)
Jharkhand Weather: झारखंड के मौसम में लगातार बदलाव जारी है. बीते समय में राज्य में अच्छी बारिश हुई, जिससे मौसम काफी सुहाना रहा. वहीं, अब बारिश का सिलसिला थम चुका है. मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, आज यानी 4 अक्टूबर 2026 को झारखंड के सभी जिलों में मौसम पूरी तरह से शुष्क और साफ रहने की संभावना है. राज्यवासियों को फिलहाल बारिश-वज्रपात का सामना नहीं करना पड़ेगा. लेकिन, 5 अक्टूबर से राज्य का मौसम एक बार फिर से करवट लेगा और बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा.
राज्य में कैसा रहेगा मौसम?
भले ही मौसम विभाग ने आज के लिए कोई अलर्ट जारी नहीं किया हो, लेकिन राज्य में 5 अक्तूबर को कुछ जिलों में बारिश, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की संभावना है. इनमें चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरीडीह, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज का नाम शामिल है. वहीं, 6 अक्टूबर को भी झारखंड के लगभग सभी जिलों में बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है.
राज्य में कैसा रहेगा तापमान
4 अक्टूबर को झारखंड के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किए जाने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से 25 डिग्री सेल्सियस के दायरे में रह सकता है. राजधानी रांची, खूंटी और गुमला जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जिससे यहां का मौसम काफी सुहाना बना रहेगा.
रात के समय ठंडक का एहसास
वहीं, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज, पलामू, चतरा, गढ़वा, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला और पश्चिमी सिंहभूम जैसे जिलों में धूप का असर थोड़ा अधिक देखने को मिल सकता है और यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. दूसरी ओर, लातेहार और रामगढ़ जिले में रात के समय ठंडक का एहसास अधिक रहेगा, जहां राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है.