)
Breaking News LIVE Updates: शनिवार 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. उनके कार्यक्रम के बारे में आपको विस्तार से बताते हैं.
पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी का कार्यक्रम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल के खड़गपुर पहुंचेंगे, जहां वह IIT खड़गपुर के प्लैटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे. IIT खड़गपुर की स्थापना 1951 में हुई थी. पीएम यहां संस्थान की 75 साल की यात्रा से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और छात्रों को संबोधित करेंगे.
बिहार में 34,470 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट: पश्चिम बंगाल के बाद पीएम मोदी बिहार के वैशाली जाएंगे. यहां वह करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. इनमें सड़क, ऊर्जा, शहरी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं. पीएम करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने नितीश सेतु को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे.
नितीश सेतु से बदलेगी कनेक्टिविटी: गंगा पर बना नितीश सेतु करीब 19.7 किलोमीटर लंबा है. इसमें 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर के एप्रोच रोड शामिल हैं. इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवाजाही आसान होने और पुराने पुलों पर यातायात का दबाव कम होने की उम्मीद है.
लखनऊ में कौशल दीक्षांत समारोह: बिहार के बाद प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश जाएंगे. लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में वह पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. इस दौरान ITI, NSTI और अन्य कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा.
SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग पर भी नजर: प्रधानमंत्री मोदी ने 20 नवंबर को दिल्ली के पुराना किला में पहले SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम का उद्घाटन किया. यह पहल SCO देशों के बीच सभ्यतागत, सांस्कृतिक और आपसी संवाद को आगे बढ़ाने से जुड़ी है.
भारत-नेपाल रिश्तों में भी अहम दिन: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह 22-23 नवंबर को भारत की राजकीय यात्रा पर आ रहे हैं. भारत यात्रा के दौरान उनकी प्रधानमंत्री मोदी के साथ बातचीत होगी. दोनों नेता भारत-नेपाल संबंधों के विभिन्न पहलुओं के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
पीएम मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली के पुराना किला में प्रथम शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सिविलाइजेशनल संवाद फोरम का उद्घाटन किया था. इस मौके पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने गणमान्य व्यक्तियों, एससीओ के सदस्य देशों के मंत्रियों, राजदूतों, उच्चायुक्तों, विद्वानों, कलाकारों और अतिथियों का स्वागत किया. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऐसे समय में, जब वैश्विक चर्चाओं में युद्ध और अशांति का मुद्दा प्रमुखता से छाया हुआ है, सभ्यतागत संबंधों पर संवाद का आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि वैश्विक शांति के लिए सबसे मजबूत गारंटी सांस्कृतिक जुड़ाव ही हैं. उन्होंने कहा कि शंघाई सहयोग संगठन की 25वीं वर्षगांठ तथा सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और संपर्क के क्षेत्रों में बढ़ते सहयोग की पृष्ठभूमि में इस संवाद का आयोजन और भी महत्वपूर्ण हो जाता है. क्योंकि हमारे साझा सभ्यतागत अनुभव दुनिया को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे.' आज भी इस मंच से अहम चर्चा होगी.
प्रधानमंत्री मोदी आज शाम को पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे. शैक्षणिक सत्र 2021-22 में शुरू हुआ कौशल दीक्षांत समारोह कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्टता को मान्यता देने और प्रशिक्षित युवाओं के प्रशिक्षण से कार्य-जगत में प्रवेश के अवसर को उत्सव के रूप में मनाया जाने वाला एक वार्षिक राष्ट्रीय मंच बनकर उभरा है. अपनी शुरुआत से ही इस समारोह में कौशल विकास इकोसिस्टम के अखिल भारतीय टॉपर्स और उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वालों को सम्मानित किया जाता रहा है। इससे व्यावसायिक शिक्षा और कुशल आजीविका के प्रति गौरव, उपलब्धि और आकांक्षा की भावना को बढ़ावा मिला है.
इस साल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीओटी) के राष्ट्रीय स्तर के 52 टॉपर्स को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा.
पीएम मोदी बिहार के वैशाली जाएंगे. जहां विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे. बिहार में भी पीएम मोदी का संबोधन होगा.
प्रधानमंत्री सुबह लगभग 9:45 बजे आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में भाग लेंगे. इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी करेंगे. वे संस्थान की 75 वर्षों की यात्रा के प्रतीक के रूप में आईआईटी खड़गपुर के 75 विद्यार्थियों के साथ संवाद भी करेंगे. 1951 में स्थापित आईआईटी खड़गपुर देश में स्थापित होने वाला पहला भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) था. राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त इस संस्थान ने भारत में तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को आगे बढ़ाने में अग्रणी भूमिका निभाई है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तीन राज्यों के दौरे पर हैं. पीएमओ से जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक सबसे पहले वो बंगाल में जाएंगे. आगे उनका बिहार दौरा है, जहां वो कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे. इसके बाद शाम को पीएम मोदी लखनऊ के एक आयोजन में शिरकत करेंगे. तीनों राज्यों में उनका संबोधन होगा.