पनीर टिक्का के ऑर्डर में हुई जरा सी देर और कस्टमर ने चाकू से काट दिया स्टाफ का गला, रांची में खौफनाक वारदात
झारखंड की राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र में 17 नवंबर मंगलवार की शाम हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस इन्वेस्टिगेशन में जो बात सामने आई है, वह बेहद चौंकाने वाली है. दरअसल, पनीर टिक्का के ऑर्डर में हुई देर स्टाफ की मौत की वजह बनी.
झारखंड की राजधानी रांची में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. धुर्वा थाना क्षेत्र के जेपी मार्केट स्थित 'टेस्टी अंदाज फूड कॉर्नर' में मंगलवार, 17 नवंबर की रात एक मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. यहां एक ग्राहक और फूड कॉर्नर में काम करने वाले कारीगर अजय दास के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने धारदार हथियार से अजय दास का गला रेत दिया. इस हमले में कारीगर की मौके पर ही मौत हो गई.
रोजमर्रा की तरह चल रहे फूड कॉर्नर में अचानक हुई इस वारदात से मचा हड़कंप
घटना के बाद जेपी मार्केट इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया. रोजमर्रा की तरह चल रहे फूड कॉर्नर में अचानक हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों को सकते में डाल दिया. मामूली कहासुनी के बाद इस तरह की खौफनाक हत्या ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि, मामले में कार्रवाई करते हुए रांची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
चाकूबाजी से स्टाफ की मौत, जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, रांची के धुर्वा स्थित जेपी मार्केट के एक वेज रेस्टोरेंट 'टेस्टी अंदाज' में मंगलवार देर शाम के वक्त एक वर्कर और कस्टमर के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ. बताया जा रहा है कि कस्टमर नशे की हालत में था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि कस्टमर ने दुकान में रखे चाकू से वर्कर की गर्दन पर हमला कर दिया.
युवक गिरिडीह का रहने वाला था और रांची में करता था काम
हमले में वर्कर गंभीर रूप से घायल हो गया. आनन-फानन में उसे इलाज के लिए पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक युवक गिरिडीह का रहने वाला था और रांची में रहकर इसी रेस्टोरेंट में काम करता था.
पुलिस ने अब पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई थी. पुलिस ने अब पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
रिपोर्ट: कामरान जलीली
यह भी पढ़ें: चतरा के प्रतापपुर में जंगल से मिली जली हुई लाश, देखकर कांप जाएगी रूह