वोट चोरी पर आर-पार: कांग्रेस चलाएगी गांव, पंचायत और जिला स्तर पर लोगों को जागरूक करने का अभियान
त्योहारों पर व्यापारियों के विरोध को देखते हुए राहुल गांधी ने अपने आंदोलन को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया है. दिवाली से पहले एक बार फिर आंदोलन की आवाज बुलंद करने की कोशिश की जाएगी. इसे लेकर सभी प्रदेशों की इकाइयों को सक्रिय कर दिया गया है.
आलाकमान के निर्देश पर झारखंड कांग्रेस 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान को सफल बनाने में जुटी हुई है. इसके लिए पार्टी ने बाकायदा सभी जिलों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है. गांव, पंचायत और जिला स्तर पर लोगों को वोट चोरी के खिलाफ जागरूक करने का काम करेंगे. पार्टी नेताओं का कहना है कि यह अभियान तब तक चलेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार को हटाया नहीं जाता और चुनाव प्रक्रिया में सुधार नहीं किया जाता. वहीं, भारतीय जनता पार्टी की ओर से कांग्रेस पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया जा रहा है. भाजपा ने कांग्रेस नेताओं को जनता का दिल जीतने की सलाह दी है.
25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक 'वोट बचाओ, देश बचाओ' चौपाल
दो महीने तक चलने वाले 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत कांग्रेस नेता अपने चरणबद्ध आंदोलन की अगली कड़ी में 25 अक्टूबर से 25 नवंबर तक 'वोट बचाओ, देश बचाओ' चौपाल आयोजित करेंगे. इस अभियान के लिए पार्टी आलाकमान ने 208 पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है. वे हर जिले, ब्लॉक, पंचायत और गांव-गांव जाकर लोगों को बताएंगे कि ज्ञानेश कुमार किस तरह वोट चोरी करा रहे हैं. इससे संविधान की हत्या की जा रही है. इस कार्यक्रम के जरिए देश की भोली-भाली जनता को रोकने की जो साजिश हो रही, उसके पर्दाफाश के लिए ये अभियान चलाया जा रहा है.
देश में जो हो रहा है, वो लोकतंत्र के लिए घातक: मनोज पांडेय
कांग्रेस के इस अभियान को लेकर झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने कहा, अब देश के हर नागरिक को जागरूक होना होगा. इस देश में जो हो रहा है, वो लोकतंत्र के लिए घातक है और इसके लिए सभी लोगों को सड़कों पर आना होगा. केंद्र में तानाशाह सरकार है. उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक की ओर से लोगों को साथ लेकर दबाव बनाया जाएगा, जिससे सरकार को झुकना पड़ेगा.
सत्ता पलटकर सत्ता में आना चाहते हैं: राहुल गांधी
कांग्रेस के इस अभियान पर भाजपा विधायक नवीन जायसवाल ने कहा, दशकों से हार का सामना करती आ रही है. अब फ्रस्टेट होकर इस तरह का अभियान लाकर भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया जारहा है. उनको जनता के बीच जाकर सेवा भाव से लगना चाहिए. देश की जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है. वो सत्ता पलटकर सत्ता में आना चाहते हैं. हसीन सपने देख रहे हैं पर इस देश की जनता वोट से, एक-एक मत से सरकार बनाती और गिराती है. उनको जनता के बीच जाकर दिल जीतने का काम करना चाहिए, न कि षड्यंत्र करने का काम करना चाहिए.
कम्युनिस्टों के निर्देशन में काम कर रहे राहुल: दीपक प्रकाश
बीजेपी नेता दीपक प्रकाश ने कहा, पूरे देश में राष्ट्रवाद की शक्तियां पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत को विकसित भारत बनाने का काम कर रही है. दूसरी तरफ, ऐसी कई शक्तियां हैं, जो भारत के अंदर रहकर अंतरराष्ट्रीय साजिश के तहत देश की सामाजिक समरसता को तोड़ना और अराजकता लाना चाहती हैं. देश के आर्थिक विकास में अवरोध पैदा करना चाहता है, जिनके नेता राहुल गांधी हैं. उन्होंने बताया कि राहुल गांधी को कम्युनिस्टों का समर्थन प्राप्त है और उन्हीं के वैचारिक निर्देशन में वे काम कर रहे हैं.