गुमला में खड़े पंचर ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी, चाचा-भतीजे की मौत, मुआवजे के लिए NH-143A जाम
झारखंड के गुमला जिले में घाघरा-लोहरदगा राष्ट्रीय राजमार्ग NH-143A पर दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान जगबगीचा निवासी लिबांस किंडो और नवडीहा निवासी देवनारायण उरांव के रूप में हुई है.
झारखंड के गुमला जिले में घाघरा-लोहरदगा राष्ट्रीय राजमार्ग NH-143ए पर बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान घाघरा के जगबगीचा निवासी लिबांस किंडो और नवडीहा निवासी देवनारायण उरांव के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों चाचा-भतीजा थे. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर दोनों शवों को वाहन पर रखकर मुख्य सड़क जाम कर दी. इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
पंचर ट्रैक्टर से टकराई स्कूटी
मिली जानकारी के अनुसार, गिट्टी के डस्ट से लदा एक ट्रैक्टर टायर पंचर होने के कारण सड़क पर खड़ा था. आरोप है कि ट्रैक्टर को कई घंटों तक सड़क से हटाकर सुरक्षित किनारे नहीं किया गया. इसी दौरान रात में स्कूटी सवार दोनों लोग वहां पहुंचे और सड़क पर खड़े ट्रैक्टर को समय रहते नहीं देख सके. उनकी स्कूटी सीधे ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों स्कूटी सवार वाहन समेत ट्रैक्टर के पिछले हिस्से में फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. काफी मशक्कत के बाद हाइड्रा मशीन की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला गया.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह में दर्दनाक हादसा, ट्रेलर में फंसी कार को 6 KM तक घसीटता रहा चालक, एक की मौत, दो की हालत गंभीर
मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे में दो लोगों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर घाघरा-लोहरदगा मुख्य सड़क जाम कर दी. ग्रामीणों ने दोनों शवों को वाहन पर रखकर सड़क पर बैठ गए और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे. सड़क जाम होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. घटना और सड़क जाम की सूचना मिलने पर घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर जाम हटवाने का प्रयास किया. हालांकि, ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे.
प्रशासन ने हटाया जाम
बाद में प्रशासन ने सड़क से जाम हटाया औरआवागमन बहाल कराया. सड़क पर खराब वाहन खड़ा होने की स्थिति में उसे सुरक्षित स्थान पर हटाना और पीछे पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाना बेहद जरूरी है, ताकि दूसरे वाहन चालकों को समय रहते खतरे का पता चल सके. हादसे में जान गंवाने वाले दोनों लोगों के परिजनों को मुआवजा दिलाने की मांग उठ रही है.
रिपोर्ट: रणधीर निधि