SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कम जमीन में ज्यादा खेती, मचान के सहारे आत्मनिर्भर बन रही महिलाएं, हजारीबाग में किसान हो रहे मालामाल!

बांस के मचान सिर्फ बेल वाली सब्जियों को सहारा देने का तरीका भर नहीं हैं, बल्कि कम जगह में ज्यादा उपज लेने का व्यावहारिक रास्ता हैं. इससे एक तरफ जमीन का इस्तेमाल होता है, तो दूसरी तरफ हवा में बनी जगह भी काम आती है. नतीजा यह कि एक ही हिस्से में तीन-चार तरह की सब्जियां साथ-साथ तैयार हो जाती हैं.

Edited By Shailendra
Published: Nov 26, 2026, 10:44 IST | Updated: Nov 26, 2026, 10:54 IST
Image Credit: रासायनिक खेती छोड़, जैविक और प्राकृतिक खेती के आधुनिक तरीके से बदल रही जिन्दगी (Z News)
Join

छोटे खेत और सीमित साधन अब किसानों के लिए रुकावट नहीं, बल्कि कमाई बढ़ाने का रास्ता बन रहे हैं. हजारीबाग के विष्णुगढ़ इलाके में 'मचान खेती' इसी बदलाव की तस्वीर पेश कर रही है. यहां बांस और आसपास मिलने वाली साधारण चीजों से मचान बनाकर उस पर कई तरह की सब्जियां उगाई जा रही हैं. सबसे अहम बात यह है कि इस पूरे काम की कमान गांव की महिलाएं संभाल रही हैं.

इस काम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन भी साथ जुड़ा

विष्णुगढ़ प्रखंड के 11 गांवों में जन जागरण केंद्र खेती और पशुपालन के इन तरीकों के जरिए करीब दो हजार परिवारों को अपने पैरों पर खड़ा करने की कोशिश कर रहा है. इस काम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन भी साथ जुड़ा है.

देसी खाद और प्राकृतिक कीटनाशक बनाने की ट्रेनिंग

महिला किसान मधु कुमारी और उपासी देवी का कहना है कि सिर्फ मचान खड़ा कर देना ही काफी नहीं है. इसलिए महिलाओं को देसी खाद और प्राकृतिक कीटनाशक बनाने की ट्रेनिंग भी दी जा रही है. इसका सीधा फायदा यह है कि बाहर से महंगी चीजें खरीदने का खर्च घटता है, जमीन की उपजाऊ ताकत बची रहती है और फसल की गुणवत्ता भी सुधरती है.

बकरी और मुर्गी पालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा

महिला किसान कांती देवी ने कहा कि इस मुहिम की एक मजबूत कड़ी यह है कि महिलाओं को ट्रेनिंग देकर अकेला नहीं छोड़ा जा रहा, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों में भी हाथ बंटाया जा रहा है. गांवों में बने कृषि सहायता केंद्रों से बीज, खाद और मौके पर सलाह मिल रही है. इसके अलावा बकरी और मुर्गी पालन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि घर की आमदनी सिर्फ एक फसल या एक मौसम के भरोसे न रहे.

बेशक खेतों में दिखती हरियाली आंखों को सुकून देती है, लेकिन...

जन जागरण केंद्र के सचिव संजय कुमार सिंह ने कहा कि बेशक खेतों में दिखती हरियाली आंखों को सुकून देती है, लेकिन इस पूरी कोशिश की असली कसौटी यही होगी कि किसानों की जेब में कितना पैसा बचता है, उनकी कमाई कितनी बढ़ती है और वे आर्थिक रूप से कितने मजबूत होते हैं.

खेती सुधारने के लिए हमेशा बड़े रकबे या भारी-भरकम पूंजी की जरूरत नहीं होती

महिला किसान रीमा मरांडी का कहना है कि मचानों पर झूलती सब्जियां सिर्फ खेती का एक तरीका नहीं हैं, बल्कि उन महिलाओं की मेहनत और खुद कुछ कर दिखाने की जिद की कहानी हैं. यह उदाहरण दिखाता है कि खेती सुधारने के लिए हमेशा बड़े रकबे या भारी-भरकम पूंजी की जरूरत नहीं होती, सही समझ, स्थानीय संसाधन और मिलकर काम करने की आदत भी तस्वीर बदल सकती है.

रिपोर्ट: यदुवेंद्र मन्नू

यह भी पढ़ें: 20 करोड़ की लागत से बनी चमचमाती इमारत, पर न डॉक्टर न बिजली! आयुष अस्पताल के उद्घाटन से क्यों विधायक सरयू राय ने बनाई दूरी?

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES