)
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले के झरिया में एक बार फिर जमीन धंसने की घटना से हड़कंप मच गया है. लोदना क्षेत्र के बरारी छह नंबर बस्ती में गुरुवार को जोरदार धमाके के साथ अचानक जमीन धंस गई. भू-धंसान के बाद जमीन पर गहरी दरारें पड़ गईं. इन दरारों से जहरीला धुआं निकलने के साथ आग की लपटें भी दिखाई दीं. इस घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों को आशंका है कि जमीन के नीचे लगी आग और जहरीली गैस का खतरा आने वाले समय में बढ़ भी सकता है.
भू-धंसान वाली जगह के पास से लक्ष्मी कॉलोनी को जोड़ने वाली मुख्य सड़क भी गुजरती है. ऐसे में स्थानीय लोगों को डर है कि अगर जमीन धंसने का दायरा बढ़ा तो सड़क भी इसकी चपेट में आ सकती है. इस इलाके में आवागमन प्रभावित होने के साथ किसी बड़े हादसे का खतरा पैदा हो सकता है. लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन से जल्द से जल्द सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है.
स्थानीय नेता सबूर गोराई ने इस घटना के पीछे अवैध कोयला खनन और कथित अवैध सुरंगों को जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने BCCL प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में जमीन के नीचे
लागातार गैस का खतरा बना हुआ है. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि समय के साथ यदि प्रभावी कदम नहीं उठाए जाए तो स्थिती और भी गंभीर हो सकती है.
इस घटना की सूचना मिलने के बाद बीसीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और प्रभावीत क्षेत्र का निरीक्षण किया. प्रबंधन की ओर से भू-धंसान वाले इलाके में भराई कराने का आश्वासन दिया गया है. हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल भराने से समस्या का समाधान नहीं होगा. उनका कहना है कि सबसे पहले जमीन के नीचे की स्थिति की जांच कर आग और जहरीली गैस के खतरे को खत्म करना जरूरी है.
रिपोर्ट: नितेश कुमार मिश्रा