)
रांची के हटिया विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा एक गंभीर विवाद में घिर गए हैं. एक लड़की ने विधायक पर यौन शोषण और जबरन गर्भपात कराने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं. इस मामले में पीड़िता ने धुर्वा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए धुर्वा थाने में पुलिस के आला अधिकारियों का जमावड़ा लगा रहा. शिकायत दर्ज कराते वक्त हटिया डीएसपी और धुर्वा थाना प्रभारी समेत कई अन्य पुलिस पदाधिकारी भी थाने में मौजूद रहे.
पीड़ित लड़की ने मीडिया और पुलिस के सामने बेहद सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि विधायक भूषण बाड़ा सिर्फ उसी के साथ नहीं, बल्कि कई अन्य लड़कियों के साथ भी इस तरह की घिनौनी हरकतें कर चुके हैं. लड़की के अनुसार, पढ़ाई या अन्य अवसरों के नाम पर लड़कियों को लाया जाता है और फिर उनका यौन शोषण किया जाता है.
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने इस सबका विरोध किया, तो विधायक की तरफ से उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं, जिससे डरी-सहमी पीड़िता आखिरकार न्याय की गुहार लगाने थाने पहुंची.
फिलहाल, पुलिस पीड़िता के बयान और लिखित शिकायत के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है. इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद इलाके की राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ गई है.
हटिया डीएसपी नीरज कुमार ने कहा कि पीड़िता ने बताया कि स्कूल में प्रवेश दिलाने के नाम पर बुलाया गया था. वह विधायक के घर में रुकी थी. उन्होंने कहा कि विधायक के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत एफआईर दर्ज कर ली गई.
कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक नाबालिग लड़की की तरफ से यौन शोषण का आरोप लगाए जाने के बाद से विधायक पर कार्रवाई की मांग को लेकर बीजेपी ने रांची स्थित धुर्वा थाने का घेराव किया. बीजेपी की मांग है कि आरोपी विधायक की गिरफ्तारी हो, उनकी विधानसभा की सदस्यता समाप्त की जाए और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए.
रिपोर्ट: कमरान जलीली