SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सांसद ढुल्लू महतो की बेटी की शाही शादी के बीच सियासी घमासान, गरीबों के घर तोड़े जाने पर कांग्रेस-बीजेपी आमने-सामने

बिहार के मोकामा में छोटे सरकार के नाम से चर्चित अनंत सिंह की बेटी की शादी जहां देशभर में चर्चा का विषय बनी हुई है. वहीं, कोयलांचल में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो की बेटी की शादी को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है. शादी की भव्य तैयारियों और 40 हजार निमंत्रण कार्ड छपवाने की चर्चा के बीच कांग्रेस ने 30 करोड़ रुपये के DMFT फंड से 7 किलोमीटर सड़क निर्माण पर सवाल खड़े किए हैं.

Edited By Shailendra
Published: Nov 17, 2026, 16:42 IST | Updated: Nov 17, 2026, 16:52 IST
Image Credit: सांसद की बेटी की शाही शादी पर सियासी संग्राम (Photo-वीडियो ग्रैब)
Join

धनबाद सांसद ढुल्लू महतो की बेटी की शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. शादी को भव्य बनाने के लिए बड़े पैमाने पर इंतजाम किए जा रहे हैं. चर्चा है कि समारोह के लिए करीब 40 हजार निमंत्रण कार्ड छपवाए गए हैं. मगर, शादी की तैयारियों के बीच अब DMFT फंड से सड़क निर्माण और गरीबों के घर तोड़े जाने का मामला राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है.

कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह ने आरोप लगाया कि 30 करोड़ रुपये के DMFT फंड से करीब 7 किलोमीटर सड़क बनाई जा रही है. सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के नाम पर गरीब परिवारों के घर आनन-फानन में तोड़ दिए गए. उन्होंने सवाल उठाया कि विकास का काम जरूर होना चाहिए, लेकिन क्या इसकी कीमत गरीबों को अपना आशियाना गंवाकर चुकानी पड़ेगी? संतोष सिंह ने जिला प्रशासन पर भी चुप्पी साधने का आरोप लगाया और DMFT फंड के इस्तेमाल को लेकर जवाब मांगा.

कांग्रेस के आरोपों के बाद अब बीजेपी भी मैदान में उतर गई है. बाघमारा पहुंचे हजारीबाग और बड़कागांव के बीजेपी विधायकों ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला. बीजेपी विधायकों ने कहा कि कांग्रेस को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए. कांग्रेस दिनोंदिन समाप्त होती जा रही है और अब बेटी की शादी को भी राजनीति का मुद्दा बना रही है. बीजेपी नेताओं ने सवाल उठाया कि आखिर कांग्रेस बार-बार बाघमारा में चुनाव क्यों हार रही है?

बाघमारा पहुंचे बड़कागांव विधायक रोशनलाल चौधरी ने कांग्रेस के आरोपों को ओछी राजनीति करार दिया. उन्होंने कहा कि विकास का काम कहीं भी हो, उस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए. विकास कार्यों को राजनीतिक चश्मे से देखने के बजाय उसका समर्थन करना चाहिए. बीजेपी विधायक ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि शादी जैसे पारिवारिक आयोजन को राजनीतिक विवाद का विषय बनाना उचित नहीं है.

सांसद की बेटी की शादी की तैयारियां अपनी रफ्तार से जारी हैं, लेकिन शादी को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. कांग्रेस DMFT फंड और गरीबों के टूटे आशियाने पर जवाब मांग रही है, तो बीजेपी इसे कांग्रेस की राजनीतिक हताशा बता रही है. अब बड़ा सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन DMFT फंड से हुए सड़क निर्माण और प्रभावित परिवारों के मामले में स्थिति स्पष्ट करेगा, या फिर शाही शादी का यह मुद्दा आने वाले दिनों में भी धनबाद की राजनीति को गरमाता रहेगा?

रिपोर्ट: नितेश मिश्रा

यह भी पढ़ें: 'पोक्सो एक्ट का केस और खुलेआम घूम रहे विधायक', भूषण बाड़ा मामले पर झारखंड की सियासत में भूचाल, BJP-JMM आमने-सामने

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES