'टूलकिट के रूप में काम कर रहे हैं राहुल गांधी', रांची में बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा हमला
झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी पर तगड़ा प्रहार किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी आज टूलकिट के तौर पर काम कर रहे हैं.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रांची में झारखंड बीजेपी वर्किंग कमेटी की मीटिंग में शामिल हुए. इस दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. साथ ही उन्होंने विपक्ष पर तगड़ा प्रहार किया. नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष के लोगों को भारत के विकास की गति पच नहीं रही है. देश की 140 करोड़ की जनता का विश्वास नरेंद्र मोदी पर है. ऐसे समय में हमें भी अपनी जवाबदेही को निभाना है. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज इस देश में चर्चा होती है कि संवैधानिक संस्थाओं को चैलेंज किया जा रहा है. कांग्रेस ने संविधान को तार-तार किया है. लोकतंत्र को कांग्रेस ने खत्म करने का प्रयास किया, इमरजेंसी लगाकर.
नितिन नवीन ने कहा कि विदेशी ताकतों से मिलकर देश के लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है. हम संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करते हैं. एसआईआर की बात कांग्रेस करती है, हमारे बिहार में भी एसआईआर हुआ, कहीं कोई गड़बड़ी नहीं हुई.
झारखंड बीजेपी वर्किंग कमेटी की मीटिंग में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि बिहार में एसआईआर के समय दावा-आपत्ति की समयावधि में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दावा-आपत्ति दर्ज नहीं की. क्या आपके कार्यकर्ता सोए हुए थे? उन्होंने कहा कि बिहार में वोटर अधिकार यात्रा निकाली, नतीजा यह हुआ कि जनता ने बिहार में नकार दिया. ये लोग केवल घुसपैठियों को बचाना चाहते हैं. हम लोग इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं.
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आगे कहा कि हमारे नेतृत्व पर न नीयत का सवाल है, न नीति का. हम पूरी ताकत के साथ जनता के बीच में जाएंगे. कांग्रेस नेता रांची में जब छात्रों का आंदोलन चल रहा था, तो बोलने को तैयार नहीं थे. वे लोग छात्रों के मुद्दों की बात करते हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राज में माफिया राज चलता था. हम लोगों ने मेडिकल कॉलेजों में सीटें बढ़ाने का काम किया. एक समय में जब कांग्रेस की सरकार थी, तो मात्र 50,000 छात्र निकलते थे. आज हमारे राज में डेढ़ लाख छात्र निकलते हैं.
नितिन नवीन ने कहा कि झारखंड सरकार ने भर्ती में चुनाव के पहले भी खेल खेला था, चुनाव के बाद भी खेल खेला. हम सरकार में रहें या न रहें, लेकिन मुद्दों की लड़ाई को नहीं छोड़ेंगे. हर मुद्दे की लड़ाई, मंडल से लेकर जिला स्तर और राज्य स्तर पर ले जाएंगे. हमें यह प्रयास करना होगा कि सरकार के खिलाफ हम कैसे एंटी-इंकम्बेंसी पैदा करें, ताकि जनता हमारे साथ खड़ी हो.
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं के संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड सरकार कानून व्यवस्था के मामले पर पूरी तरह से फेल है. इस पर वह ध्यान नहीं दे रही है. हमें इसे उठाना चाहिए. उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज राहुल गांधी टूलकिट के रूप में काम कर रहे हैं. कुछ लोग सीजेपी के नाम पर देश में बांग्लादेश की तरह अस्थिरता पैदा करना चाहते थे.
यह भी पढ़ें: रांची मेरे लिए दूसरा घर, झारखंड में भाजपा को लेकर बड़ी उम्मीदें: नितिन नवीन