती है. स्कूली बच्चों को भी रोज इसी सड़क से होकर गुजरना पड़ता है. इस संबंध में ग्रामीण कार्य विभाग कार्य प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार ने कहा कि उन्हें इसकी सूचना आज ही मिली है. उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही उनकी पोस्टिंग हुई है और सूचना मिलने के बाद निश्चित रूप से सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने के साथ ही स्थायी जीर्णोद्धार की मांग की है.

रिपोर्ट: संजीव कुमार गिरी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES