1 नवंबर को दिल्ली की मेगा रैली में झारखंड की होगी बड़ी भागीदारी, प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने प्रेस कांफ्रेंस में किया बड़ा ऐलान
कांग्रेस की तैयारी को देखकर लगता नहीं कि एसआईआर और चुनाव आयोग के खिलाफ उठा तूफान इतना जल्दी खत्म होने वाला है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी कथित रूप से वियतनाम के दौरे पर हैं और उनके आते ही इसको लेकर सरगर्मी तेज हो सकती है.
रांची के कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में SIR के विरोध में शुक्रवार को प्रेस वार्ता आयोजित की गई. प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद और AICC ऑब्जर्वर फूलो देवी नेताम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए AICC ऑब्जर्वर फूलो देवी नेताम ने कहा कि उन्हें झारखंड में दूसरी बार संगठन के साथ काम करने का मौका मिला है. AICC की ओर से उन्हें ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया गया है.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने वोट बचाने और लोकतंत्र की रक्षा के लिए पूरे देश में आवाज उठाई है और वोट चोरी से जुड़े मामलों को सबूतों के साथ सामने रखा है. कांग्रेस अब इस मुद्दे को जमीनी आंदोलन में बदलने की तैयारी कर रही है. फूलो देवी नेताम ने बताया कि कांग्रेस ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत दो महीने की व्यापक कार्ययोजना तैयार की है. इसके तहत राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. बूथ स्तर पर BLA और स्थानीय कार्यकर्ताओं के माध्यम से मतदाता सूची के सत्यापन का अभियान भी चलाया जाएगा.
उन्होंने कहा कि 10 से 18 अक्टूबर के बीच दशहरा के दौरान आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रमों में वोट चोरी के आरोपों से जुड़ी जानकारी वाले पर्चे बांटे गए. वहीं, 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक ‘वोट बचाओ, देश बचाओ चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा. कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 1 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक के सहयोगी दलों के साथ एक बड़ी राष्ट्रीय रैली आयोजित की जाएगी. इसमें झारखंड से भी बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता शामिल होंगे.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि झारखंड के सभी जिलों से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को दिल्ली की रैली में शामिल कराने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए जिलाध्यक्षों, विधायकों, सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व मंत्रियों को जिम्मेदारी दी गई है. कांग्रेस नेताओं ने SIR को लेकर आरोप लगाया कि इससे बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने का खतरा है. उन्होंने कहा कि संविधान ने हर पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है और कांग्रेस इस अधिकार की रक्षा के लिए आंदोलन जारी रखेगी.
सुबोधकांत सहाय और राजेश ठाकुर समेत अन्य नेताओं ने भी SIR और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर सवाल उठाए. कांग्रेस नेताओं ने बताया कि AICC की ओर से झारखंड के अलग-अलग प्रमंडलों में वरिष्ठ नेताओं और पर्यवेक्षकों को जिम्मेदारी दी गई है. फूलो देवी नेताम दक्षिणी छोटानागपुर के विभिन्न जिलों का दौरा करेंगी. राजेश तिवारी जमशेदपुर, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और खूंटी क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे. अमरजीत भगत पलामू प्रमंडल के गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा में अभियान की समीक्षा करेंगे.
वहीं, दिनेश गुर्जर संथाल परगना के देवघर, गोड्डा, पाकुड़, साहिबगंज और दुमका में कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे. डॉ. शिव कुमार डहरिया उत्तरी छोटानागपुर के रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो और धनबाद का दौरा करेंगे. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वोट की रक्षा, लोकतंत्र की रक्षा और संविधान की रक्षा के लिए यह लड़ाई जारी रहेगी. उन्होंने कहा कि जब तक मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाया नहीं जाता, तब तक कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी.
रिपोर्ट: उज्ज्वल मिश्रा