SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

झारखंड में मिलेगा AI फैमिली डॉक्टर: घर बैठे मिलेगी स्वास्थ्य परामर्श की जानकारी, DPR तैयार करने के निर्देश

झारखंड स्वास्थ्य विभाग ने नई पहल की है. अब राज्य में एआई फैमिली डॉक्टर बीमारी की प्राथमिक जानकारी देगा. स्वास्थ्यकर्मियों को ऑटो-अलर्ट मिलेंगे. स्वास्थ्य विभाग इसके लिए डीपीआर बनाएगा.

Edited By Shailendra
Published: Sep 09, 2026, 10:53 PM IST | Updated: Sep 09, 2026, 11:26 PM IST
Image Credit: झारखंड में अब एआई फैमिली डॉक्टर की तैयारी (Photo-AI)
Join

झारखंड में अब लोगों को घर बैठे स्वास्थ्य संबंधी शुरुआती जानकारी और मार्गदर्शन देने के लिए 'एआई फैमिली डॉक्टर' विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. स्वास्थ्य विभाग इसके लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करेगा. इसके साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों के लिए एक एआई असिस्टेंट भी विकसित किया जाएगा, जो उनके रोजमर्रा के काम, टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों के लिए रिमाइंडर और अलर्ट देगा.

डिजिटल हेल्थ असिस्टेंट के तौर पर काम करेगा
स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने बुधवार को इस संबंध में अधिकारियों के साथ बैठक कर दोनों परियोजनाओं की रूपरेखा पर चर्चा की और डीपीआर तैयार करने का निर्देश दिया. प्रस्तावित एआई फैमिली डॉक्टर आम लोगों के लिए डिजिटल हेल्थ असिस्टेंट के तौर पर काम करेगा.

एआई की ओर से दी गई जानकारी डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं होगी
व्यक्ति अपनी स्वास्थ्य समस्या इसमें दर्ज कर संभावित बीमारी और आगे की चिकित्सकीय जरूरतों से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी हासिल कर सकेगा. हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि एआई की ओर से दी गई जानकारी डॉक्टर की सलाह का विकल्प नहीं होगी. किसी दवा की सलाह को तब तक चिकित्सकीय परामर्श नहीं माना जाएगा, जब तक उसे पंजीकृत चिकित्सक से मंजूरी नहीं मिलती. विभाग की योजना इसे पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू करने की है. परिणाम संतोषजनक रहने पर राज्य स्तर पर विस्तार पर विचार किया जाएगा.

डिजिटल कार्य-सहायक की भूमिका निभाएगा
दूसरी ओर, एआई असिस्टेंट स्वास्थ्यकर्मियों के लिए डिजिटल कार्य-सहायक की भूमिका निभाएगा. यह उन्हें समय और स्थान के अनुसार निर्धारित कार्यों की जानकारी देने के साथ जरूरी संसाधनों और मानवबल से जुड़े अलर्ट भी उपलब्ध करा सकेगा. मसलन, किसी सहिया को उसके क्षेत्र में टीकाकरण की तारीख, स्थान, लक्षित बच्चों की संख्या और जरूरी तैयारियों की जानकारी पहले से मिल सकेगी. इससे फील्ड स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और कार्यों के समयबद्ध निष्पादन में मदद मिलने की उम्मीद है.

डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा
बैठक में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा समेत विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. विभाग अब दोनों प्रस्तावित प्लेटफॉर्म की तकनीकी और व्यावहारिक जरूरतों को शामिल करते हुए डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा.

इनपुट: आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES