SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सोनू ने विशाल से मांग ली सिगरेट, फिर जिगरी यार ने कमर से निकाली पिस्टल और मार दी गोली, आरोपी गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां जिले में सिगरेट मांगने पर हुए झगड़े में दोस्त ने ही दोस्त की गोली मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही पिस्टल को भी बरामद कर लिया है.

Edited By Shailendra
Published: Nov 13, 2026, 16:45 IST | Updated: Nov 13, 2026, 17:00 IST
Image Credit: सिगरेट मांगने पर हुए झगड़े में दोस्त की गोली मारकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार (Photo-AI)
Join

झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि सिगरेट मांगने को लेकर उपजे विवाद में एक दोस्त ने ही युवक की हत्या की थी. घटना के चार दिनों के भीतर पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी विशाल कुमार सिंह (26 वर्षीय) को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई देशी पिस्टल और मोबाइल फोन भी बरामद किया है.

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) अनुभव भारद्वाज ने शुक्रवार को आदित्यपुर थाना परिसर में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि सोनू कुमार और आरोपी विशाल सिंह के बीच पिछले कुछ महीनों से गहरी दोस्ती थी. बीते 9 नवंबर की शाम करीब 7.15 बजे दोनों सतवाहिनी जमालपुर इलाके में एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान नशे की हालत में सोनू ने विशाल से सिगरेट मांग ली. इसी बीच दोनों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी.

अधिकारी ने बताया कि इस मामूला विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप अख्तियार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आपा खो चुके विशाल ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और सोनू को गोली मार दी. गोली लगने से सोनू की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से तुरंत फरार हो गया.

एसडीपीओ ने बताया कि हत्या के ठीक बाद आरोपी विशाल उसी रात डिमना चौक से बस पकड़कर बिहार के शेरघाटी भाग गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया था. टीम ने लगातार तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों के जरिए आरोपी की सुरागरसी की. शुक्रवार को जब आरोपी शेरघाटी से वापस लौट रहा था, तभी पुलिस ने सापड़ा पुल के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया.

कड़ी पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल और मोबाइल फोन को जब्त कर लिया है. पुलिस इस मामले में आरोपियों के अन्य सहयोगियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

इनपुट: आईएएनएस

यह भी पढ़ें: 726 पेटी शराब, 2 हथियार और 20 कारतूस बरामद, हजारीबाग पुलिस ने लूट और ट्रक ड्राइवर हत्याकांड का किया खुलासा

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES